AC, TV समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान हुए 5-8% महंगे! फिर भी फेस्टिव सीजन में डबल डिजिट बिक्री की उम्मीद, जानें क्यों

फेस्टिव सीजन से पहले AC और दूसरे कंज्यूमर अप्लायंसेज की कीमतें 5 से 8% तक बढ़ी हैं. यह इस साल कीमतों में बढ़ोतरी का तीसरा दौर है. इसके बावजूद Haier को 30-35%, Sony को 15-20% वैल्यू ग्रोथ की उम्मीद है. कंपनियों को प्रीमियम प्रोडक्ट, रिप्लेसमेंट डिमांड और EMI के दम पर फेस्टिव सीजन में डबल डिजिट बिक्री की उम्मीद है.

एसी प्राइस हाइक Image Credit: Magnific

फेस्टिव सीजन से पहले एयर कंडीशनर और दूसरे कंज्यूमर अप्लायंसेज की कीमतों में 5 से 8% तक बढ़ोतरी हुई है. यह इस साल कीमतों में बढ़ोतरी का तीसरा दौर है. इसके बावजूद कंपनियों को प्रीमियम प्रोडक्ट, रिप्लेसमेंट डिमांड और आसान EMI के दम पर बिक्री में डबल डिजिट ग्रोथ की उम्मीद है.

AC, TV समेत सामान क्यों हुआ महंगा?

फेस्टिव सीजन से पहले कंज्यूमर अप्लायंसेज की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है. एयर कंडीशनर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान की कीमतें 5 से 8% तक बढ़ी हैं. कंपनियों ने इस बढ़ोतरी के पीछे कॉपर, एल्युमिनियम, स्टील और क्रूड से जुड़े उत्पादों की बढ़ती लागत, फ्रेट खर्च में तेजी और करेंसी में उतार-चढ़ाव को जिम्मेदार बताया है. यह इस साल कीमतों में बढ़ोतरी का तीसरा दौर है.

हालांकि, कीमतें बढ़ने के बावजूद कंपनियां फेस्टिव सीजन को लेकर उत्साहित हैं. दक्षिण भारत में ओणम के दौरान बिक्री अच्छी रही है और कंपनियों को नवरात्रि से लेकर दशहरा और दिवाली तक मांग मजबूत रहने की उम्मीद है.

महंगे सामान के बावजूद बिक्री क्यों बढ़ने की उम्मीद?

कंपनियों का कहना है कि ग्राहक अब ज्यादा क्षमता वाले, ज्यादा फीचर वाले और एनर्जी एफिशिएंट प्रोडक्ट पसंद कर रहे हैं. स्मार्ट और कनेक्टेड अप्लायंसेज की मांग भी बढ़ रही है. कीमत बढ़ने से बिक्री की संख्या पर कुछ दबाव आ सकता है, लेकिन प्रीमियम प्रोडक्ट की ओर ग्राहकों के बढ़ते रुझान से कंपनियों की कुल बिक्री वैल्यू को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है.

इसके अलावा, कई डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पुरानी कीमत पर खरीदा गया स्टॉक मौजूद है. प्री-बायिंग स्कीम के जरिए पहले से खरीदे गए इस स्टॉक की वजह से फेस्टिव सीजन की शुरुआत में ग्राहकों पर कीमत बढ़ोतरी का पूरा असर तुरंत नहीं पड़ सकता.

Haier को फेस्टिव सीजन में 30-35% बिक्री बढ़ने की उम्मीद

Haier Appliances India के CEO एनएस सतीश ने PTI को बताया कि फेस्टिव सीजन में इंडस्ट्री की बिक्री में डबल डिजिट ग्रोथ हो सकती है. Haier को फेस्टिव सीजन में वैल्यू के हिसाब से बिक्री में 30-35% की बढ़ोतरी की उम्मीद है, जबकि यूनिट बिक्री करीब 20% बढ़ सकती है. सतीश के मुताबिक, पूरी इंडस्ट्री की ग्रोथ करीब 10-15% रह सकती है.

उनके मुताबिक, जिन ग्राहकों ने पहले से कोई अप्लायंस खरीदने का प्लान बना रखा है, वे बजट के अंदर रहने के लिए कम क्षमता वाला प्रोडक्ट चुन सकते हैं या EMI के जरिए प्रीमियम मॉडल खरीद सकते हैं. Haier ने 1 अक्टूबर से रूम एयर कंडीशनर की कीमतों में करीब 5% बढ़ोतरी की है. वहीं, LED TV और वॉशिंग मशीन जैसे प्रोडक्ट की कीमतें 2-3% बढ़ी हैं.

Premium Product और EMI से मिलेगी मांग को मजबूती

LG Electronics India के Co-Chief Sales & Marketing Officer संजय चितकारा ने कहा कि कंपनी फेस्टिव सीजन को लेकर सकारात्मक है. फेस्टिव सीजन अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में नवरात्रि के साथ शुरू होगा. कंपनी को फेस्टिव सीजन से पहले ग्राहकों की पूछताछ में अच्छी तेजी देखने को मिली है. घर खरीदने और घर को अपग्रेड करने से भी मांग को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है.

ग्राहक फ्रिज, वॉशिंग मशीन, टीवी और AC को बदलने के साथ-साथ डिशवॉशर, माइक्रोवेव ओवन, ऑडियो प्रोडक्ट और वॉटर प्यूरीफायर में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं. चितकारा के मुताबिक, GST में बदलाव के बाद बेहतर अफोर्डेबिलिटी और फेस्टिव EMI स्कीम से भी मांग को सपोर्ट मिल सकता है. Tier-2 और Tier-3 शहरों में पहली बार खरीदारी करने वाले ग्राहकों के बीच LG की Essential Series को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है.

Sony को 15-20% Value Growth की उम्मीद

Sony India के Managing Director सुनील नायर को फेस्टिव सीजन में वैल्यू के हिसाब से 15-20% की ग्रोथ की उम्मीद है. प्रीमियम प्रोडक्ट, नए लॉन्च और कंज्यूमर ऑफर बिक्री को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं. Sony को अपने इमेजिंग कारोबार में 30% से ज्यादा ग्रोथ की उम्मीद है. टीवी की मांग को प्रीमियम BRAVIA मॉडल और बड़े स्क्रीन साइज से सपोर्ट मिलने की उम्मीद है. कंपनी को हेडफोन, साउंडबार और पार्टी स्पीकर की मांग भी मजबूत रहने की उम्मीद है.

पुरानी कीमत पर AC मिलने का मौका

Godrej Enterprises Group के Appliances Division Head कमल नंदी ने बताया कि कंपनी ने ओणम के दौरान बिक्री में अच्छी तेजी देखी है और फेस्टिव सीजन में दूसरे क्षेत्रों में भी मांग मजबूत होने की उम्मीद है. Godrej Appliances ने भी 1 अक्टूबर से रूम AC की कीमतों में बढ़ोतरी की है. हालांकि, डिस्ट्रीब्यूशन चैनल में मौजूद पुराना स्टॉक कुछ समय तक ग्राहकों को पुरानी कीमतों पर सामान उपलब्ध करा सकता है.

नंदी के मुताबिक, मौजूदा इन्वेंट्री करीब एक से डेढ़ महीने तक चल सकती है. इसका मतलब है कि कुछ प्रोडक्ट दिवाली तक पुरानी कीमत पर बिक सकते हैं और बढ़ी हुई कीमतों का पूरा असर बाद में दिखाई दे सकता है.

फेस्टिव सीजन में होती है इतनी बिक्री

सेक्टर की रिपोर्ट के मुताबिक, ओणम से लेकर दशहरा और दिवाली तक का फेस्टिव पीरियड अप्लायंस कंपनियों की सालाना बिक्री में करीब 30-40% का योगदान देता है. Boston Consulting Group और Confederation of Indian Industry की संयुक्त रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय कंज्यूमर ड्यूरेबल्स मार्केट के सालाना 8-10% की दर से बढ़ने और 2030 तक 3 से 3.25 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है.

इसे भी पढ़ें- दक्षिण भारत बन रहा AC मैन्युफैक्चरिंग का नया हब, कंपनियां लगा रहीं बड़े प्लांट