मारुति सुजुकी करने वाली है बड़ा धमाका, 2026 में लॉन्च होंगी 4 नई कारें; EV से SUV तक सब शामिल

मारुति सुजुकी 2026 में अपने पोर्टफोलियो को मजबूत करने के लिए 4 नई कारें लॉन्च करने की तैयारी में है. इनमें Brezza फेसलिफ्ट, Wagon R अपडेट, एक नई इलेक्ट्रिक MPV और Grand Vitara फेसलिफ्ट शामिल हो सकते हैं. कंपनी SUV और EV सेगमेंट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए नए फीचर्स और एडवांस टेक्नोलॉजी पर फोकस कर रही है. खास तौर पर इलेक्ट्रिक MPV और अपडेटेड SUV मॉडल्स ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं.

मारुति सुजुकी Image Credit: Getty image

Maruti Suzuki new cars 2026: भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इस साल अपने पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की तैयारी में है. हाल ही में e Vitara लॉन्च करने के बाद कंपनी अब 2026 में कम से कम चार नई कारों को बाजार में उतारने की योजना बना रही है. बढ़ती प्रतिस्पर्धा, खासकर SUV और EV सेगमेंट में, को देखते हुए कंपनी अपने पॉपुलर मॉडल्स को अपडेट करने के साथ-साथ नए सेगमेंट में भी एंट्री कर रही है. इन लॉन्च में Brezza फेसलिफ्ट, Wagon R अपडेट, एक नई इलेक्ट्रिक MPV और Grand Vitara फेसलिफ्ट शामिल हो सकते हैं.

Brezza फेसलिफ्ट: डिजाइन और फीचर्स में बड़ा बदलाव

मारुति सुजुकी का अगला बड़ा लॉन्च Brezza का फेसलिफ्ट वर्जन हो सकता है. 2022 में लॉन्च हुई इस कॉम्पैक्ट SUV को अब मिड-साइकिल अपडेट दिया जाएगा. नए मॉडल में री-डिजाइन्ड बंपर, नई रेडिएटर ग्रिल, अपडेटेड एलईडी हेडलैम्प्स और टेल लैम्प्स देखने को मिल सकते हैं. इसके अलावा 16-इंच अलॉय व्हील्स और पहली बार पैनोरामिक सनरूफ जैसे फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं. केबिन में 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है.

Wagon R: नए फीचर्स और बेहतर CNG स्पेस

Brezza के बाद कंपनी Wagon R का दूसरा फेसलिफ्ट ला सकती है. 2022 से बाजार में मौजूद इस हैचबैक को नए डिजाइन अपडेट्स के साथ पेश किया जा सकता है. इसमें नई ग्रिल, नए कलर ऑप्शंस और यूएसबी टाइप-सी जैसे टेक्नोलॉजी फीचर्स मिल सकते हैं. खास बात यह है कि CNG वेरिएंट में अंडरबॉडी CNG टैंक दिया जा सकता है, जिससे बूट स्पेस बेहतर होगा.

इलेक्ट्रिक MPV: EV सेगमेंट में बड़ा दांव

मारुति सुजुकी अपनी पहली इलेक्ट्रिक MPV भी लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसे फिलहाल YMC कोडनेम दिया गया है. यह मॉडल e Vitara के प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा और Kia Carens Clavis EV को टक्कर देगा. इसमें दो बैटरी ऑप्शन मिल सकते हैं जिसमें 48.8 kWh और 61.1 kWh शामिल है जो क्रमशः लगभग 400 किलोमीटर और 500 किलोमीटर की रेंज दे सकते हैं. यह लॉन्च फेस्टिव सीजन के आसपास होने की संभावना है.

Grand Vitara फेसलिफ्ट: बढ़ती प्रतिस्पर्धा का जवाब

मिड-साइज SUV सेगमेंट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए मारुति सुजुकी Grand Vitara का फेसलिफ्ट वर्जन भी ला सकती है. इसमें नए बंपर, 17-इंच अलॉय व्हील्स, री-डिजाइन्ड लाइट्स और एडवांस्ड फीचर्स जैसे लेवल 2 ADAS, 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और जेस्चर-कंट्रोल्ड टेलगेट शामिल हो सकते हैं. हालांकि इंजन और ट्रांसमिशन में बदलाव की संभावना कम है.

यह भी पढ़ें: ‘होर्मुज खोलो’ ट्रंप ने फिर दी ईरान को चेतावनी, कहा- स्ट्रेट खोल दो वरना नरक जैसी हालत में पहुंच जाओगे