हर गाड़ी से बढ़ रही कमाई! Zero-Debt ऑटो कंपोनेंट्स शेयर का बड़ा कमाल, 27 तिमाहियों से इंडस्ट्री ग्रोथ को दे रहा मात

SJS Enterprises लगातार 27 तिमाहियों से ऑटो इंडस्ट्री की ग्रोथ को पीछे छोड़ रही है. कंपनी के ऑटोमोटिव बिजनेस में Q1FY27 में 32.4 फीसदी की ग्रोथ दर्ज हुई. प्रीमियम इंटीरियर, डिजिटल डिस्प्ले, कवर ग्लास और एक्सपोर्ट्स के विस्तार से कंपनी की ग्रोथ स्टोरी मजबूत हो रही है. कंपनी की बैलेंस शीट भी मजबूत है और टोटल डेट सिर्फ 9.3 करोड़ रुपये है.

ऑटो स्टॉक्स Image Credit: Canva

Highlights

  • Q1FY27 में पैसेंजर व्हीकल और टू-व्हीलर इंडस्ट्री की संयुक्त ग्रोथ 21.7 फीसदी रही.
  • SJS Enterprises के ऑटोमोटिव बिजनेस में 32.4 फीसदी की ग्रोथ दर्ज हुई.
  • Q1FY27 में कंपनी ने 261 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड क्वार्टरली रेवेन्यू दर्ज किया.

SJS Enterprises: ऑटो कंपोनेंट्स सेक्टर की कंपनी SJS Enterprises लगातार 27 तिमाहियों से इंडस्ट्री की ग्रोथ को पीछे छोड़ रही है. कंपनी अब सिर्फ बैज, क्रोम ट्रिम्स और डैशबोर्ड फिनिश जैसे कंपोनेंट्स तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रीमियम इंटीरियर, डिजिटल डिस्प्ले, कवर ग्लास और एक्सपोर्ट्स जैसे नए कारोबार में तेजी से विस्तार कर रही है. मजबूत बैलेंस शीट और लगभग जीरो-डेट की स्थिति कंपनी को आगे विस्तार के लिए मजबूत आधार देती है.

ऑटो इंडस्ट्री से तेज रही ग्रोथ

Financialexpress की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जून तिमाही यानी Q1FY27 में पैसेंजर व्हीकल और टू-व्हीलर इंडस्ट्री की संयुक्त ग्रोथ 21.7 फीसदी रही. इसके मुकाबले SJS Enterprises के ऑटोमोटिव बिजनेस में 32.4 फीसदी की ग्रोथ दर्ज हुई. पैसेंजर व्हीकल रेवेन्यू में 45.4 फीसदी की तेजी रही. इसके साथ ही कंपनी ने लगातार 27वीं तिमाही में इंडस्ट्री को आउटपरफॉर्म किया है.

हर गाड़ी से बढ़ रही कंपनी की कमाई

SJS Enterprises की रणनीति सिर्फ ज्यादा गाड़ियों की बिक्री पर निर्भर नहीं है. कंपनी हर व्हीकल में अपने कंपोनेंट्स की वैल्यू बढ़ाने पर फोकस कर रही है. कुछ साल पहले कंपनी एक व्हीकल पर करीब 1,200-1,500 रुपये के प्रोडक्ट्स सप्लाई करती थी.

Walter Pack India की प्रीमियम इंटीरियर टेक्नोलॉजी और SJS Decoplast के क्रोम-प्लेटेड कंपोनेंट्स जुड़ने के बाद यह वैल्यू बढ़कर करीब 3,500-5,000 रुपये प्रति व्हीकल हो गई है. नए प्रोडक्ट्स अब कंपनी के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में करीब 24 फीसदी योगदान दे रहे हैं.

रेवेन्यू और प्रॉफिट में मजबूत तेजी

Q1FY27 में कंपनी ने 261 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड क्वार्टरली रेवेन्यू दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 24.5 फीसदी ज्यादा है. EBITDA 36.2 फीसदी बढ़कर 80 करोड़ रुपये और EBITDA मार्जिन 30 फीसदी रहा. रिपोर्टेड PAT 115 फीसदी बढ़कर 74.4 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, इसमें बेंगलुरु की पुरानी फैसिलिटी की बिक्री से मिला वन-टाइम गेन शामिल था. इसे हटाने पर एडजस्टेड PAT 45.2 फीसदी बढ़कर 50.3 करोड़ रुपये रहा.

डिजिटल डिस्प्ले और कवर ग्लास पर बड़ा दांव

कंपनी अब ऑटोमोटिव डिजिटल डिस्प्ले और कवर ग्लास बिजनेस में भी विस्तार कर रही है. SJS ने Hong Kong की BOE Varitronix के साथ ऑटोमोटिव डिस्प्ले सॉल्यूशंस के लिए साझेदारी की है. कमर्शियल प्रोडक्शन Q2FY28 से शुरू होने की उम्मीद है. कंपनी के मुताबिक, भारत में कई इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनियां अभी डिस्प्ले और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर्स इंपोर्ट करती हैं. ऐसे में इन कंपोनेंट्स की लोकलाइजेशन से SJS को बड़ा मौका मिल सकता है.

एक्सपोर्ट्स भी बना ग्रोथ इंजन

कंपनी के एक्सपोर्ट बिजनेस में भी तेज ग्रोथ देखने को मिल रही है. Q1FY27 में एक्सपोर्ट रेवेन्यू 83.2 फीसदी बढ़कर करीब 25.6 करोड़ रुपये पहुंच गया. मैनेजमेंट का लक्ष्य FY28 तक कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में एक्सपोर्ट्स की हिस्सेदारी 14-15 फीसदी तक पहुंचाना है. कंपनी जर्मनी, तुर्की, ब्राजील, अर्जेंटीना, दक्षिण कोरिया और ASEAN मार्केट्स में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है.

जीरो-डेट बैलेंस शीट बनी बड़ी ताकत

Q1FY27 में कंपनी के पास करीब 338 करोड़ रुपये का कैश और कैश इक्विवेलेंट्स था, जबकि कुल डेट सिर्फ 9.3 करोड़ रुपये था. कंपनी की नेट कैश पोजिशन करीब 329 करोड़ रुपये रही और लॉन्ग-टर्म डेट जीरो है. ऑपरेटिंग कैश फ्लो 81 करोड़ रुपये रहा, जबकि फ्री कैश फ्लो करीब 84 करोड़ रुपये रहा. गुरुवार को कंपनी का शेयर 1.30 फीसदी गिरकर 2,405 रुपये पर पहुंच गया है.

यह भी पढ़ें: इन 3 शेयरों में तेजी के संकेत, एक्सपर्ट ने दी खरीदारी की सलाह; जानें टारगेट प्राइस

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.