पावर स्टॉक्स में तेजी! 100 रुपये से सस्ते इस दिग्गज स्टॉक में 5% की उछाल, क्यों निवेशकों ने दिखाया भरोसा
देश में बढ़ती बिजली मांग और गर्मी के मौसम के आहट के बीच पावर सेक्टर के शेयरों में तेजी देखी जा रही है. Inox Wind के शेयर 5% चढ़े, जबकि निफ्टी एनर्जी इंडेक्स भी मजबूत हुआ. निवेशक बढ़ती ऊर्जा जरूरत को देखते हुए इस सेक्टर में रुचि दिखा रहे हैं.
गर्मी के मौसम से पहले ही देश में बिजली की मांग बढ़ने लगी है और इसका असर शेयर बाजार में भी साफ दिख रहा है. पावर सेक्टर के शेयरों में खरीदारी तेज हुई है, जिससे इनोक्स विंड जैसे स्टॉक्स में अच्छी तेजी देखने को मिली. बढ़ती मांग और निवेशकों की दिलचस्पी ने इस सेक्टर को फिर से फोकस में ला दिया है.
INOX Wind Share Price
शुक्रवार को निफ्टी एनर्जी इंडेक्स 0.72% की बढ़त के साथ 35,916.65 अंक पर बंद हुआ. इस तेजी का असर इनोक्स विंड के शेयरों पर भी देखने को मिला, जो करीब 5% चढ़कर 82 रुपये के आसपास बंद हुए. दिनभर के कारोबार में इसमें मजबूत खरीदारी देखी गई. हालांकि, अगर पिछले तीन महीनों की बात करें तो इस स्टॉक में करीब 36% की गिरावट आ चुकी है. ऐसे में मौजूदा तेजी को रिकवरी के तौर पर भी देखा जा रहा है.
बाजार में आई इस मजबूती के पीछे निवेशकों की बढ़ती रुचि और सेक्टर में सकारात्मक संकेत माने जा रहे हैं.
देश में बिजली की बढ़ती मांग
पावर मंत्रालय द्वारा 16 मार्च को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता 5,20,511 मेगावाट पहुंच चुकी है. सरकार पिछले कुछ वर्षों से देश को बिजली की कमी वाले देश से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है. वित्त वर्ष 2025-26 में फरवरी तक देश की ऊर्जा जरूरत 15,59,936 मेगावाट रही, जबकि सप्लाई भी लगभग बराबर 15,59,482 मेगावाट रही.
यह भी पढ़ें: तेल संकट का असर दिखना शुरू! 2 रुपये बढ़े प्रीमियम पेट्रोल के दाम, लेकिन नॉर्मल रेट में कोई इजाफा नहीं
क्यों बढ़ रही है पावर सेक्टर में दिलचस्पी
गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने की उम्मीद है. इसके अलावा एलपीजी संकट के चलते लोग इलेक्ट्रिक उपकरणों का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं. वहीं, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के वजह से गैस और कच्चे तेल की सप्लाई भी प्रभावित हुई है, जिससे पावर सेक्टर की अहमियत और बढ़ गई है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
