यूजर नेम से चलेगा WhatsApp, लेकिन सरकार को क्यों सता रहा डर! जानें कंपनी की सफाई और क्या है पूरा मामला

WhatsApp का नया यूजरनेम फीचर भारत में लॉन्च से पहले ही विवादों में घिर गया है. इस फीचर के तहत यूजर्स मोबाइल नंबर की बजाय यूनिक यूजरनेम के जरिए WhatsApp इस्तेमाल कर सकेंगे और बिना नंबर शेयर किए दूसरे लोगों से जुड़ पाएंगे. हालांकि, केंद्र सरकार को आशंका है कि इस फीचर का इस्तेमाल फर्जी पहचान बनाकर ऑनलाइन ठगी, इम्पर्सोनेशन और साइबर अपराध के लिए किया जा सकता है.

व्हाट्सएप Image Credit:

WhatsApp Username Feature: व्हाट्सएप का नया यूजरनेम फीचर भारत में लॉन्च से पहले ही विवादों में आ गया है. इस फीचर के तहत यूजर्स मोबाइल नंबर की जगह एक यूनिक यूजरनेम के जरिए व्हाट्सएप का इस्तेमाल कर सकेंगे. इससे बिना मोबाइल नंबर शेयर किए दूसरे लोगों से जुड़ा जा सकेगा. हालांकि, केंद्र सरकार को आशंका है कि इस फीचर का गलत इस्तेमाल फर्जी पहचान बनाकर ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध के लिए किया जा सकता है. इसी को लेकर सरकार ने मेटा को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर विस्तृत जवाब मांगा है. सरकार ने यह भी कहा है कि समीक्षा पूरी होने तक इस फीचर को भारत में लागू नहीं किया जाए. ऐसे में सवाल है कि व्हाट्सएप का यह नया फीचर क्या है. सरकार को इससे किस बात का डर है और इन चिंताओं पर कंपनी ने क्या सफाई दी है. आइए पूरा मामला विस्तार से समझते हैं.

क्या है WhatsApp का नया यूजरनेम फीचर ?

WhatsApp के नए यूजरनेम फीचर के तहत यूजर्स अपने मोबाइल नंबर की जगह एक यूनिक यूजरनेम का इस्तेमाल कर सकेंगे. इससे किसी नए व्यक्ति या किसी ग्रुप से जुड़ते समय मोबाइल नंबर बताने की जरूरत नहीं होगी. कंपनी का कहना है कि इससे यूजर्स की गोपनीयता पहले से ज्यादा मजबूत होगी.

सरकार को किस बात की है चिंता ?

वहीं, केंद्र सरकार का कहना है कि इस फीचर का गलत इस्तेमाल हो सकता है. कोई व्यक्ति किसी सरकारी विभाग, बैंक, कंपनी या किसी फेमस पर्सनालिटी और इंस्टिट्यूट से मिलता-जुलता यूजरनेम बनाकर लोगों को धोखा देने की कोशिश कर सकता है. इससे ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट और पहचान की चोरी जैसे मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है. इसी वजह से सरकार इस फीचर के सुरक्षा पहलुओं की समीक्षा कर रही है.

कंपनी ने क्या दी सफाई ?

सरकार की आपत्तियों के बाद WhatsApp ने अक्सर पूछे जाने वाले सवालों और उनके जवाब जारी किए हैं. कंपनी का कहना है कि यूजरनेम फीचर का मकसद केवल यूजर्स की गोपनीयता बढ़ाना है. कंपनी के मुताबिक फेमस पर्सनालिटी, सरकारी संस्थाओं, सेलिब्रिटी और Meta से सत्यापित अकाउंट के नाम पहले से सुरक्षित रखे गए हैं.

WhatsApp ने कौन-कौन से सुरक्षा उपाय बताए ?

कंपनी के मुताबिक यूजरनेम रखना पूरी तरह वैकल्पिक होगा. किसी भी यूजर का यूजरनेम खोजकर नहीं देखा जा सकेगा. यूजर्स चाहें तो यूजरनेम के साथ एक अतिरिक्त सुरक्षा कुंजी भी जोड़ सकते हैं. इसके बाद किसी व्यक्ति को संपर्क करने के लिए यूजरनेम के साथ वह सुरक्षा कुंजी भी पता होनी चाहिए.

कंपनी का कहना है कि किसी नए व्यक्ति का पहला मैसेज आने पर उसकी जानकारी और चेतावनी दिखाई जाएगी. इसके अलावा कंपनी ब्लॉक और रिपोर्ट पर लगातार नजर रखेगी. अगर किसी तरह की धोखाधड़ी या फर्जी पहचान की कोशिश होती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

इसके अलावा कंपनी ने यूजर्स की तमाम शंकाओं को दूर करने के लिए एक विस्तृत FAQ भी जारी किया है.

सवाल-जवाब में समझिए

  • सवाल. क्या यूजरनेम रखना जरूरी होगा?
  • जवाब. नहीं. यूजरनेम रखना पूरी तरह वैकल्पिक होगा.
  • सवाल. अगर पसंद का यूजरनेम नहीं मिला तो क्या होगा?
  • जवाब. कंपनी के मुताबिक इसके तीन कारण हो सकते हैं. पहला, वह पहले से Instagram या Facebook पर मौजूद हो. दूसरा, वह किसी सार्वजनिक हस्ती, सरकारी संस्था, सेलिब्रिटी या Meta से सत्यापित खाते के लिए सुरक्षित रखा गया हो. तीसरा, किसी दूसरे यूजर ने उसे पहले ही ले लिया हो. ऐसी स्थिति में यूजरनेम जनरेटर का इस्तेमाल किया जा सकता है.
  • सवाल. अगर कोई मेरे जैसा यूजरनेम बनाकर धोखा देने की कोशिश करे तो?
  • जवाब. कंपनी का कहना है कि फिलहाल यूजरनेम के जरिए संदेश भेजने की सुविधा शुरू नहीं हुई है। जब यह सुविधा शुरू होगी तो नए व्यक्ति के पहले संदेश पर उसके देश की जानकारी और चेतावनी दिखाई जाएगी। सार्वजनिक हस्तियों के नाम और उनके मिलते-जुलते नाम पहले से सुरक्षित रखे गए हैं। कंपनी ब्लॉक और रिपोर्ट पर भी नजर रखेगी और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करेगी।
  • सवाल. क्या कोई भी मेरा यूजरनेम जानकर मुझे संदेश भेज सकता है?
  • जवाब. नहीं. WhatsApp के मुताबिक जिस तरह मोबाइल नंबर खोजकर किसी से संपर्क नहीं किया जा सकता, उसी तरह यूजरनेम भी खोजा नहीं जा सकेगा. यूजर्स चाहें तो अतिरिक्त सुरक्षा कुंजी जोड़ सकते हैं. इसके अलावा अनजान लोगों के लिए चेतावनी, ब्लॉक और रिपोर्ट जैसी सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी.
  • सवाल. यूजरनेम सुरक्षा कुंजी क्या है?
  • जवाब. यह एक अतिरिक्त सुरक्षा सुविधा है. इसे चालू करने के बाद किसी व्यक्ति को संपर्क करने के लिए यूजरनेम और सुरक्षा कुंजी दोनों की जानकारी होनी चाहिए. यूजर किसी भी समय अपनी सुरक्षा कुंजी बदल सकता है.
  • सवाल. क्या Instagram या Facebook अकाउंट लिंक करना जरूरी होगा?
  • जवाब. केवल तब, जब यूजर वही यूजरनेम चाहता हो जो उसके Instagram या Facebook अकाउंट पर पहले से मौजूद है. इसके बाद अकाउंट को अलग भी किया जा सकता है या WhatsApp के लिए अलग यूजरनेम चुना जा सकता है.
  • सवाल. क्या बाद में यूजरनेम बदला जा सकेगा?
  • जवाब. हां. अगर नया यूजरनेम उपलब्ध होगा तो उसे बदला जा सकेगा.

इसे भी पढ़ें- दिल्ली में जल्द लॉन्च होगा EV पोर्टल, अब घर बैठे करें सब्सिडी के लिए आवेदन; सीधे खाते में आएगा इंसेंटिव