Mahindra Scorpio N Facelift Vs Tata Safari: किस SUV पर लगाएं पैसा? यहां समझें दोनों में फर्क
Mahindra Scorpio N 2026 Facelift को हाल ही में लॉन्च किया गया है, ये एसयूवी टाटा मोटर्स की पॉपुलर एसयूवी टाटा सफारी को टक्कर देती है. दोनों ही गाड़ियों दमदार इंजन और शानदार फीचर्स से पैक्ड हैं, ऐसे में कंफ्यूजन होना लाजमी है. कीमत से लेकर फीचर्स और इंजन तक, दोनों ही गाड़ियां एक-दूसरे से कितनी अलग हैं? आइए जानते हैं.

Mahindra ने हाल ही में Scorpio N Facelift को लॉन्च किया है और इस नई SUV में हर वो फीचर देने की कोशिश की है जो पिछले मॉडल में नहीं है. फेसलिफ्ट अवतार के साथ महिंद्रा ने इस एसयूवी को एक कम्पलीट पैकेज बनाया है जो अपने सेगमेंट में कड़ी प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार है. महिंद्रा की इस एसयूवी की टक्कर टाटा मोटर्स की पॉपुलर एसयूवी Tata Safari से होगी जो बोल्ड डिजाइन, फीचर्स से भरपूर इंटीरियर और बढ़िया सेफ्टी के साथ आती है.
ऐसे में आप भी इस उलझन में हैं कि किस एसयूवी पर पैसे लगाएं है तो पहले कंपेरिजन पढ़ें और फिर डिसाइड करें कि आपको किस एसयूवी पर दांव लगाना है.
2026 Scorpio N Facelift Price vs Tata Safari Price
महिंद्रा की इस नई एसयूवी की कीमत 13.69 लाख (एक्स शोरूम)से 25.49 लाख (एक्स शोरूम) तक है. वहीं, दूसरी ओर टाटा एसयूवी की कीमत 13.40 लाख (एक्स शोरूम) से 26.76 लाख (एक्स शोरूम) तक है. बेस वेरिएंट में टाटा सफारी लगभग 29 हजार रुपए सस्ती है. वहीं, टॉप वेरिएंट में टाटा की गाड़ी महिंद्रा से 1.27 लाख महंगी है.
डाइमेंशन डिटेल्स
- लंबाई: स्कॉर्पियो की लंबाई 4662mm तो सफारी की लंबाई 4668mm है, लंबाई में सफारी थोड़ी बड़ी है.
- चौड़ाई: स्कॉर्पियो की चौड़ाई 1917mm, सफारी की चौड़ाई 1922mm है. चौड़ाई के मामले में भी सफारी थोड़ी चौड़ी है.
- ऊंचाई: स्कॉर्पियो की ऊंचाई 1857mm, सफारी की ऊंचाी 1795mm है. ऊंचाई के मामले में महिंद्रा आगे है.
- व्हीलबेस: स्कॉर्पियो का व्हीलबेस 2750mm, सफारी का व्हीलबेस 2741mm है. व्हीलबेस के मामले में महिंद्रा ने बाजी मार ली है.
इंजन डिटेल्स
कार देखो के मुताबिक, महिंद्रा स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट आपको 2 लीटर टर्बो पेट्रोल के साथ मिलेगी जो 203PS पावर और 380Nm टॉर्क जेनरेट करता है. ये वेरिएंट आपको 6 स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और रियर व्हील ड्राइव ऑप्शन के साथ मिलेगा. वहीं आपको mStallion 2.2 लीटर डीजल इंजन भी मिलेगा जो 175PS तक पावर और 400Nm तक टॉर्क जेनरेट करता है. ये वेरिएंट मैनुअल या 6 स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और RWD/4WD (4 व्हील ड्राइव)में आप खरीद पाएंगे.
वहीं, दूसरी ओर सफारी mHawk 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन में मिलेगी जो 170PS पावर और 380Nm टॉर्क जेनरेट करता है. इस वेरिएंट को 6 स्पीड ऑटोमैटिक और मैनुअल ट्रांसमिशन में खरीद पाएंगे. ये गाड़ी आपको फ्रंट व्हील ड्राइव ऑप्शन में मिलेगी.2 लीटर टर्बो डीजल वेरिएंट भी 170PS पावर और 350Nm टॉर्क जेनरेट करता है. इस वेरिएंट को 6 स्पीड मैनुअल और 6 स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और फ्रंट व्हील ड्राइव ऑप्शन में खरीद पाएंगे.
फीचर्स की तुलना
- स्कॉर्पियो N फेसलिफ्ट और टाटा सफारी में बहुत सारे फीचर हैं जैसे कि ऑटो हेडलैंप और रेन-सेंसिंग वाइपर, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले के साथ बड़ी इंफोटेनमेंट स्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस फोन चार्जिंग वेंटिलेटेड सीट और प्रीमियम साउंड सिस्टम.
- सफारी में सेकंड रो में भी वेंटिलेटेड सीट हैं.
- स्कॉर्पियो N फेसलिफ्ट में 12.3 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट स्क्रीन है, जबकि टाटा सफारी में बड़ी 14.5 इंच की टचस्क्रीन यूनिट है.
सेफ्टी फीचर्स
- दोनों एसयूवी में लेवल-2 ADAS, 360 डिग्री कैमरा और फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर मिलता है लेकिन स्कॉर्पियो N फेसलिफ्ट में 540 डिग्री कैमरा है जो तंग और पतली सड़कों पर बेहतर विजिबिलिटी देता है.
- टाटा सफारी में 7 एयरबैग हैं, जो इसे सेफ्टी में आगे रखते हैं, जबकि स्कॉर्पियो N फेसलिफ्ट में 6 एयरबैग हैं.
- स्कॉर्पियो N में 12 स्पीकर सोनी साउंड सिस्टम है जबकि टाटा सफारी में 10 स्पीकर वाला JBL साउंड सिस्टम है.
- टाटा सफारी को BNCAP पर 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है और अभी मौजूदा स्कॉर्पियो N को ग्लोबल NCAP में 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है. फेसलिफ्ट की टेस्टिंग होनी अभी बाकी है लेकिन फेसलिफ्ट के साथ भी 5 स्टार रेटिंग की उम्मीद की जा सकती है.
ये भी पढ़ें- Maruti Brezza 2026 Facelift में नहीं मिलते ये 5 धांसू फीचर्स, खरीदने से पहले जान लें