₹3.6 लाख करोड़ का सोलर पंप मार्केट, PM-KUSUM से इन 2 कंपनियों को मिल सकता है फायदा! शेयर पर रखें नजर

भारत में सोलर पंप मार्केट तेजी से बढ़ रहा है और PM-KUSUM के तहत 1.4 करोड़ सोलर पंप लगाने का लक्ष्य है. जुलाई 2026 तक करीब 11.7 लाख पंप इंस्टॉल हुए हैं. 3.61 लाख करोड़ रुपये के संभावित बाजार में Shakti Pumps और Oswal Pumps की बड़ी हिस्सेदारी है.

सोलर पंप Image Credit: tv9

Solar Pump Market: भारत में खेती की लागत कम करने और किसानों को डीजल से सोलर ऊर्जा की ओर ले जाने की कोशिशों के बीच सोलर पंप का मार्केट तेजी से बढ़ रहा है. सरकारी योजनाओं, खासकर PM-KUSUM, ने इस सेक्टर को बड़ा बूस्ट दिया है. हालांकि, मौजूदा इंस्टॉलेशन और सरकार के लक्ष्य के बीच अभी भी बड़ा अंतर बना हुआ है. PM-KUSUM के तहत 1.4 करोड़ कृषि पंपों को सोलराइज करने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन जुलाई 2026 तक करीब 11.7 लाख सोलर पंप ही इंस्टॉल हो पाए हैं.

3.6 लाख करोड़ रुपये का बड़ा अवसर

फाइनेंशियल एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में सोलर एग्रीकल्चरल पंप का संभावित मार्केट करीब 3.61 लाख करोड़ रुपये का आंका गया है. इसमें सबसे बड़ा हिस्सा मौजूदा डीजल पंपों को सोलर पंप से बदलने का है. देश में करीब 80 लाख डीजल पंप अभी भी खेतों में इस्तेमाल हो रहे हैं, जिनके रिप्लेसमेंट से करीब 1.20 लाख करोड़ रुपये का अवसर बनता है.

इसके अलावा करीब 11.4 करोड़ किसानों के पास पंप की सुविधा नहीं है. इन्हें पंप उपलब्ध कराने का संभावित मार्केट करीब 2.41 लाख करोड़ रुपये है. इस तरह डीजल पंप रिप्लेसमेंट और नए पंपों की मांग को मिलाकर कुल संभावित अवसर 3.61 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचता है.

सोलर पंप अपनाने से किसानों के लिए फ्यूल कॉस्ट में भी बड़ी बचत हो सकती है. सरकार ने PM-KUSUM 2.0 के लिए 34,422 करोड़ रुपये के आउटले की घोषणा की है. रिपोर्ट के मुताबिक, डीजल सिंचाई की जगह सोलर पंप लगाने से एक खेती करने वाले परिवार को सालाना करीब 50,000 से 80,000 रुपये तक के फ्यूल कॉस्ट की बचत हो सकती है.

Shakti Pumps को PM-KUSUM से बड़ा फायदा

सोलर पंप सेक्टर में Shakti Pumps एक प्रमुख कंपनी है. कंपनी का सोलर पंप कारोबार उसके ग्रोथ इंजन और मुख्य बिजनेस में शामिल है. PM-KUSUM योजना के तहत कंपनी की अनुमानित मार्केट शेयर करीब 25% है. कंपनी अब तक 2.6 लाख से ज्यादा सोलर पंप इंस्टॉल कर चुकी है, जिसमें 1.9 लाख से ज्यादा इंस्टॉलेशन PM-KUSUM के तहत हुए हैं.

FY26 में कंपनी ने 86,086 सोलर पंप इंस्टॉल किए, जो पिछले साल की तुलना में करीब 20% ज्यादा थे. Q1FY27 में भी सोलर पंप इंस्टॉलेशन 57.6% बढ़कर 27,678 यूनिट हो गया. कंपनी के पास 22 जुलाई 2026 तक करीब 1,000 करोड़ रुपये का B2G-केंद्रित ऑर्डर बुक था. इसमें महाराष्ट्र की Magel Tyala Saur Krushi Pump Yojana और कर्नाटक से जुड़े बड़े ऑर्डर शामिल हैं.

Shakti Pumps अपने कारोबार में बैकवर्ड इंटीग्रेशन भी बढ़ा रही है. कंपनी 2.2 GW का सोलर DCR सेल और PV मॉड्यूल प्लांट विकसित कर रही है. इसका शुरुआती 0.5 GW मॉड्यूल कैपेसिटी सितंबर 2026 में शुरू होने के लिए निर्धारित थी. कंपनी ने अपने रिटेल नेटवर्क को भी 100 से ज्यादा एक्सक्लूसिव आउटलेट तक बढ़ाया है.

5,000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का लक्ष्य

Shakti Pumps ने FY29 तक कंसोलिडेटेड रेवेन्यू को 5,000 करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य रखा है. कंपनी करीब 1,700 करोड़ रुपये का निवेश करके पंप और मोटर की क्षमता को दोगुना कर 10 लाख यूनिट सालाना करने की दिशा में काम कर रही है.

हालांकि, बढ़ती बिक्री के बावजूद कंपनी पर मार्जिन का दबाव भी दिखाई दिया. Q1FY27 में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 37.9% बढ़कर 858.7 करोड़ रुपये रहा. वहीं, EBITDA 42.3% घटकर 82.9 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 46.7% गिरकर 51.6 करोड़ रुपये रहा. रॉ मटेरियल की लागत बढ़ने से EBITDA मार्जिन 9.6% रह गया.

Oswal Pumps की भी बड़ी हिस्सेदारी

सोलर पंप मार्केट में दूसरी प्रमुख कंपनी Oswal Pumps है. कंपनी सोलर और ग्रिड-कनेक्टेड सबमर्सिबल पंप, मोनोब्लॉक पंप, इलेक्ट्रिक मोटर और सोलर PV मॉड्यूल समेत कई प्रोडक्ट बनाती है. FY26 में कंपनी के रेवेन्यू में कृषि क्षेत्र की हिस्सेदारी 83.6% थी. कंपनी के पास 16 राज्यों में 1,406 डिस्ट्रीब्यूटर और 220 ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर का नेटवर्क है. PM-KUSUM के तहत कंपनी ने 13 राज्यों में कुल 1,19,402 सोलर पंपिंग सिस्टम की सप्लाई की है.

अप्रैल 2026 तक कंपनी की अनुमानित मार्केट शेयर करीब 27% बताई गई है. Q1FY27 में Oswal Pumps ने कुल 43,077 पंप सप्लाई किए, जिनमें 19,724 सोलर पंप और 23,353 नॉन-सोलर पंप थे. हालांकि, कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे पर दबाव देखने को मिला. Q1FY27 में रेवेन्यू 7.9% घटकर 473.6 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA 47.2% गिरकर 74.3 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 43.1% घटकर 53.8 करोड़ रुपये रहा.

सरकार की अगली योजना बन सकती है बड़ा ट्रिगर

PM-KUSUM 2.0 दोनों कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है. Oswal Pumps ने स्मार्ट मॉनिटरिंग की जरूरतों को देखते हुए 4G IoT रिमोट मॉनिटरिंग यूनिट विकसित की है. कंपनी रूफटॉप सोलर, C&I सोलर, इंडस्ट्रियल पंप्स और जल जीवन मिशन जैसे नए क्षेत्रों में भी विस्तार कर रही है. वहीं, Shakti Pumps मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी बढ़ाने और कंपोनेंट्स की इन-हाउस मैन्युफैक्चरिंग के जरिए अपनी स्थिति मजबूत करने पर काम कर रही है.

कैसा है शेयर का हाल

अगर शेयर की बात करें तो Shakti Pumps का शेयर बुधवार को 0.73% बढ़कर 461 रुपये पर बंद हुआ. वहीं, Oswal Pumps का शेयर 0.19% की बढ़त के साथ 267 रुपये पर बंद हुआ था. सोलर पंप मार्केट में लंबी अवधि का अवसर बड़ा है, लेकिन दोनों कंपनियों के लिए ऑर्डर एग्जीक्यूशन, मार्जिन, रॉ मटेरियल कॉस्ट और प्रॉफिट ग्रोथ जैसे फैक्टर महत्वपूर्ण रहेंगे. PM-KUSUM 2.0 के तहत इंस्टॉलेशन में तेजी आने पर इस सेक्टर की कंपनियों के लिए बिजनेस अवसर और बढ़ सकते हैं.

यह भी पढ़ें: आज से महंगा हुआ कमर्शियल LPG सिलेंडर, 71 रुपये तक बढ़े दाम; जानें- दिल्ली में कितने पर पहुंचा रेट

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.