3 महीने से इस शेयर में नहीं थम रही तेजी! अब मिला इंटरनेशनल ऑर्डर, रेखा झुनझुनवाला ने भी लगाया पैसा
इस तेजी की वजह ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना से मिला बड़ा इंटरनेशनल ऑर्डर है. बीते एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 35 फीसदी की तेजी देखने को मिली है. वहीं, 3 महीने में इसमें 72 फीसदी की शानदार रैली देखने को मिली. मार्च 2026 की शेयरहोल्डिंग के अनुसार, दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला के पास VA Tech WABAG में 8.02 प्रतिशत हिस्सेदारी है.

बुधवार को पॉजिटिव बाजार माहौल के बीच VA Tech WABAG के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर करीब 3.5 प्रतिशत चढ़कर 2,077 रुपये पर पहुंच गया. इस तेजी की वजह ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना से मिला बड़ा इंटरनेशनल ऑर्डर है. बीते एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 35 फीसदी की तेजी देखने को मिली है. वहीं, 3 महीने में इसमें 72 फीसदी की शानदार रैली देखने को मिली.
ऑस्ट्रिया में मिला बड़ा प्रोजेक्ट
VA Tech WABAG ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे सिटी ऑफ वियना के Municipal Department MA 31 – Wiener Wasser से Donauinsel Water Works के विस्तार का बड़ा ऑर्डर मिला है. कंपनी के ऑर्डर के अनुसार, Large International Order की वैल्यू 3 करोड़ डॉलर से 7.5 करोड़ डॉलर के बीच होती है.
इस प्रोजेक्ट के तहत WABAG नई वाटर ट्रीटमेंट सुविधा के लिए पूरी टेक्नोलॉजी उपलब्ध कराएगी. इसमें प्रोसेस इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इंस्ट्रूमेंटेशन, कंट्रोल सिस्टम और बिल्डिंग सर्विसेज शामिल हैं. इस प्रोजेक्ट को 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
वियना की जल सुरक्षा योजना का अहम हिस्सा
यह प्रोजेक्ट वियना की “Wiener Wasser 2050” रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुरू किया गया है. नई जल शोधन इकाई की क्षमता 1,000 लीटर प्रति सेकेंड, यानी करीब 8.6 करोड़ लीटर प्रतिदिन (MLD) होगी.
इस प्लांट में आधुनिक मल्टी-बैरियर वाटर ट्रीटमेंट सिस्टम लगाया जाएगा, जिसमें ऑक्सीडेशन, ओजोनेशन, एडवांस्ड ऑक्सीडेशन, फिल्ट्रेशन, एक्टिवेटेड कार्बन फिल्ट्रेशन और यूवी डिसइंफेक्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होगा. इससे वियना की भविष्य की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी.
कंपनी मैनेजमेंट ने क्या कहा?
यूरोप क्लस्टर के सीईओ ने कहा कि यह ऑर्डर कंपनी की तकनीकी क्षमता पर भरोसे का बड़ा प्रमाण है. उनके मुताबिक, यह प्रोजेक्ट वियना की लंबे समय की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी और WABAG को ग्लोबल लेवल पर अपनी मजबूत पहचान बनाने में मदद करेगी.
रेखा झुनझुनवाला की भी हिस्सेदारी
मार्च 2026 की शेयरहोल्डिंग के अनुसार, दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला के पास VA Tech WABAG में 8.02 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिससे यह उनके प्रमुख निवेशों में शामिल है.
कंपनी का कारोबार
VA Tech WABAG जल और वेस्टवाटर सेक्टर की कंपनी है. कंपनी पानी और वेस्टवाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स की डिजाइन, इंजीनियरिंग, निर्माण, संचालन और रखरखाव का काम करती है.
इसे भी पढ़ें- इस लो-डेट फार्मा शेयर में 13% की तेजी, कंपनी ने किया बड़ा अधिग्रहण, FIIs ने भी लगाया पैसा
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.