TRAI का डेटा और 6% तक उछले Vodafone Idea के शेयर, इस सेगमेंट में मिली राहत; जानें डिटेल्स
TRAI के ताजा आंकड़ों में ग्राहक नुकसान की रफ्तार घटने से Vodafone Idea के शेयरों में तेजी आई. मजबूत संकेतों के बीच स्टॉक में 6 फीसदी तक उछाल देखने को मिला. वहीं, रिटर्न की बात करें तो कंपनी ने लॉन्ग टर्म में अच्छा प्रदर्शन किया है. लेकिन पिछले कुछ समय से स्टॉक दबाव में रहा है.
TRAI Data and VI Share Surges: टेलीकॉम सेक्टर की कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vi) के लिए हालिया ट्राई (TRAI) डेटा ने कुछ राहत भरी तस्वीर पेश की है. लंबे समय से ग्राहकों के घटते बेस और वित्तीय दबाव से जूझ रही कंपनी के शेयरों में शुक्रवार, 20 मार्च को करीब 6 फीसदी की तेज बढ़त देखने को मिली. इस उछाल की वजह जनवरी 2026 के सब्सक्राइबर डेटा में नुकसान की रफ्तार का धीमा पड़ना रहा, जिसने निवेशकों के भरोसे को थोड़ा मजबूत किया है.
क्या था TRAI का आंकड़ा?
TRAI के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, वोडाफोन आइडिया ने जनवरी में करीब 4.11 लाख मोबाइल ग्राहक गंवाए. हालांकि यह संख्या दिसंबर के मुकाबले काफी कम है, जब कंपनी को लगभग 9.41 लाख ग्राहकों का नुकसान उठाना पड़ा था. इस सुधार के बावजूद कंपनी का कुल ग्राहक आधार घटकर 19.84 करोड़ रह गया, जो दिसंबर के अंत में 19.88 करोड़ था. यह ट्रेंड इस बात का संकेत देता है कि कंपनी का ग्राहक आधार अभी भी दबाव में है, लेकिन गिरावट की रफ्तार धीमी होने लगी है. निवेशकों ने इसे सकारात्मक संकेत के रूप में लिया, जिसका असर सीधे तौर पर शेयर कीमत में उछाल के रूप में दिखा.
दूसरी कंपनियों का क्या हाल?
वहीं, ब्रॉडबैंड सेगमेंट में कंपनी की पकड़ थोड़ी कमजोर होती नजर आई है. जनवरी में वोडाफोन आइडिया की मार्केट हिस्सेदारी घटकर 12.25 फीसदी रह गई, जो दिसंबर में 12.75 फीसदी थी. यह दिखाता है कि कंपनी को इस सेगमेंट में कंपटीशन का सामना करना पड़ रहा है. दूसरी ओर, टेलीकॉम बाजार में कंपटीशन लगातार तेज बनी हुई है. भारती एयरटेल ने जनवरी में सबसे ज्यादा नए ग्राहक जोड़े और उसका कुल सब्सक्राइबर बेस 46.78 करोड़ तक पहुंच गया. रिलायंस जियो ने भी 24.38 लाख नए यूजर्स जोड़े, जबकि सरकारी कंपनी बीएसएनएल ने 2.71 लाख ग्राहकों की बढ़ोतरी दर्ज की. एमटीएनएल को इस दौरान मामूली नुकसान हुआ.
हिस्सेदारी बढ़ाने की खबर से भी उछला भाव!
अगर शेयर प्रदर्शन की बात करें, तो वोडाफोन आइडिया का स्टॉक पिछले एक महीने में करीब 18 फीसदी तक गिरा है. हालांकि, लंबी अवधि में तस्वीर थोड़ी बेहतर है, पिछले 6 महीनों में शेयर ने करीब 10 फीसदी का रिटर्न दिया है. हाल ही में कंपनी के शेयरों में तेजी उस खबर के बाद भी आई थी, जिसमें बताया गया था कि सिंगापुर की ST Telemedia और भारत की JSW ग्रुप समेत कुछ निवेशक कंपनी में हिस्सेदारी लेने की संभावनाएं तलाश रहे हैं.
शेयर का प्रदर्शन कैसा है?
आज यानी शुक्रवार, 20 मार्च की बात करें तो कारोबारी सत्र के दौरान शेयर में 6 फीसदी तक की उछाल दर्ज की गई. हालांकि, बाजार बंद होने तक स्टॉक 4.47 फीसदी की तेजी के साथ 9.34 रुपये पर आ गया. सालभर में स्टॉक तकरीबन 24 फीसदी तक उछला है. वहीं, 3 साल के दौरान इसमें 45 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई है. मौजूदा समय में कंपनी का मार्केट कैप 96,859 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है.
AGR बकाया में राहत
इसके अलावा, सरकार की ओर से भी कंपनी को बड़ी राहत मिली है. इस साल की शुरुआत में दूरसंचार विभाग (DoT) ने वोडाफोन आइडिया को AGR (Adjusted Gross Revenue) बकाया भुगतान में 10 साल की राहत दी है. इसके तहत कंपनी को अपने बकाया का भुगतान लंबी अवधि में, यानी 2041 तक किस्तों में करने की अनुमति दी गई है. इससे कंपनी के कैश फ्लो पर दबाव कुछ हद तक कम हुआ है.
ये भी पढ़ें- पावर स्टॉक्स में तेजी! 100 रुपये से सस्ते इस दिग्गज स्टॉक में 5% की उछाल, क्यों निवेशकों ने दिखाया भरोसा
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
