SBI को बड़ा झटका, इनकम टैक्स से मिला ₹63375 करोड़ का नोटिस; बैंक ने कहा- आदेश को देंगे चुनौती

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी एसबीआई को AY 2023-24 के लिए 63,375 करोड़ रुपये का टैक्स डिमांड नोटिस मिला है. बैंक ने स्पष्ट किया है कि वह इस आदेश के खिलाफ अपील करेगा और इसका संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा. पिछले कुछ महीने से कंपनी के शेयर दबाव में दिख रहे हैं हालांकि, साल भर के दौरान इसमें अच्छी तेजी देखी गई है.

SBI को बड़ा झटका Image Credit: @Money9live

SBI Gets Demand Notice: देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) को इनकम टैक्स विभाग की ओर से एक बड़ा नोटिस मिला है. बैंक पर आकलन वर्ष (AY) 2023-24 के लिए करीब 63,375 करोड़ रुपये (ब्याज सहित) की टैक्स डिमांड उठाई गई है. हालांकि, SBI ने साफ कर दिया है कि वह इस आदेश को चुनौती देगा और तय प्रक्रिया के तहत अपील दायर करेगा.

बैंक ने दी जानकारी

बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि 19 मार्च 2026 को इनकम टैक्स विभाग के असेसमेंट यूनिट की ओर से यह आदेश जारी किया गया है. यह आदेश इनकम टैक्स एक्ट की संबंधित धाराओं- सेक्शन 143(3), 144C(3) और 144B के तहत स्क्रूटनी असेसमेंट के बाद पारित किया गया है. विभाग ने जांच के दौरान कुछ मदों को स्वीकार नहीं किया, यानी “डिसअलाउंस” किया, जिसके आधार पर यह बड़ी टैक्स डिमांड बनाई गई है.

@NSE

SBI ने क्या कहा?

SBI ने अपने बयान में कहा है कि इस तरह के मुद्दों पर वह पहले से ही पिछले वर्षों के लिए कानूनी प्रक्रिया में शामिल है. यानी यह विवाद नया नहीं है, बल्कि पुराने मामलों से जुड़ा हुआ है, जिन पर पहले से ही अदालत या अपीलीय स्तर पर सुनवाई चल रही है. चूंकि इस बार डिमांड की राशि काफी बड़ी है और ‘मटेरियलिटी थ्रेशोल्ड’ से ऊपर जाती है, इसलिए बैंक ने इसे सार्वजनिक रूप से साझा किया है.

आदेश को चुनौती देगा बैंक

बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह इस आदेश को स्वीकार नहीं करेगा और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपीलीय प्राधिकरणों के समक्ष इसे चुनौती देगा. इसमें औपचारिक अपील दाखिल करने के साथ-साथ कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल शामिल होगा. SBI का कहना है कि वह अपने पक्ष को मजबूती से रखेगा और इस मामले को आगे बढ़ाएगा. सबसे अहम बात यह है कि बैंक ने निवेशकों को आश्वस्त किया है कि इस पूरे घटनाक्रम का उसके रोजमर्रा के कामकाज या संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा. यानी बैंक की सेवाएं, लेंडिंग, डिपॉजिट या अन्य गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रहेंगी.

कैसा था शेयरों का प्रदर्शन?

इस तरह की फाइलिंग्स के बाद आमतौर पर निवेशक रिएक्ट करते हैं और उस रिएक्शन का प्रभाव शेयरों पर दिखता है. लेकिन यहां पर ऐसा नहीं देखा गया. चूंकि, बैंक ने फाइलिंग के जरिये ये जानकारी बाजार बंद होने के बाद दी. शुक्रवार, 20 मार्च को कंपनी के शेयर 0.87 फीसदी की तेजी के साथ 1,058 रुपये ट्रेड करते हुए बंद हुए. महीने भर के दौरान इसमें 13 फीसदी की गिरावट दिखी. वहीं, सालभर के दौरान इसमें 41 फीसदी तक की तेजी आई. एसबीआई का मार्केट कैप 9,68,246 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

ये भी पढ़ें- TRAI का डेटा और 6% तक उछले Vodafone Idea के शेयर, इस सेगमेंट में मिली राहत; जानें डिटेल्स

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.