मार्केट में एंट्री लेते ही प्रीमियर एनर्जीज ने निवेशकों को किया मालामाल, पहले दिन दिया 120% का रिटर्न
इस इश्यू के लिए 4.41 करोड़ शेयरों के मुकाबले 332.78 करोड़ इक्विटी शेयरों की बोली लगाई गई. रिटेल कैटेगरी में 7.44 गुना ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला.

प्रीमियर एनर्जीज ने मार्केट में आते ही अपना दबदबा दिखाना शुरू कर दिया है. आज शेयर बाजार में इसकी शानदार ओपनिंग रही. NSE पर यह 990 रुपये में लिस्ट हुआ, जबकि BSE पर यह 991 रुपये में लिस्ट हुआ. इसके शेयर ने अपने आईपीओ मूल्य 450 रुपये में 120% की बढ़ोतरी की है.
सोलर सेल और मॉड्यूल निर्माता इस कंपनी ने 27 अगस्त से 29 अगस्त 2024 के बीच अपना सब्सक्रिप्शन लॉन्च किया था. इस आईपीओ को कंपनी ने 2,830.40 करोड़ रुपये जुटाने के लिए लाया था. इसके प्राइस बैंड 427 से 450 रुपये प्रति शेयर के बीच तय किया गया था.
27 से 29 अगस्त के दौरान आईपीओ को जबर्दस्त सब्सक्रिप्शन मिला, 75 गुना बोली लगाई गई. इस इश्यू के लिए 4.41 करोड़ शेयरों के मुकाबले 332.78 करोड़ इक्विटी शेयरों की बोली लगाई गई. रिटेल कैटेगरी में 7.44 गुना ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स कोटा में 50.98 गुना सब्सक्राइब हुआ. क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) कोटा में 212.42 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, और एम्पलॉयी हिस्से में 11.32 गुना सब्सक्रिप्शन मिला.
कंपनी के बारे में
प्रीमियर एनर्जीज लिमिटेड सौर ऊर्जा उद्योग में एक प्रमुख कंपनी है. इसकी स्थापना 1995 में हुई थी. इंटीग्रेटेड सोलर सेल और पैनल बनाने में इसकी विशेषज्ञता है. कंपनी मोनोफेशियल और बाइफेशियल दोनों प्रकार के सौर मॉड्यूल बनाती है. साथ ही EPC (इंजीनियरिंग, खरीद, और निर्माण) और O&M (संचालन और रखरखाव) सेवाएं भी प्रदान करती है.
प्रीमियर एनर्जीज ने वित्त वर्ष 21 और वित्त वर्ष 23 के बीच 42.71% CAGR (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) दर्ज की. वित्त वर्ष 2024 में कंपनी की गति में तेजी आई और राजस्व 120% बढ़कर 3,143 करोड़ हो गया. इस साल कंपनी ने 231 करोड़ रुपये का बेहतरीन लाभ दर्ज किया, जिससे पिछले साल हुए 13.3 करोड़ के नुकसान की भरपाई करने में आसानी हुई.