FIFA World Cup 2026 में होगी डॉलर की बारिश, विजेता के लिए खजाना, ग्रुप स्टेज में भी करोड़ों में पैसा; जानें इस बार कितना है ईनाम
FIFA World Cup 2026 इतिहास का सबसे ज्यादा इनामी राशि वाला फुटबॉल टूर्नामेंट बनने जा रहा है. इस बार कुल प्राइज पूल 655 मिलियन डॉलर रखा गया है, जो Qatar World Cup 2022 की तुलना में लगभग 50 फीसदी अधिक है. खास बात यह है कि ग्रुप स्टेज में बाहर होने वाली टीमों को भी करोड़ों रुपये का भुगतान किया जाएगा.

FIFA World Cup 2026 Prize Money: फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ FIFA World Cup 2026 को लेकर दुनिया भर में उत्साह बढ़ता जा रहा है. इस बार टूर्नामेंट सिर्फ अपने नए प्रारूप और अधिक टीमों की भागीदारी के कारण ही चर्चा में नहीं है, बल्कि रिकॉर्ड इनामी राशि की वजह से भी सुर्खियों में है. FIFA ने World Cup 2026 के लिए पुरस्कार राशि में बड़ा इजाफा किया है, जिससे यह टूर्नामेंट इतिहास का सबसे अधिक इनामी राशि वाला फुटबॉल विश्व कप बन गया है.
FIFA World Cup 2026 में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी. टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक खेला जाएगा. इससे पहले तक विश्व कप में 32 टीमें खेलती थीं, लेकिन अब टीमों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ पुरस्कार राशि में भी भारी बढ़ोतरी की गई है. FIFA के अनुसार, इस बार कुल प्राइज पूल 655 मिलियन डॉलर रखा गया है, जो World Cup 2022 के 440 मिलियन डॉलर की तुलना में लगभग 50 फीसदी अधिक है.
विजेता टीम को मिलेंगे 50 मिलियन डॉलर
World Cup 2026 जीतने वाली टीम को 50 मिलियन डॉलर की रिकॉर्ड इनामी राशि मिलेगी. भारतीय करेंसी में यह रकम लगभग 475 करोड़ रुपये बैठती है. वहीं, उपविजेता टीम को 33 मिलियन डॉलर यानी करीब 313 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 29 मिलियन डॉलर और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 27 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी. इससे साफ है कि अंतिम चार में पहुंचने वाली सभी टीमों को भारी लाभ होगा.
नॉकआउट चरण में पहुंचने पर भी होगी बड़ी कमाई
FIFA ने सिर्फ विजेता और उपविजेता के लिए ही नहीं, बल्कि अन्य टीमों के लिए भी पुरस्कार राशि बढ़ाई है. क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को 19 मिलियन डॉलर मिलेंगे. वहीं, राउंड ऑफ 16 में बाहर होने वाली टीमों को 15 मिलियन डॉलर दिए जाएंगे. इसके अलावा, राउंड ऑफ 32 में बाहर होने वाली टीमों को 11 मिलियन डॉलर की राशि मिलेगी. ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो जाने वाली टीमों को भी 9 मिलियन डॉलर का भुगतान किया जाएगा. यानी किसी भी टीम को खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा.
क्वालिफाई करने पर ही मिलेगी करोड़ों की रकम
FIFA ने भाग लेने वाली सभी 48 टीमों के लिए क्वालिफिकेशन राशि भी तय की है. टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई करने वाली हर टीम को कम से कम 10.5 मिलियन डॉलर की गारंटीड राशि मिलेगी. इसका मतलब है कि ग्रुप स्टेज में बाहर होने वाली टीमों को भी करोड़ों रुपये की कमाई होगी.
इसके अलावा, टीमों की तैयारियों के लिए मिलने वाली राशि को 1.5 मिलियन डॉलर से बढ़ाकर 2.5 मिलियन डॉलर कर दिया गया है. FIFA ने टीम प्रतिनिधिमंडलों के खर्च और अतिरिक्त टिकट के लिए भी 16 मिलियन डॉलर से अधिक की अतिरिक्त सहायता देने का फैसला किया है.
यह भी पढ़ें: किसे मिलेगा AI बूम का फायदा? ₹10372 करोड़ के IndiaAI Mission के बाद इन 2 शेयरों पर बढ़ा फोकस; निवेशक रखें नजर