Amul से Kwality Wall’s तक किससे भिड़ेगी अंबानी की बॉम्बे क्रीमरी? ₹10 से शुरुआत, कोन-टब-स्टिक में आएगी पूरी रेंज
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने बॉम्बे क्रीमरी के साथ आइसक्रीम बाजार में एंट्री की है. कंपनी ने 10 रुपये से शुरुआती कीमत रखी है और कोन, कप, टब, बार व स्टिक जैसे कई फॉर्मेट में उत्पाद पेश किए हैं. इसका मुकाबला अमूल, क्वालिटी वॉल्स, वाडीलाल, मदर डेयरी, हवमोर और अरुण जैसे स्थापित ब्रांड्स से होगा.
Highlights
- रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (RCPL) ने ‘बॉम्बे क्रीमरी’ नाम से आइसक्रीम ब्रांड लॉन्च किया है.
- इसकी कीमत ₹10 से शुरू है.
- बॉम्बे क्रीमरी सिर्फ एक तरह की आइसक्रीम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसे अलग-अलग फॉर्मेट में उत्पाद पेश होगी.
Ambani Ice Cream: रिलायंस ने अब आइसक्रीम बाजार में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है और इस बार मुकाबला पहले से स्थापित बड़े खिलाड़ियों से है. रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (RCPL) ने ‘बॉम्बे क्रीमरी’ नाम से आइसक्रीम ब्रांड लॉन्च किया है. कंपनी ने इसकी कीमत 10 रुपये से शुरू की है. खास बात यह है कि बॉम्बे क्रीमरी सिर्फ एक तरह की आइसक्रीम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसे अलग-अलग फॉर्मेट में उत्पाद पेश करेगी.
अमूल, क्वालिटी वॉल्स, वाडीलाल समेत इन कंपनियों से होगा मुकाबला
बॉम्बे क्रीमरी की एंट्री ऐसे बाजार में हुई है जहां पहले से कई बड़े और मजबूत ब्रांड मौजूद हैं. अमूल, क्वालिटी वॉल्स, वाडीलाल, मदर डेयरी और हवमोर जैसे ब्रांड इस बाजार में अपनी मजबूत पकड़ रखते हैं. इसके अलावा अरुण जैसे क्षेत्रीय स्तर पर मजबूत ब्रांड भी रिलायंस के सामने चुनौती पेश करेंगे.
रिलायंस के लिए चुनौती सिर्फ बड़े ब्रांड के नामों तक सीमित नहीं है. इन कंपनियों के पास पहले से मजबूत वितरण नेटवर्क, रिटेल में मौजूदगी और ग्राहकों के बीच पहचान है. ऐसे में बॉम्बे क्रीमरी को बाजार में अपनी जगह बनाने के लिए कीमत के साथ-साथ उत्पाद की गुणवत्ता और उपलब्धता पर भी जोर देना होगा.
₹10 से शुरू होगी कीमत, कई फॉर्मेट में मिलेंगे उत्पाद
बॉम्बे क्रीमरी की सबसे बड़ी खासियत इसकी शुरुआती कीमत है. कंपनी ने आइसक्रीम की कीमत 10 रुपये से शुरू की है. इसके उत्पाद कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसे अलग-अलग फॉर्मेट में उपलब्ध होंगे यानी कंपनी छोटे पैक से लेकर बड़े पैक तक अलग-अलग जरूरत और बजट वाले ग्राहकों को साधने की कोशिश करेगी.
इससे रिलायंस को बाजार के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ उतरने का मौका मिलेगा. कम कीमत वाले छोटे पैक के जरिए नए ग्राहकों को जोड़ा जा सकता है, जबकि टब और दूसरे बड़े फॉर्मेट परिवारों के लिए ज्यादा उपयुक्त हो सकते हैं.
सिर्फ सस्ती आइसक्रीम नहीं, डेयरी क्रीम पर भी जोर
रिलायंस ने बॉम्बे क्रीमरी को सिर्फ कम कीमत वाले ब्रांड के तौर पर पेश नहीं किया है. कंपनी इसे अफोर्डेबल प्रीमियम डेयरी आइसक्रीम के तौर पर स्थापित करना चाहती है. RCPL के मुताबिक, इसके उत्पाद असली डेयरी क्रीम से बनाए गए हैं.
RCPL के निदेशक टी. कृष्णकुमार ने कहा है कि कंपनी ने बॉम्बे क्रीमरी को इस सोच के साथ तैयार किया है कि डेयरी उत्पादों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए. कंपनी का फोकस असली डेयरी सामग्री और किफायती कीमत के साथ आइसक्रीम उपलब्ध कराने पर है.
पहले पश्चिमी भारत, फिर देशभर में विस्तार
बॉम्बे क्रीमरी की शुरुआत पश्चिमी भारत से की गई है। इसके बाद कंपनी इसे धीरे-धीरे देश के दूसरे हिस्सों में ले जाने की योजना बना रही है. हालांकि कंपनी ने अभी पूरे देश में विस्तार पूरा करने की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई है.
इस विस्तार में रिलायंस को अपने पहले से मौजूद वितरण और रिटेल नेटवर्क का फायदा मिलने की उम्मीद है. RCPL ने कहा है कि वह अपनी राष्ट्रीय वितरण व्यवस्था, रिटेल पहुंच और उपभोक्ताओं से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल इस कारोबार को बढ़ाने में करेगी.
रिलायंस के लिए क्यों अहम है यह बाजार?
भारत का आइसक्रीम बाजार तेजी से बढ़ रहा है और इसमें पुराने ब्रांड के साथ कई नए ब्रांड भी अपनी जगह बना रहे हैं. गो जीरो, नोट्टो और गेट-अ-वे जैसे नए ब्रांड भी बाजार में मौजूद हैं। क्विक-कॉमर्स के बढ़ते इस्तेमाल ने भी आइसक्रीम जैसी तुरंत खरीदी जाने वाली चीजों की पहुंच बढ़ाई है.
ऐसे बाजार में रिलायंस की बड़ी ताकत उसका वितरण और रिटेल नेटवर्क है. कंपनी पहले से कई एफएमसीजी श्रेणियों में विस्तार कर रही है और बॉम्बे क्रीमरी उसके इसी बढ़ते पोर्टफोलियो का नया हिस्सा है.
अमूल और क्वालिटी वॉल्स के सामने क्या होगी असली चुनौती?
बॉम्बे क्रीमरी के सामने सबसे बड़ी चुनौती उन कंपनियों से होगी जिनके उत्पाद ग्राहकों को पहले से पसंद हैं. अमूल और क्वालिटी वॉल्स के अलावा वाडीलाल, मदर डेयरी, हवमोर और अरुण जैसे ब्रांड भी अलग-अलग बाजारों में मजबूत मौजूदगी रखते हैं.
इसलिए रिलायंस के लिए सिर्फ 10 रुपये की कीमत रखना पर्याप्त नहीं होगा. उसे यह भी सुनिश्चित करना होगा कि बॉम्बे क्रीमरी के उत्पाद ज्यादा से ज्यादा दुकानों और रिटेल आउटलेट पर आसानी से उपलब्ध हों. आइसक्रीम कारोबार में फ्रीजर की उपलब्धता भी अहम होती है, क्योंकि उत्पाद को सही तापमान पर रखना जरूरी है.
Latest Stories
GDP को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, पूर्व वित्त सचिव की टिप्पणी का दिया हवाला
टाटा संस में उत्तराधिकारी की तलाश रुकी, रेगुलेटरी अड़चन से गहरी हुई लीडरशिप की अनिश्चितता
‘डेड’ नहीं वॉर फ्रूफ इकोनॉमी की तरफ ऐसे बढ़ रहा भारत, न हो यकीन तो खुद देख लीजिए ये आंकड़े
