रिलायंस पावर के खिलाफ US एक्जिम बैंक ने फाइल की इन्सॉल्वेंसी पिटीशन, शेयरों में गिरावट; जानें- क्या है मामला
Reliance Power Share: रिलायंस पावर ने 29 अप्रैल 2026 को ट्रेडिंग अवधि के बाद एक्सचेंजों को इस घटनाक्रम की जानकारी दी. निल अंबानी द्वारा प्रमोटेड इस पावर कंपनी के सामने आ रही कानूनी और वित्तीय चुनौतियों की कड़ी में यह सबसे नई चुनौती है.

Reliance Power Share: अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले समूह का हिस्सा, रिलायंस पावर लिमिटेड, पूरे भारत और विदेशों में बिजली उत्पादन परियोजनाओं के डेवलपमेंट और ऑपरेशन में लगी हुई है. कंपनी अपनी बैलेंस शीट को बेहतर बनाने और कर्ज कम करने की दिशा में काम कर रही है, लेकिन हाल के घटनाक्रमों ने नई कानूनी चुनौतियों को सामने ला दिया है. यूनाइटेड स्टेट्स के एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट बैंक (US Exim) ने इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड (IBC), 2016 की धारा 7 के तहत रिलायंस के पावर के खिलाफ एक आवेदन दायर किया है.
कंपनी पर क्या है आरोप?
इस आवेदन में आरोप लगाया गया है कि रिलायंस पावर की सब्सिडियरी कंपनी Samalkot Power Ltd (SPL) ने 165.41 मिलियन अमेरिकी डॉलर के नेट डेट का भुगतान नहीं किया है, जिसकी गारंटी रिलायंस पावर ने दी थी.
रिलायंस पावर ने क्या कहा?
रिलायंस पावर ने 29 अप्रैल 2026 को ट्रेडिंग अवधि के बाद एक्सचेंजों को इस घटनाक्रम की जानकारी दी. हालांकि, कंपनी ने यह कहा कि इस आवेदन में कोई कानूनी आधार नहीं है. उसने बताया कि SPL ने 29 जून, 2025 को US Exim और सुविधा एजेंट Citibank N.A. के खिलाफ लंदन कोट ऑफ इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन में सक्रिय रूप से एक मामला दायर किया था, जिसमें यह तर्क दिया गया था कि यह ऋण अभी तक देय नहीं हुआ है। वह मध्यस्थता कार्यवाही अभी भी लंबित है.
रिलायंस पावर ने कहा कि से कानूनी सलाह मिली है कि सेक्शन 7 की याचिका टिकने लायक नहीं है और इसका उचित तरीके से विरोध किया जाएगा. कंपनी ने सबसे पहले 1 जुलाई, 2025 को एक्सचेंजों को इस मामले की जानकारी दी थी.
चुनौतियों से जूझती रही है कंपनी
अनिल अंबानी द्वारा प्रमोटेड इस पावर कंपनी के सामने आ रही कानूनी और वित्तीय चुनौतियों की कड़ी में यह सबसे नई चुनौती है. रिलायंस पावर ने कहा कि वह अपने हितों की रक्षा के लिए, अपने कानूनी सलाहकारों की सलाह के अनुसार, सभी जरूरी कदम उठाएगी.
रिलायंस पावर के शेयर की चाल
गुरुवार दोपहर 12:40 बजे रिलयांस पावर के शेयर 1.59 फीसदी की गिरावट के साथ 28.53 रुपये पर कारोबार कर रहे थे. पिछले एक महीने में रिलायंस पावर के शेयर शानदार नजर आए हैं. एक महीने में ये शेयर 27 फीसदी से अधिक उछला है. हालांकि, इस साल अभी तक शेयर में 17 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है.
यह भी पढ़ें: ईरान में 2 रोटी की कीमत 1 लाख रियाल, अब तक 10 लाख बेरोजगार, दूध और फल भी जेब से बाहर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.