ओमान में ड्रोन हमले में 2 भारतीयों की मौत, 10 घायल; MEA ने दी जानकारी

ओमान के सोहर शहर में हुए ड्रोन हमले में 2 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य भारतीय घायल हो गए. विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन और संबंधित कंपनी के संपर्क में है और प्रभावित भारतीयों को हर संभव सहायता दी जा रही है. यह हमला सोहर के अल-अवाही इंडस्ट्रियल एरिया में हुआ.

ड्रोन अटैक Image Credit: FREE PIK

Oman Drone Attack: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ओमान के सोहर शहर में हुए ड्रोन हमले में 2 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई. इस दौरान 10 अन्य भारतीय घायल हो गए. विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन और संबंधित कंपनी के संपर्क में है और सभी प्रभावित भारतीयों को सहायता प्रदान की जा रही है.

सोहर शहर में हुआ हमला

विदेश मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी (Gulf) असीम आर महाजन ने बताया कि यह घटना ओमान के सोहर शहर में हुई. इस हमले में कुल 11 लोग घायल हुए, जिनमें 10 भारतीय नागरिक शामिल हैं. घायलों में से 5 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी 5 लोगों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है.

MEA ने जताया शोक

विदेश मंत्रालय ने हमले में मारे गए भारतीय नागरिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी घायल भारतीय की हालत गंभीर नहीं बताई गई है. सरकार के अनुसार ओमान में भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों और संबंधित कंपनी के साथ लगातार संपर्क में है. भारतीय नागरिकों को हर संभव मदद दी जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

औद्योगिक क्षेत्र में ड्रोन हमला

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह ड्रोन हमला सोहर के अल-अवाही इंडस्ट्रियल एरिया में हुआ, जहां एक ड्रोन गिरने से 2 नागरिकों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. यह घटना ऐसे समय हुई है जब मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण पूरे क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति संवेदनशील बनी हुई है. अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: इस IPO पर रिटेल निवेशक फिदा! आखिरी दिन 100X सब्सक्राइब हुआ इश्यू, ₹40000 तक लिस्टिंग गेन का संकेत दे रहा GMP

रणधीर जायसवाल ने एक्स पर दी जानकारी

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर जानकारी दी. उन्होंने एक्स पर कहा कि पश्चिमी एशिया में जारी संघर्ष के दौरान ओमान के सोहर में हुए हमले में आज हमने 2 भारतीय नागरिकों को खो दिया. कई अन्य भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं. हम मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.