दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने खोजा नया ठिकाना! करोड़ों की प्रॉपर्टीज छोड़ ट्रेलर में रहने लगे; सामने आई वजह
दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क इन दिनों मेम्फिस में लग्जरी मैंशन या होटल के बजाय एयरस्ट्रीम ट्रेलर में रह रहे हैं. मस्क पिछले 10 दिनों से ज्यादा समय से xAI के कोलोसस सुपरकंप्यूटर फैसिलिटी के पास ठहरे हुए हैं. इस दौरान वह कंपनी के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के करीब रहकर ऑपरेशंस पर नजर रख रहे हैं.

Elon Musk: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क इन दिनों किसी लग्जरी मैंशन या हाई-एंड होटल में नहीं, बल्कि एक छोटे से एयरस्ट्रीम ट्रेलर में रह रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क पिछले 10 दिनों से ज्यादा समय से मेम्फिस, टेनेसी में इस ट्रेलर में ठहरे हुए हैं. इसकी वजह xAI का तेजी से बढ़ता कोलोसस सुपरकंप्यूटर फैसिलिटी है. मस्क इस प्रोजेक्ट के बेहद करीब रहकर कंपनी के ऑपरेशंस पर नजर रखना चाहते हैं. मस्क ने ऑल-इन पॉडकास्ट के एक एपिसोड में अपने नए ठिकाने का खुलासा किया. इस दौरान SpaceX की प्रेसिडेंट और COO ग्विन शॉटवेल भी मौजूद थीं. मस्क ने अपने ट्रेलर को मजाकिया अंदाज में नया “पैलेस” बताया. यह ट्रेलर xAI के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के पास खड़ा है, जिससे वह कंपनी के ऑपरेशंस के करीब रह सकें.
कोलोसस सुपरकंप्यूटर फैसिलिटी का हो रहा एक्सपेंशन
मस्क मेम्फिस में ऐसे समय रह रहे हैं, जब xAI अपने कोलोसस सुपरकंप्यूटर फैसिलिटी का एक्सपेंशन कर रही है. इस फैसिलिटी को Grok जैसे AI सिस्टम्स के लिए जरूरी कंप्यूटिंग पावर उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है. कंपनी ने इसका कंस्ट्रक्शन 2024 में शुरू किया था और रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती बिल्ड सिर्फ 122 दिनों में पूरा किया गया.
कोलोसस की कंप्यूटिंग कैपेसिटी बढ़ने के साथ xAI ने अतिरिक्त कैपेसिटी को कमर्शियलाइज भी किया है. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने एक्सेस कंप्यूटिंग कैपेसिटी के लिए Google और Anthropic के साथ डील्स की हैं. जुलाई के आखिर में xAI ने मेम्फिस में चौथे डेटा सेंटर की प्लानिंग की घोषणा की थी, जिसका नाम मिनीहार्ड रखा गया है.
पहले भी ऑफिस में सो चुके हैं मस्क
काम के दौरान किसी प्रोजेक्ट के करीब रहना और साधारण अकॉमोडेशन में ठहरना मस्क के लिए नया नहीं है. Walter Isaacson की बायोग्राफी के मुताबिक, 1990 के दशक में Zip2 तैयार करने के दौरान मस्क और उनके भाई Kimbal ने पालो ऑल्टो के ऑफिस में करीब 6 महीने तक रातें बिताई थीं. X.com को लॉन्च करने की तैयारी के दौरान भी मस्क ऑफिस में डेस्क के नीचे सोते थे.
Tesla के Model 3 प्रोडक्शन के दौरान भी उनका वर्क शेड्यूल काफी इंटेंसिव रहा. मस्क ने बताया था कि उस समय वह कई बार सिर्फ 4 से 5 घंटे सोते थे और कभी-कभी फ्लोर पर भी सोना पड़ता था. 2022 में Twitter को खरीदने के बाद भी मस्क ने कंपनी के ऑफिस में समय बिताया था. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने सातवीं मंजिल की लाइब्रेरी में एक काउच को अपना अस्थायी ठिकाना बनाया था.
करोड़ों डॉलर की प्रॉपर्टीज भी रही हैं
मस्क के पास लग्जरी प्रॉपर्टीज भी रही हैं. उन्होंने 2012 में बेल एयर में 17 मिलियन डॉलर की मैंशन खरीदी थी, जिसमें 7 बेडरूम, 11 बाथरूम, टेनिस कोर्ट और टू-स्टोरी लाइब्रेरी थी. उनके पास सिलिकॉन वैली में करीब 32 मिलियन डॉलर की एस्टेट भी रही है. हालांकि, 2020 में उन्होंने कई प्रॉपर्टीज बेच दीं और टेक्सस चले गए.
यह भी पढ़ें: PM Modi Birthday: 1 साल में कितनी बदली भारत की इकोनॉमी? GDP से UPI तक देखें पूरा हिसाब