इस डिफेंस स्टॉक में आई भयंकर बिकवाली, एक खबर से क्रैश हुआ शेयर! जानें क्या है पूरा मामला

4 फरवरी को स्टॉक में भारी बिकवाली का दबाव देखने को मिला. पिछले एक हफ्ते में HAL का शेयर 3.41 फीसदी गिर चुका है, जबकि बीते तीन महीनों में इसमें 10.54 फीसदी की कमजोरी दर्ज की गई है. हालांकि, लंबी अवधि की बात करें तो शेयर ने पिछले एक साल में 19.03 फीसदी की बढ़त दिखाई है. 4 फरवरी 2026 तक हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स का मार्केट कैप लगभग 2,80,885.5 करोड़ रुपये रहा.

HAL Image Credit: Money9live

डिफेंस सेक्टर की दिग्गज सरकारी कंपनी Hindustan Aeronautics Ltd (HAL) के शेयरों में बुधवार को जोरदार बिकवाली देखने को मिली. बीएसई पर HAL का शेयर करीब 8.3 प्रतिशत टूटकर दिन के निचले स्तर 4100 रुपये तक पहुंच गया. हालांकि, बाद में हल्की रिकवरी देखने को मिली. इसकी वजह यह रही कि Larsen and Toubro, Bharat Forge और Tata Advanced Systems को अगली पीढ़ी के फाइटर जेट बनाने के लिए शॉर्टलिस्ट कर लिया गया, जबकि HAL इस लिस्ट से बाहर रह गई. वहीं दूसरी तरफ इस खबर का फायदा निजी कंपनियों को मिला. L&T और Bharat Forge के शेयर बाजार में एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे.

तीन महीने में तय होगा AMCA प्रोजेक्ट का विजेता

रिपोर्ट के मुताबिक Advanced Multirole Combat Aircraft यानी AMCA प्रोग्राम के तहत फाइनल विजेता का चयन अगले तीन महीने में किया जाएगा. इसके लिए शॉर्टलिस्ट की गई कंपनियों को अब नेक्स्ट जेनरेशन फाइटर जेट के प्रोटोटाइप बनाने से जुड़ी डिटेल कमर्शियल बोली जमा करनी होगी.

कंपनियों का चयन तकनीकी क्षमता, मैन्युफैक्चरिंग कैपेबिलिटी, ऑर्डर बुक की स्थिति और फाइनेंशियल मजबूती जैसे पैमानों पर किया गया है. इसके अलावा बोली लगाने वाली कंपनियों को यह भी दिखाना पड़ा कि वे AMCA के डिजाइन को अपनाने और डेवलपमेंट, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, इंटीग्रेशन और टेस्टिंग का अनुभव रखती हैं. एक शर्त यह भी थी कि जिन कंपनियों के पास पहले से बहुत बड़ा पेंडिंग ऑर्डर है, उन्हें प्राथमिकता कम मिलेगी.

15000 करोड़ रुपये का शुरुआती बजट

मौजूदा योजना के मुताबिक चुनी गई कंपनी Aeronautical Development Agency (ADA) के साथ मिलकर AMCA के पांच प्रोटोटाइप तैयार करेगी. इसके लिए रक्षा मंत्रालय ने करीब 15000 करोड़ रुपये का बजट तय किया है. हालांकि असली बड़ा ऑर्डर तब मिलेगा, जब यह फाइटर जेट सफलतापूर्वक तैयार होकर भारतीय वायुसेना में शामिल होगा. उस समय प्रोडक्शन ऑर्डर का साइज कई गुना बड़ा हो सकता है.

शेयरों का हाल

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के शेयर 4 फरवरी ( 1:47 PM ) लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं. इंट्रा-डे कारोबार में शेयर करीब 6.05 फीसदी टूटकर 4,200 रुपये के स्तर पर आ गया. सत्र के दौरान स्टॉक में लगातार बिकवाली का दबाव देखने को मिला. पिछले एक हफ्ते में HAL का शेयर 3.41 फीसदी गिर चुका है, जबकि बीते तीन महीनों में इसमें 10.54 फीसदी की कमजोरी दर्ज की गई है. हालांकि, लंबी अवधि की बात करें तो शेयर ने पिछले एक साल में 19.03 फीसदी की बढ़त दिखाई है. 4 फरवरी 2026 तक हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स का मार्केट कैप लगभग 2,80,885.5 करोड़ रुपये रहा.

इसे भी पढ़ें- भारत से लेकर अमेरिका तक मचा हाहाकार! भयंकर टूटे IT शेयर, जानें क्यों बिगड़ा सेंटीमेंट?

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.