फोन में है ये 3 लोन ऐप तो हो जाएं सावधान! सरकार ने Google को हटाने का दिया आदेश
सरकार ने फर्जी और खतरनाक लोन ऐप के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. इन ऐप पर यूजर्स को जल्दी लोन और कम ब्याज का लालच देने, बाद में ज्यादा ब्याज वसूलने और आधार, वित्तीय जानकारी, कॉन्टैक्ट्स, गैलरी व कैमरा जैसी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच लेने के आरोप हैं. इससे पहले इसी महीने 6 दूसरे संदिग्ध लोन ऐप पर भी कार्रवाई हो चुकी है.

ऑनलाइन फर्जी और खतरनाक लोन ऐप के खिलाफ सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है. गृह मंत्रालय के तहत आने वाले Indian Cybercrime Coordination Centre यानी I4C ने गूगल को प्ले स्टोर से तीन और संदिग्ध लोन ऐप हटाने या इनकी पहुंच बंद करने का निर्देश दिया है. इन ऐप पर आरोप है कि ये तुरंत लोन और कम ब्याज का लालच देकर लोगों को फंसाते थे और बाद में उनसे भारी ब्याज वसूला जाता था.
I4C की Threat Analytics Unit ने 19 अगस्त को जारी नोटिस में तीन malicious loan applications की पहचान की. ये ऐप खासतौर पर उन एंड्रॉयड यूजर्स को निशाना बना रहे थे, जो जल्दी लोन मिलने की तलाश में थे.
ये 3 लोन ऐप सरकार के निशाने पर
I4C ने जिन तीन ऐप पर कार्रवाई की है, उनके नाम हैं.
- Horizon Cash Service.
- Money Score Monitor.
- Zelicredit.
एजेंसी के मुताबिक, ये ऐप खुद को असली और भरोसेमंद लोन देने वाले प्लेटफॉर्म के तौर पर पेश करते थे. इनमें जल्दी लोन मंजूर करने और कम ब्याज दरों का दावा किया जाता था. हालांकि, लोन मिलने के बाद ग्राहकों से कथित तौर पर बहुत ज्यादा ब्याज की मांग की जाती थी.
फोन का निजी डेटा भी लेते थे एक्सेस
I4C ने नोटिस में कहा कि इन ऐप को डाउनलोड करने के बाद कथित तौर पर यूजर्स के फोन में मौजूद कई संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच ली जा रही थी. इनमें आधार कार्ड की जानकारी, वित्तीय जानकारी, कॉन्टैक्ट्स, फोटो गैलरी और कैमरा तक का एक्सेस शामिल था.
एजेंसी के मुताबिक, इन ऐप के जरिए अपराधी लोगों की व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी जुटा रहे थे. I4C ने यह भी कहा कि इन ऐप का प्रचार प्ले स्टोर पर डिजिटल विज्ञापनों के जरिए किया जा रहा था.
गूगल को 3 घंटे के भीतर कार्रवाई का निर्देश
I4C ने गूगल को नोटिस मिलने के तीन घंटे के भीतर इन तीनों ऐप से जुड़े URLs हटाने या उनकी पहुंच बंद करने का निर्देश दिया था. यह आदेश Information Technology Act, 2000 की Section 79(3)(b) और IT Rules, 2021 के Rule 3(1)(d) के तहत जारी किया गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस आदेश का पालन कर लिया गया है. मामले पर Google से भी सवाल पूछे गए हैं और उसके जवाब का इंतजार किया जा रहा है.
इसी महीने 6 और ऐप पर हो चुकी है कार्रवाई
यह अगस्त महीने में I4C की दूसरी बड़ी कार्रवाई है. इससे पहले 7 अगस्त को एजेंसी ने Google को छह दूसरी संदिग्ध लोन ऐप हटाने का निर्देश दिया था.
इन ऐप के नाम थे.
- LoanOrbit.
- Hisab.
- Nexus Loan.
- One Fund.
- Credit Factor.
- Mobile Credit Prairie.
इन छह ऐप पर भी जल्दी लोन, कम ब्याज और आसान मंजूरी का लालच देकर लोगों को निशाना बनाने के आरोप लगे थे. साथ ही, इन ऐप पर आधार और वित्तीय जानकारी हासिल करने तथा कॉन्टैक्ट्स, गैलरी और कैमरा तक पहुंच मांगने के आरोप लगाए गए थे.
सिर्फ लोन ऐप नहीं, दूसरी संदिग्ध ऑनलाइन सेवाओं पर भी नजर
सरकार अब सिर्फ फर्जी लोन ऐप तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रख रही है. इससे पहले इसी महीने I4C ने Google के Firebase platform पर होस्ट की गई संदिग्ध वेबसाइट्स और डेटाबेस को लेकर भी कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए थे. Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में कम से कम 57 Firebase-hosted websites और databases कार्रवाई के दायरे में आए थे. इन पर malware फैलाने और संवेदनशील वित्तीय जानकारी चोरी करने जैसे आरोप थे.
यूजर्स को क्यों रहना चाहिए सतर्क?
यह कार्रवाई एक बार फिर दिखाती है कि तुरंत लोन देने का दावा करने वाले हर ऐप पर भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है. ऐसे ऐप कम ब्याज और कुछ ही मिनट में लोन मंजूर करने का लालच देते हैं, लेकिन यूजर्स को ऐप डाउनलोड करते समय मांगी जा रही परमिशन पर खास ध्यान देना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- Hindustan Copper का शेयर 6 फीसदी टूटा, डिस्काउंट पर OFS लाने से फिसला स्टॉक; जानें- डिटेल्स
खासकर कॉन्टैक्ट्स, फोटो गैलरी, कैमरा और वित्तीय जानकारी की अनावश्यक पहुंच मांगने वाले लोन ऐप से सतर्क रहना जरूरी है.