अगले हफ्ते बैंक जाने से पहले पढ़ लें यह खबर! 15 जून से 21 जून के बीच इन दिनों बंद रहेंगे सभी बैंक

अगर अगले हफ्ते बैंक शाखा जाने का प्लान है तो पहले RBI की छुट्टियों की सूची जरूर देख लें. 15 जून से 21 जून के बीच कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे, जबकि 21 जून को रविवार होने की वजह से देशभर में बैंकिंग शाखाओं में कामकाज नहीं होगा. हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग और ATM सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी.

बैंक खुलेंगा या फिर बंद रहेगा Image Credit: FreePik

अगर अगले हफ्ते आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर चेक कर लें. 14 जून से 21 जून 2026 के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में सरकारी और प्राइवेट बैंक बंद रहेंगे. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक, इस पूरे महीने में शनिवार, रविवार और त्योहारों को मिलाकर कुल 11 दिन बैंकों में कामकाज नहीं होगा. अगले हफ्ते भी राज्यों और क्षेत्रीय त्योहारों के हिसाब से बैंकों में छुट्टियां रहेंगी. इसलिए परेशानी से बचने के लिए पहले ही पूरी तैयारी कर लें.

अगले हफ्ते बैंक कब-कब बंद रहेंगे?

आने वाले हफ्ते में मुख्य रूप से दो दिन बैंकों में छुट्टी रहेगी:

  • 15 जून (सोमवार): इस दिन मिजोरम की राजधानी आइजोल में ‘यंग मिजो एसोसिएशन (YMA) डे’ के मौके पर बैंक बंद रहेंगे. वहीं, भुवनेश्वर (ओडिशा) में ‘राजा संक्रांति’ के त्योहार के कारण बैंकों में कोई कामकाज नहीं होगा.
  • 21 जून (रविवार): रविवार होने के कारण देश के सभी राज्यों में बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे.
  • चूंकि 15 जून की छुट्टी केवल कुछ खास राज्यों के लिए है, इसलिए अन्य सभी राज्यों में इस दिन बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे.

जून के बाकी दिनों की छुट्टियों पर भी डालें नजर

आरबीआई के कैलेंडर के अनुसार, जून के आखिरी हफ्ते में भी कई त्योहारों के कारण बैंकों में ताले लटके रहेंगे:

  • 25 जून: मोहर्रम के अवसर पर विजयवाड़ा में बैंक बंद रहेंगे.
  • 26 जून: मोहर्रम के चलते देश के बड़े शहरों जैसे नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई, लखनऊ, पटना, रांची, भोपाल, जम्मू और श्रीनगर सहित कई जगहों पर बैंकों की छुट्टी रहेगी.
  • 29 जून: संत गुरु कबीर जयंती के मौके पर शिमला में बैंक बंद रहेंगे.
  • 30 जून: ‘रेमना नी’ (क्षेत्रीय अवकाश) के कारण आइजोल में बैंक बंद रहेंगे.

यह भी पढ़ें: अमेरिका और ईरान के बीच आज हो सकता है समझौता, तुरंत खुलेगा होर्मुज स्ट्रेट, कच्चे तेल की कीमतों पर नजर

डिजिटल सेवाएं रहेंगी चालू

भले ही त्योहारों और वीकेंड के कारण बैंकों की शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. एटीएम (ATM), इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई (UPI) जैसी सभी जरूरी डिजिटल सेवाएं 24 घंटे चालू रहेंगी. आप घर बैठे अपने पैसों का लेन-देन आसानी से कर सकते हैं.