सीतामढ़ी–रक्सौल रेलखंड के लिए ₹358 करोड़ का ऑर्डर मिलते ही दौड़ा RVNL! शेयर में आई तेजी, Dividend का भी ऐलान
Rail Vikas Nigam Limited (RVNL) के शेयरों में 358.97 करोड़ रुपये का नया EPC कॉन्ट्रैक्ट मिलने के बाद तेजी देखने को मिली. कंपनी को ईस्ट सेंट्रल रेलवे से सितामढ़ी–रक्सौल रेलखंड परियोजना का ऑर्डर मिला है. इसके साथ ही कंपनी ने Dividend के लिए 18 अगस्त 2026 को रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी है.

RVNL Share Price: सार्वजनिक क्षेत्र की रेलवे कंपनी Rail Vikas Nigam Limited (RVNL) के शेयरों में बुधवार को तेजी देखने को मिली. कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर करीब 2.11 फीसदी चढ़कर 225.58 रुपये पर ट्रेड करता नजर आया. इस तेजी की मुख्य वजह कंपनी को ईस्ट सेंट्रल रेलवे से मिला 358.97 करोड़ रुपये का नया EPC कॉन्ट्रैक्ट और अंतिम डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान है. इन दोनों खबरों ने एक बार फिर निवेशकों का ध्यान इस पीएसयू रेलवे शेयर की ओर खींचा है. बुधवार को NSE पर Rail Vikas Nigam Limited (RVNL) का शेयर 224.20 रुपये के स्तर पर खुला, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 221.34 रुपये पर बंद हुआ था.
ईस्ट सेंट्रल रेलवे से मिला 358.97 करोड़ रुपये का ऑर्डर
कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि उसे ईस्ट सेंट्रल रेलवे से 358.97 करोड़ रुपये का Engineering, Procurement and Construction (EPC) कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इस परियोजना के तहत समस्तीपुर डिवीजन में सीतामढ़ी–रक्सौल रेलखंड की 41 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन को डबल किया जाएगा. परियोजना में पुलों का निर्माण, रेलवे स्टेशनों का विकास, प्लेटफॉर्म निर्माण, अर्थवर्क और अन्य सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्य शामिल हैं. कंपनी के मुताबिक, यह एक घरेलू परियोजना है और इसे 1,095 दिनों के भीतर पूरा किया जाएगा.
लगातार मिल रहे हैं बड़े प्रोजेक्ट
Rail Vikas Nigam Limited (RVNL) को हाल के महीनों में कई बड़े रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट मिले हैं. जून 2026 में कंपनी को ईस्ट कोस्ट रेलवे से लगभग 968 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला था. यह परियोजना नेरगुंडी–बरंग और खुर्दा रोड–विजयनगरम सेक्शन के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन के लिए चार बड़े रेलवे पुलों के निर्माण से जुड़ी है. इसके अलावा, मई 2026 में कंपनी ने एनएमडीसी और वेस्ट सेंट्रल रेलवे से करीब 1,002 करोड़ रुपये के दो रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट भी हासिल किए थे. लगातार मिल रहे इन बड़े ऑर्डर्स से कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत होती दिख रही है.
Dividend के लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान
नए ऑर्डर के साथ कंपनी ने अपने निवेशकों के लिए Dividend से जुड़ी अहम जानकारी भी दी है. Rail Vikas Nigam Limited (RVNL) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 0.71 रुपये के अंतिम Dividend की घोषणा की थी. अब कंपनी ने इसके लिए 18 अगस्त 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. हालांकि, यह Dividend कंपनी की AGM में शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद ही दिया जाएगा. मंजूरी मिलने के 30 दिनों के भीतर पात्र शेयरधारकों के खातों में Dividend की राशि भेज दी जाएगी.
शेयर का प्रदर्शन कैसा रहा
हाल के समय में Rail Vikas Nigam Limited (RVNL) के शेयर में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. पिछले एक सप्ताह में शेयर 0.27 फीसदी चढ़ा है, जबकि एक महीने में इसमें लगभग 6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, पिछले एक वर्ष में भी शेयर करीब 36 फीसदी कमजोर हुआ है.
हालांकि, लंबी अवधि के निवेशकों के लिए तस्वीर अलग है. पिछले तीन वर्षों में Rail Vikas Nigam Limited (RVNL) ने करीब 86 फीसदी का रिटर्न दिया है, जबकि पिछले पांच वर्षों में यह शेयर लगभग 652 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दे चुका है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.