US Visa Appointment: दुनिया भर में वीजा अपॉइंटमेंट में बदलाव, जानें क्या है वजह
अमेरिका ने दुनिया भर में वीजा अपॉइंटमेंट प्रक्रिया में अस्थायी बदलाव किया है. अमेरिकी विदेश विभाग ने सभी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में वैश्विक ट्रेनिंग शुरू किया है, जिसके कारण कुछ वीजा अपॉइंटमेंट दोबारा तय की जाएंगी. आवेदकों को नई तारीख की जानकारी बाद में दी जाएगी.

अमेरिका ने दुनिया भर में वीजा आवेदकों की अपॉइंटमेंट सिस्टम में अस्थायी बदलाव किया है. अमेरिकी विदेश विभाग ने सभी अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में कर्मचारियों के लिए ग्लोबल ट्रेनिंग शुरू किया है. इस ट्रेनिंग के कारण कई वीजा अपॉइंटमेंट को बदला या फिर से तय किया जा रहा है. जिन आवेदकों की अपॉइंटमेंट प्रभावित होगी उन्हें नई तारीख की जानकारी बाद में दी जाएगी. कई आवेदकों को अपॉइंटमेंट बदलने की सूचना ईमेल के जरिए मिली है. यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब ट्रंप प्रशासन ने इमिग्रेशन नियमों को लेकर सख्ती बढ़ाई है.
दुनिया भर में वीजा अपॉइंटमेंट पर असर
अमेरिकी विदेश विभाग ने दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में कर्मचारियों के लिए ग्लोबल ट्रेनिंग शुरू किया है. इस ट्रेनिंग के कारण वीजा सर्विस से जुड़ी कई अपॉइंटमेंट में बदलाव किया जा रहा है. कुछ आवेदकों को उनकी तय अपॉइंटमेंट बदलने की जानकारी ईमेल से मिली है.
प्रभावित आवेदकों को नई अपॉइंटमेंट की तारीख बाद में बताई जाएगी. विदेश विभाग ने अभी इस बदलाव की पूरी समय सीमा की जानकारी नहीं दी है. इसलिए आवेदकों को अपने ईमेल और दूतावास से मिलने वाली जानकारी पर नजर रखनी होगी.
अमेरिका में क्यों शुरू किया गया ट्रेनिंग
अमेरिकी विदेश विभाग ने ट्रेनिंग की पूरी जानकारी पब्लिक नहीं की है. विभाग के अनुसार इसका मकसद वाणिज्य दूतावास अधिकारियों को बेहतर जांच के लिए तैयार करना है. अधिकारी वीजा आवेदकों की जानकारी और उनकी परिस्थितियों का ज्यादा ध्यान से वैल्यूएशन करेंगे.
इसमें यह भी देखा जाएगा कि कोई आवेदक भविष्य में अमेरिकी सरकारी सहायता पर निर्भर हो सकता है या नहीं. विभाग वीजा आवेदनों की जांच को एक समान बनाने पर भी जोर दे रहा है. इसी प्रक्रिया के कारण कुछ अपॉइंटमेंट को दोबारा तय किया जा रहा है.
ट्रंप प्रशासन ने बढ़ाई इमिग्रेशन पर सख्ती
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका ने इमिग्रेशन नियमों को सख्त किया है. प्रशासन की ओर से वीजा और ग्रीन कार्ड से जुड़ी कई कार्रवाइयां की गई हैं. कुछ मामलों में अलग- अलग कारणों के आधार पर आवेदन खारिज भी किए गए हैं.
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि इन कदमों का मकसद देश की सुरक्षा को मजबूत करना है. इन नीतियों का असर कानूनी इमिग्रेशन की प्रक्रियाओं पर भी दिखाई दे रहा है. ऐसे में नई वीजा जांच प्रक्रिया को इसी व्यापक नीति से जोडकर देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें- अमेरिका ने ईरान पर ‘इकोनॉमिक D-डे’ जैसे प्रतिबंधों का किया ऐलान, दुनिया भर के देशों से कहा तेहरान से तोड़ें नाता
मानवाधिकार संगठनों ने जताई चिंता
ट्रंप प्रशासन की सख्त इमिग्रेशन नीतियों की कई मानवाधिकार संगठनों ने आलोचना की है. इन संगठनों का कहना है कि नई नीतियों से कुछ लोगों के लिए अमेरिका जाना मुश्किल हो सकता है.
उन्होंने जांच प्रक्रिया में भेदभाव की आशंका को लेकर भी चिंता जताई है. कुछ संगठनों ने नस्ली पहचान के आधार पर जांच बढ़ने की आशंका जाहिर की है. उनका कहना है कि ऐसी नीतियों से कुछ समुदायों में असुरक्षा बढ़ सकती है.