Creta Electric खरीदना हुआ आसान, Hyundai ने लॉन्च किया BaaS मॉडल; 11 लाख रुपये में मिलेगी चमचमाती कार

Hyundai Motor India ने Hyundai Creta Electric के लिए Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल लॉन्च किया है, जिससे इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत घटकर 10.99 लाख रुपये हो गई है. हालांकि, इस कीमत में बैटरी शामिल नहीं है और उसके लिए अलग से सब्सक्रिप्शन या ईएमआई प्लान लेना होगा.

Hyundai Creta Electric Image Credit: tv9 bharatvarsh

Hyundai Creta Electric: इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए हुंडई मोटर इंडिया ने बड़ा ऐलान किया है. कंपनी ने Hyundai Creta Electric के लिए बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) मॉडल लॉन्च किया है. इस नई व्यवस्था के तहत एसयूवी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत घटकर 10.99 लाख रुपये हो गई है. हालांकि, इस कीमत में बैटरी शामिल नहीं होगी. बैटरी के लिए ग्राहकों को अलग से मासिक भुगतान करना होगा.

क्या है बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) मॉडल

बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) एक ऐसा मॉडल है, जिसमें ग्राहक कार और बैटरी को अलग-अलग खरीदते हैं. इससे कार की शुरुआती कीमत कम हो जाती है, जबकि बैटरी का भुगतान किराये या ईएमआई के रूप में किया जाता है. हुंडई के मुताबिक, इस योजना के तहत बैटरी का भुगतान 3.9 रुपये प्रति किलोमीटर से शुरू होने वाले प्लान के जरिए किया जा सकेगा.

कंपनी का मानना है कि इलेक्ट्रिक व्हीकल की सबसे बड़ी चुनौती उसकी ऊंची शुरुआती कीमत है. बैटरी की लागत को अलग करने से ग्राहकों पर शुरुआती आर्थिक बोझ कम होगा और अधिक लोग ईवी खरीदने के लिए प्रेरित होंगे.

कितनी है Hyundai Creta Electric की कीमत

बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) मॉडल से पहले Hyundai Creta Electric की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 18.02 लाख रुपये थी. अब बिना बैटरी के इसकी शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये हो गई है. वहीं, वेरिएंट के आधार पर इसकी अधिकतम कीमत 24.55 लाख रुपये तक जाती है.

दो बैटरी पैक का विकल्प

Hyundai Creta Electric दो बैटरी पैक के विकल्प के साथ आती है.

  • 42 kWh बैटरी पैक: एक बार चार्ज करने पर 420 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज.
  • 51.4 kWh बैटरी पैक: एक बार चार्ज करने पर 510 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज.

फास्ट चार्जिंग की सुविधा

Hyundai Creta Electric में डीसी फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है. कंपनी के अनुसार, इसकी बैटरी 10 फीसदी से 80 फीसदी तक लगभग 39 मिनट में चार्ज हो जाती है.

मिलते हैं कई एडवांस फीचर्स

Hyundai Creta Electric में कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं, जिनमें शामिल हैं-

  • व्हीकल-टू-लोड (V2L)
  • हुंडई स्मार्टसेंस लेवल 2 एडीएएस
  • डिजिटल की
  • आई-पेडल सिंगल ड्राइव सिस्टम
  • एक्टिव एयर फ्लैप्स
  • बैटरी पर 8 साल या 1.6 लाख किलोमीटर की वारंटी
  • ईवी इकोसिस्टम को भी मजबूत कर रही हुंडई

हुंडई केवल इलेक्ट्रिक कारें ही नहीं ला रही है, बल्कि चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार पर भी तेजी से काम कर रही है. कंपनी की योजना अगले 7 वर्षों में देशभर में करीब 600 फास्ट पब्लिक ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने की है. फिलहाल हुंडई 183 लोकेशन पर चार्जिंग नेटवर्क स्थापित कर चुकी है, जहां 214 डीसी फास्ट चार्जर और 399 चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध हैं.

यह भी पढ़ें: Power Stocks Crash: चीनी कंपनियों को सरकारी टेंडर में एंट्री, 9% तक टूटे Hitachi Energy-CG Power समेत ये स्टॉक