1 दिन में सोना ₹4,300 और चांदी ₹10,000 हुई सस्ती, शादी सीजन में खरीदारी करने वालों के लिए मौका

सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत एक ही दिन में 4,300 रुपये टूट गई जबकि चांदी 10,000 रुपये लुढ़ककर 2.45 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई.

गोल्ड प्राइस Image Credit: AI Generated

Gold-Silver Price Today 10 June: शादियों के इस सीजन में सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए राहत की बड़ी खबर आई है. दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को कीमती धातुओं की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई. अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंदी और डॉलर की मजबूती के चलते राष्ट्रीय राजधानी में सोना ₹4,300 प्रति 10 ग्राम तक टूट गया, जबकि चांदी की कीमतों में ₹10,000 प्रति किलोग्राम की बेहद बड़ी गिरावट देखने को मिली. इस बड़ी गिरावट के बाद सोना अब ₹1.60 लाख के स्तर से नीचे आ गया है.

क्या हैं सोने और चांदी के नए भाव?

स्थानीय बाजार के जानकारों के मुताबिक, दिल्ली में 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव करीब 3 प्रतिशत टूटकर ₹1,56,000 प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गया. इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना ₹1,60,300 पर बंद हुआ था.

वहीं, चांदी की कीमतों में 4 प्रतिशत का बड़ा क्रैश देखा गया. चांदी ₹10,000 फिसलकर ₹2,45,700 प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गई, जो पहले ₹2,55,700 के स्तर पर थी.

क्यों आई बाजार में इतनी बड़ी गिरावट?

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कीमतों में इस बड़ी गिरावट के पीछे मुख्य रूप से दो कारण हैं:

  • कच्चा तेल और डॉलर में उछाल: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतें $90 प्रति बैरल के पार चली गई हैं. इससे अमेरिकी डॉलर और अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड को मजबूती मिली है, जिससे सोने की मांग कमजोर हुई.
  • महंगाई और ब्याज दरों की चिंता: पीएल वेल्थ के एक्सपर्ट राजकुमार सुब्रमण्यम ने बताया कि एनर्जी की कीमतें बढ़ने से बाजार में लंबे समय तक ब्याज दरें ऊंची रहने की चिंता बढ़ गई है. जब ब्याज दरें ऊंची रहने की संभावना होती है, तो सुरक्षित निवेश के रूप में सोने-चांदी का आकर्षण कम हो जाता है.

यह भी पढ़ें: ऑल-टाइम हाई से 50% टूटा बिटक्वॉइन, लुढ़कर 61000 डॉलर के स्तर पर आया; क्या है वजह?

ग्लोबल मार्केट का हाल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं में भारी बिकवाली रही. वैश्विक बाजार में स्पॉट गोल्ड 2.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ $4,168.99 प्रति औंस पर आ गया. वहीं चांदी भी 2.24 प्रतिशत टूटकर $63.87 प्रति औंस पर ट्रेड करती नजर आई.