डिविडेंड किंग है राधाकिशन दमानी का ये फेवरेट स्‍टॉक, कंपनी पर नहीं एक रुपये का भी कर्ज, अभी 34% सस्‍ते में मिल रहा शेयर

राधाकिशन दमानी का पसंदीदा VST Industries एक कर्जमुक्त और मजबूत डिविडेंड देने वाला स्टॉक है, जिसमें वह लंबे समय से निवेशित है. गिरते बाजार के बीच दमदार फंडामेंटल वाला ये स्‍टॉक निवेशकों का ध्‍यान खींच रहा है. तो कितनी है इसकी वर्तमान कीमत, कंपनी कितनी है दमदार जानें डिटेल.

VST Industries share price Image Credit: canva/AI image

Radhakishan Damani Portfolio: कच्‍चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक तनाव के चलते भले ही शेयर बाजार आजकल गोते लगा रहा हो, लेकिन इस बीच भी कुछ शेयर अपनी पकड़ बनाए रखने में जुटे हैं. ऐसा ही एक शेयर है, VST Industries Ltd. इसमें दिग्‍गज निवेशक राधाकिशन दमानी की हिस्‍सेदारी है. वो लंबे समय से इसमें बने हुए हैं. कंपनी की मजबूत डिविडेंड यील्‍ड कैपेसिटी और इसका कर्जमुक्‍त होना इसे खास बनाता है. यही वजह है कि निवेशकों की नजरें इस पर टिकी हुई है.

कैसे हुई शुरुआत?

VST Industries की शुरुआत 1930 में वजीर सुल्तान टोबैको कंपनी के रूप में हुई थी. आज यह ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको Plc. की एसोसिएट कंपनी है, जो वैश्विक सिगरेट उद्योग की दिग्गज कंपनियों में गिनी जाती है. कंपनी सिगरेट, टोबैको और उससे जुड़े उत्पादों के मैन्युफैक्चरिंग और ट्रेडिंग कारोबार में सक्रिय है. करीब 3,719 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली VST Industries घरेलू सिगरेट बाजार की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी मानी जाती है. वॉल्यूम के आधार पर इसकी बाजार हिस्सेदारी करीब 8 प्रतिशत है.

कितनी है हिस्‍सेदारी?

रिर्पोट के मुताबिक इस शेयर में दिग्‍गज निवेशक राधाकिशन दमानी करीब मार्च 2016 से निवेशित हैं, यानी यह उनकी करीब एक दशक पुरानी होल्डिंग है. फिलहाल उनके पास कंपनी में लगभग 29.1 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसकी वैल्यू करीब 1,078 करोड़ रुपये आंकी गई है. इतने लंबे समय तक किसी शेयर में बने रहना अपने आप में भरोसे का बड़ा संकेत माना जाता है.

डिविडेंड देने की धनी

फंडामेंटल्स की बात करें तो VST Industries उन चुनिंदा कंपनियों में शामिल है, जो मजबूत बैलेंस शीट के दम पर अलग पहचान बनाती हैं. कंपनी पूरी तरह कर्जमुक्त है, यानी उस पर ब्याज भुगतान का बोझ नहीं है. मौजूदा समय में इसका ROCE करीब 21 प्रतिशत है, जो उद्योग के औसत के बराबर है. यानी कंपनी अपनी पूंजी का इस्तेमाल प्रभावी तरीके से कर रही है.

VST Industries की एक और बड़ी ताकत इसका डिविडेंड है. कंपनी की मौजूदा डिविडेंड यील्ड 4.5 प्रतिशत है, जो इंडस्ट्री मेडियन 0.8 प्रतिशत से काफी ज्यादा है. आसान शब्दों में कहें तो हर 100 रुपये के निवेश पर कंपनी सालाना करीब 4.5 रुपये डिविडेंड के रूप में दे रही है, जबकि इसके कई प्रतिस्पर्धी 1 रुपये के आसपास भी नहीं दे पा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: आज से कोल इंडिया की सब्‍सिडियरी CMPDI के IPO में दांव का मौका, 1842 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी, GMP ₹22 से ₹4 पर पहुंचा

वित्‍तीय प्रदर्शन

कारोबार के मोर्चे पर देखें तो FY20 में कंपनी की बिक्री 1,239 करोड़ रुपये थी, जो FY25 में बढ़कर 1,398 करोड़ रुपये हो गई. अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच कंपनी ने 1,007 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की. FY26 के दिसंबर 2025 तक के 9 महीनों में कंपनी का EBITDA 242 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 175 करोड़ रुपये रहा.

शेयर का हाल

शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो मार्च 2021 में VST Industries का शेयर भाव बोनस इश्यू के हिसाब से एडजस्ट करने पर करीब 302 रुपये था. 19 मार्च को यह 218.20 रुपये पर बंद हुआ. यानी शेयर अपने 52 हफ्तों के निचले स्तर 212.90 रुपये के काफी करीब ट्रेड कर रहा है. वहीं यह अपने ऑल टाइम हाई 334 रुपये से करीब 34.73% डिस्काउंट पर है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.