पर्सनल लोन लेने से पहले रहें सावधान, एक गलती से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट; जानिए बचाव के 5 आसान तरीके

कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन आवेदन करके लोग अपनी जरूरत के अनुसार लोन हासिल कर सकते हैं. लेकिन जहां सुविधा बढ़ी है, वहीं धोखाधड़ी के मामले भी तेजी से बढ़े हैं. कई लोग जल्दी लोन मिलने के लालच में ठगों के जाल में फंस जाते हैं और अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं.

पर्सनल लोन Image Credit: Canva/ Money9

Personal Loan: आज के समय में पर्सनल लोन लेना पहले से काफी आसान हो गया है. कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन आवेदन करके लोग अपनी जरूरत के अनुसार लोन हासिल कर सकते हैं. लेकिन जहां सुविधा बढ़ी है, वहीं धोखाधड़ी के मामले भी तेजी से बढ़े हैं. कई लोग जल्दी लोन मिलने के लालच में ठगों के जाल में फंस जाते हैं और अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं. ठग खुद को बैंक या वित्तीय संस्था का प्रतिनिधि बताकर लोगों को फर्जी ऑफर देते हैं.

कई बार कम ब्याज, तुरंत लोन और बिना जांच के मंजूरी जैसे वादे करके लोगों से पैसे और निजी जानकारी हासिल कर ली जाती है. ऐसे मामलों में न केवल आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि पहचान चोरी और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं. इसलिए पर्सनल लोन लेने से पहले कुछ जरूरी बातों को समझना बेहद जरूरी है.

क्या होता है पर्सनल लोन स्कैम?

पर्सनल लोन स्कैम में ठग खुद को किसी बैंक या भरोसेमंद लोन देने वाली संस्था का कर्मचारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं. वे आसान मंजूरी, कम ब्याज दर और तुरंत पैसा मिलने का लालच देते हैं. इसके बाद लोगों से बैंक डिटेल, निजी जानकारी या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे मांगते हैं. आखिर में न तो लोन मिलता है और न ही पैसा वापस आता है.

1. लोन देने वाली संस्था की जांच करें

  • किसी भी लोन के लिए आवेदन करने से पहले यह जरूर जांच लें कि वह संस्था असली है या नहीं.
  • यह भी देखें कि उसका सही वेबसाइट, कार्यालय और जरूरी पंजीकरण मौजूद है या नहीं.
  • बिना जांच-पड़ताल के किसी भी संस्था पर भरोसा न करें.

2. पहले से पैसे मांगने वालों से बचें

  • असली बैंक और बड़ी वित्तीय संस्थाएं आमतौर पर भारी रकम पहले जमा करने की मांग नहीं करतीं.
  • अगर कोई संस्था लोन देने से पहले मोटी फीस जमा करने को कहे, तो सावधान हो जाएं. यह धोखाधड़ी का संकेत हो सकता है.

3. बड़े-बड़े वादों पर भरोसा न करें

  • अगर कोई कहे कि आपका लोन बिना जांच के तुरंत मंजूर हो जाएगा, तो सतर्क रहें.
  • कोई भी असली बैंक बिना जरूरी जांच के लोन मंजूर नहीं करता.
  • इसलिए ऐसे ऑफर से दूरी बनाना बेहतर है.

4. अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखें

  • OTP, ATM PIN, CVV, MPIN और बैंकिंग पासवर्ड जैसी जानकारी किसी के साथ साझा न करें.
  • कोई भी बैंक या वित्तीय संस्था फोन पर ऐसी जानकारी नहीं मांगती.

5. दूसरे ग्राहकों की राय जरूर पढ़ें

  • किसी भी लोन कंपनी के बारे में पहले उसके पुराने ग्राहकों की राय और अनुभव जान लें.
  • ऑनलाइन रिव्यू, रेटिंग और शिकायतों को पढ़कर काफी हद तक सही फैसला लिया जा सकता है.

सोच-समझकर लें फैसला

पर्सनल लोन जरूरत के समय मददगार साबित हो सकता है, लेकिन जल्दबाजी में लिया गया फैसला नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए हमेशा भरोसेमंद संस्था से ही लोन लें, सभी शर्तें ध्यान से पढ़ें और जरूरत पड़ने पर वित्तीय सलाहकार की मदद लें. थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है.

ये भी पढ़ें: जब विदेशी कंपनी ने उड़ाया मजाक, तब Xerxes Desai ने ठान ली जिद; जन्म हुआ Titan और बदल गई भारतीय घड़ी इंडस्ट्री