EPFO 3.0 का बड़ा तोहफा! मिलेगा नया ATM Card, मिनटों में निकाल सकेंगे PF का पैसा
PFO 3.0 के तहत करोड़ों EPF खाताधारकों को जल्द ATM कार्ड और UPI के जरिए PF निकालने की सुविधा मिल सकती है. मौजूदा नियमों के अनुसार पात्र सदस्य अपने PF बैलेंस का 75 फीसदी तक निकाल सकेंगे, हालांकि अंतिम गाइडलाइन का इंतजार है.

EPFO 3.0 ATM Card: देश के करोड़ों कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाताधारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही EPFO 3.0 लॉन्च करने की तैयारी में है. इस नए डिजिटल प्लेटफॉर्म के लागू होने के बाद सदस्य अपने PF खाते से UPI और ATM के जरिए पहले से कहीं अधिक तेजी से पैसा निकाल सकेंगे. हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक बार में कितनी राशि निकाली जा सकेगी और क्या इसके लिए अलग ATM Card मिलेगा?
एक बार में कितना PF निकाल सकेंगे
EPFO ने फिलहाल UPI या ATM के जरिए निकासी की अलग से कोई सीमा तय नहीं की है. ऐसे में माना जा रहा है कि मौजूदा EPF निकासी नियम ही लागू रहेंगे. वर्तमान नियमों के अनुसार, पात्र सदस्य अपनी जरूरत और निर्धारित शर्तों के आधार पर अपने PF बैलेंस का 75 फीसदी तक हिस्सा निकाल सकते हैं.
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि EPFO 3.0 के तहत भी पात्र सदस्य उपलब्ध बैलेंस का 75 फीसदी तक पैसा तुरंत अपने लिंक्ड बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे. हालांकि, निकासी की अंतिम सीमा, पात्रता और प्रक्रिया को लेकर विस्तृत जानकारी EPFO की आधिकारिक गाइडलाइन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
क्या मिलेगा अलग ATM Card
EPFO 3.0 की सबसे बड़ी खासियत PF-linked ATM Card मानी जा रही है. Business Today की रिपोर्ट के मुताबिक, EPFO अपने सदस्यों को ऐसा विशेष ATM Card उपलब्ध करा सकता है, जिसकी मदद से वे सामान्य डेबिट कार्ड की तरह ATM से सीधे पात्र राशि निकाल सकेंगे.
इस सुविधा का उद्देश्य लंबी क्लेम प्रक्रिया को खत्म करना और सदस्यों को जरूरत पड़ने पर तुरंत पैसा उपलब्ध कराना है. हालांकि, EPFO ने अभी तक अलग ATM Card जारी करने को लेकर कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की है. इसलिए फिलहाल इसे प्रस्तावित सुविधा के तौर पर ही देखा जा रहा है.
कैसे करेगा काम नया सिस्टम
नई व्यवस्था National Payments Corporation of India (NPCI) के सहयोग से तैयार की जा रही है. रिपोर्ट के अनुसार, इस सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और इसे जल्द लागू किया जा सकता है. नई व्यवस्था में सदस्य आधार आधारित OTP Verification के जरिए अपनी पहचान सत्यापित करेंगे.
इसके बाद वे UPI App या ATM के माध्यम से निकासी का अनुरोध कर सकेंगे. सफल सत्यापन के बाद राशि लगभग तुरंत सदस्य के लिंक्ड बैंक खाते में पहुंचने की उम्मीद है. इससे वर्तमान व्यवस्था की तुलना में काफी समय बचेगा. अभी PF निकालने के लिए ऑनलाइन क्लेम जमा करने के बाद कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है.
खाते में रखना पड़ सकता है 25 फीसदी बैलेंस
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई व्यवस्था में सदस्यों को अपने EPF खाते में कम से कम 25 फीसदी बैलेंस बनाए रखना पड़ सकता है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रिटायरमेंट के लिए कर्मचारियों की न्यूनतम बचत सुरक्षित रहे. हालांकि, इस नियम को लेकर भी EPFO की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
किन लोगों को मिलेगी सुविधा
नई डिजिटल निकासी सुविधा का लाभ लेने के लिए सदस्यों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी. इसके तहत सक्रिय UAN का आधार से लिंक होना जरूरी होगा. साथ ही PAN, सत्यापित बैंक खाता, सही IFSC कोड और OTP के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी अपडेट होना चाहिए.
यह भी पढ़ें: Kotak Mahindra Bank में होगा बड़ा बदलाव, Ashok Vaswani साल के अंत में छोड़ेंगे MD & CEO का पद