क्या पतंजलि फूड्स के शेयरधारकों को मिलेगा दूसरा डिविडेंड? इस दिन होगी घोषणा, जानें- बोर्ड की बैठक की तारीख
Patanjali Foods Dividend: कंपनी ने इस कॉरपोरेट एक्शन पर विचार करने के लिए मंगलवार 21 अप्रैल को बोर्ड बैठक की तारीख तय की है. पतंजलि फूड्स के शेयर हाल ही में दबाव में रहे हैं, क्योंकि 2026 में अब तक यह स्टॉक 16 फीसदी से अधिक गिरा है.
Patanjali Foods Dividend: पतंजलि फूड्स के बोर्ड की बैठक इस महीने के आखिर में होने वाली है, जिसमें दूसरे अंतरिम डिविडेंड पर विचार किया जाएगा और उसे मंजूरी दी जाएगी. कंपनी ने सोमवार 13 अप्रैल को एक एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी. कंपनी ने इस कॉरपोरेट एक्शन पर विचार करने के लिए मंगलवार 21 अप्रैल को बोर्ड बैठक की तारीख तय की है.
अंतरिम डिविडेंड पर विचार
बाबा रामदेव के नेतृत्व वाली FMCG कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, ‘कंपनी का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स मंगलवार, 21 अप्रैल 2026 को होने वाली अपनी बैठक में अन्य बातों के अलावा, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी के शेयरधारकों को दूसरे अंतरिम डिविडेंड की घोषणा पर विचार करेगा.’
कंपनी ने आगे बताया कि अंतरिम डिविडेंड के भुगतान के लिए शेयरधारकों की पात्रता तय करने की रिकॉर्ड डेट शनिवार, 25 अप्रैल 2026 होगी, बशर्ते बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी मिल जाए.
किसे मिलेगा डिविडेंड?
इसका मतलब है कि अगर अंतरिम डिविडेंड की घोषणा होती है, तो निवेशकों को इसका हकदार बनने के लिए 25 अप्रैल से पहले Patanjali Foods के शेयर खरीदने होंगे. चूंकि 25 अप्रैल को शनिवार है तो शेयर बाजार की छुट्टी है, इसलिए इस FMCG स्टॉक को खरीदने का आखिरी दिन 23 अप्रैल होगा, क्योंकि भारतीय शेयर बाजार T+1 सेटलमेंट सिस्टम को फॉलो करता है.
Patanjali Foods की डिविडेंड हिस्ट्री
Trendlyne के डेटा के अनुसार, Patanjali Foods ने एक साल में प्रति शेयर 3.75 रुपये का इक्विटी डिविडेंड घोषित किया है. मौजूदा कीमत पर Patanjali Foods का डिविडेंड यील्ड सिर्फ 0.82% है. Patanjali Foods द्वारा घोषित पिछला डिविडेंड 1.75 रुपये था, जिसके लिए रिकॉर्ड डेट 13 नवंबर तय की गई थी. कंपनी ने पिछले साल 2:1 के रेश्यो में बोनस इश्यू भी जारी किया था.
पतंजलि फूड्स के शेयर की कीमत का ट्रेंड
पतंजलि फूड्स के शेयर हाल ही में दबाव में रहे हैं, क्योंकि 2026 में अब तक यह स्टॉक 16 फीसदी से अधिक गिरा है. इसने BSE के बेंचमार्क सेंसेक्स और BSE FMCG इंडेक्स से खराब प्रदर्शन किया है. इसी अवधि में इन दोनों इंडेक्स में क्रमशः 8% और 10.8% की गिरावट आई है. इस बीच, पिछले छह महीनों में स्टॉक में 22% की गिरावट आई है, और एक साल में यह 28% टूटा है.
कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन
दिसंबर 2025 में समाप्त हुई पिछली तिमाही में, खाद्य तेल बनाने वाली इस कंपनी ने अपने कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफे में 60 फीसदी की वृद्धि दर्ज की. यह मुनाफा पिछले साल की इसी अवधि के 370.88 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 593.44 करोड़ रुपये हो गया. एक रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, इस तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 10,541.12 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 9,020.38 करोड़ रुपये थी.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Opening Bell: RBI MPC के फैसले से पहले सेंसेक्स 450 अंक से अधिक गिरा, निफ्टी 22,650 के नीचे
Stocks to Watch Today: Titan समेत इन शेयरों पर रहेगी नजर, नतीजों से लेकर डील तक आए कई बडे अपडेट
RIL Share Price: Jio IPO की उम्मीद से 2.7 फीसदी उछला शेयर, Jefferies ने बढ़ाया दांव
