TVS Supply Chain Solutions: Q2 नतीजों के बाद 17% उछला शेयर, दो हफ्ते में 24% की तेजी

TVS Supply Chain Solutions के शेयरों में सोमवार को Q2 FY27 के मजबूत नतीजों के बाद 17% तक की तेजी आई. कंपनी का रेवेन्यू 38% बढ़कर 3,687.2 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट दोगुने से ज्यादा होकर 36.5 करोड़ रुपये पहुंच गया. शेयर दो हफ्ते में 24.24% चढ़ चुका है.

Q2 में कंपनी का रेवेन्यू 38% और नेट प्रॉफिट दोगुने से ज्यादा बढ़ा. Image Credit: Money9live

TVS Supply Chain Solutions के शेयरों में सोमवार, 16 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली. सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान करीब 17% तक उछल गया. कंपनी ने Q2 FY27 में रेवेन्यू और मुनाफे दोनों में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की है. EBITDA में 50% से ज्यादा की ग्रोथ हुई, जबकि नेट प्रॉफिट दोगुने से अधिक हो गया.

Q2 में कंपनी की कमाई में जोरदार बढ़ोतरी

TVS Supply Chain Solutions का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 38% बढ़कर 3,687.2 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 2,662.6 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था.

कंपनी के ऑपरेटिंग प्रदर्शन में भी सुधार देखने को मिला. Q2 FY27 में EBITDA 50.2% बढ़कर 268.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 178.5 करोड़ रुपये था. इस दौरान EBITDA मार्जिन भी 6.7% से बढ़कर 7.3% हो गया. इससे कंपनी की ऑपरेटिंग एफिशिएंसी में सुधार का संकेत मिलता है.

मुनाफे की बात करें तो कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 108% बढ़कर 50.6 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 24.4 करोड़ रुपये था. वहीं, नेट प्रॉफिट (PAT) भी दोगुने से ज्यादा बढ़कर 36.5 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले 16.3 करोड़ रुपये था.

पहली छमाही में भी जारी रही ग्रोथ

कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी मजबूत प्रदर्शन किया. H1 FY27 में कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 33.6% बढ़कर 7,022.4 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में यह 5,254.9 करोड़ रुपये था.

इस दौरान EBITDA 42.2% बढ़कर 500.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. EBITDA मार्जिन भी 6.7% से सुधरकर 7.1% हो गया. वहीं, पहली छमाही में PBT 91.4% बढ़कर 82.7 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 43.2 करोड़ रुपये था.

दो हफ्ते में 24% से ज्यादा चढ़ा शेयर

मजबूत तिमाही नतीजों के बाद सोमवार को TVS Supply Chain Solutions के शेयर में खरीदारी बढ़ी. BSE पर शेयर 129.05 रुपये के इंट्राडे लो से बढ़कर 142.65 रुपये के हाई तक पहुंच गया.

शेयर ने हाल के कारोबारी सत्रों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है. पिछले एक हफ्ते में इसमें 13.61% और दो हफ्तों में 24.24% की तेजी आई है. एक महीने में शेयर 10.83% और तीन महीने में 10.29% चढ़ा है. पिछले छह महीने में इसमें 19.68% की बढ़त दर्ज की गई है, जबकि साल 2026 में अब तक शेयर 19.47% ऊपर है.

यह भी पढ़ें- 16 रुपए के इस शेयर ने किया कमाल, रेवेन्यू बढ़कर 300 करोड़ के पार, क्या अब है खरीदारी का मौका?

₹150 का स्तर पार करना क्यों है जरूरी?

Choice Broking के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट हितेश टेलर के मुताबिक, TVS Supply Chain Solutions का शेयर वीकली चार्ट पर करीब 137.50 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है. कंपनी का शेयर 2025 की शुरुआत से 100 से 150 रुपये के दायरे में साइडवेज कंसोलिडेशन में रहा है. पिछले तीन हफ्तों में 100 रुपये के आसपास सपोर्ट मिलने के बाद इसमें मजबूत रिकवरी आई है.

शेयर ने 50-week EMA के 124.64 रुपये और 100-week EMA के 134.88 रुपये के स्तर को फिर से हासिल कर लिया है. वीकली RSI 57.99 पर पहुंच गया है, जो शॉर्ट टर्म मोमेंटम में सुधार का संकेत देता है.

टेलर के मुताबिक, शेयर के लिए 150 रुपये का स्तर तत्काल रेजिस्टेंस है, जबकि 100 रुपये अहम सपोर्ट बना हुआ है. जब तक शेयर 150 रुपये के ऊपर मजबूती से टिकता नहीं है, तब तक इसमें 100 से 150 रुपये के दायरे में कारोबार जारी रह सकता है. 100 रुपये के नीचे फिसलने पर रिकवरी का संकेत कमजोर पड़ सकता है.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.