अमिताभ बच्चन और आर माधवन की को-स्टार के साथ बड़ा फ्रॉड! क्रेडिट कार्ड से उड़ गए लाखों रुपये
अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी के क्रेडिट कार्ड से बिना उनकी अनुमति के 2.43 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई. बैंक अलर्ट मिलने पर मामला सामने आया. पुलिस और साइबर विशेषज्ञ जांच कर रहे हैं कि कार्ड की जानकारी आखिर लीक कैसे हुई.

साइबर अपराध अब आम लोगों के साथ-साथ फिल्मी सितारों को भी अपना निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी का है. ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘फोर मोर शॉट्स प्लीज!’ जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में नजर आ चुकीं 43 वर्षीय अभिनेत्री के क्रेडिट कार्ड से बिना उनकी जानकारी के करीब 2.43 लाख रुपये की ठगी हो गई. इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
बैंक अलर्ट से हुआ ठगी का खुलासा
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 24 जुलाई की रात की है. कीर्ति कुल्हारी मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित एक मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने जा रही थीं. इसी दौरान उनके मोबाइल पर बैंक का एक अलर्ट आया, जिससे उन्हें पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से कुछ गड़बड़ हुई है.
मैसेज में बताया गया कि उनके कार्ड से करीब 2,525 डॉलर (लगभग 2.1 लाख रुपये) का भुगतान Aeromexico एयरलाइन के नाम पर किया गया है. यह देखकर अभिनेत्री हैरान रह गईं और उन्होंने तुरंत अपने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क किया.
एक नहीं, चार बार हुई ठगी
जब बैंक स्टेटमेंट की जांच की गई तो पता चला कि यह सिर्फ एक ट्रांजैक्शन नहीं था. जांच में सामने आया कि उनके क्रेडिट कार्ड से चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन किए गए थे और कुल मिलाकर 2.43 लाख रुपये से ज्यादा की रकम निकाल ली गई थी. बैंक ने तुरंत कार्ड ब्लॉक कर दिया, ताकि आगे किसी तरह की धोखाधड़ी न हो सके.
PIN या बैंक डिटेल किसी से साझा नहीं की
पुलिस के मुताबिक, मामले की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कीर्ति कुल्हारी ने कभी भी अपना कार्ड PIN, OTP या बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की.
यही वजह है कि जांच एजेंसियों को शक है कि उनके कार्ड की जानकारी किसी डिजिटल तरीके से चोरी की गई है, न कि सीधे किसी व्यक्ति को बताने की वजह से.
साइबर एक्सपर्ट्स कर रहे हैं जांच
कीर्ति की शिकायत के आधार पर अंबोली पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब साइबर विशेषज्ञों के साथ मिलकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार्ड की जानकारी आखिर लीक कैसे हुई.
जांच में यह देखा जा रहा है कि कहीं उनके मोबाइल फोन, किसी ऑनलाइन अकाउंट या किसी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कार्ड की जानकारी चोरी तो नहीं हुई. पुलिस ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों और बैंकिंग डेटा की जांच कर रही है.
करियर में व्यस्त हैं कीर्ति कुल्हारी
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कीर्ति कुल्हारी अपने करियर के नए दौर में हैं. उन्होंने हाल ही में अपने पहले प्रोडक्शन प्रोजेक्ट की शूटिंग पूरी की है. इससे पहले वह Mission Mangal, Criminal Justice, Human, Uri: The Surgical Strike और Four More Shots Please! जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में अपनी दमदार अभिनय के लिए पहचान बना चुकी हैं.
व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो कीर्ति ने इसी साल अभिनेता राजीव सिद्धार्थ के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था. फिलहाल साइबर ठगी के इस मामले की जांच जारी है. यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि साइबर अपराधियों के निशाने पर सिर्फ आम लोग ही नहीं, बल्कि नामी हस्तियां भी हैं.
यह भी पढ़ें- ईमेल, बुकिंग, खरीदारी… सब करेगा AI! भारत में आया Google का Gemini Spark