सिर्फ 7 दिन में इस अरबपति के डूबे ₹4.48 लाख करोड़; AI ने दिया धोखा; फिर भी अडानी- अंबानी से ढाई गुना ज्यादा दौलत
Oracle के को-फाउंडर लैरी एलिसन को एक ही दिन में करीब 10.4 अरब डॉलर (लगभग ₹95,298 करोड़) का नुकसान हुआ है. Oracle के शेयरों में 4% से ज्यादा गिरावट आने से उनकी नेटवर्थ घटकर 249.7 अरब डॉलर रह गई. इसके चलते वह दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं. वहीं पिछले एक सप्ताह में उनकी संपत्ति करीब 47 अरब डॉलर (₹4.48 लाख करोड़) कम हुई है.

Larry Ellison: दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शुमार Oracle के को-फाउंडर और चेयरमैन Larry Ellison को एक ही दिन में भारी नुकसान उठाना पड़ा है. Oracle के शेयरों में आई तेज गिरावट के कारण उनकी नेटवर्थ में करीब 10.4 अरब डॉलर (लगभग ₹95,298.90 करोड़) की कमी आ गई. इसके साथ ही एलिसन दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं. वहीं, पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो उनकी नेट वर्थ में करीब 47 अरब डॉलर (लगभग ₹4.48 लाख करोड़) की गिरावट आई है. यह रकम भारत के दिग्गज उद्योगपतियों Mukesh Ambani और Gautam Adani की नेट वर्थ के ढाई गुना है.
Oracle के शेयरों में बड़ी गिरावट
मंगलवार को Oracle Corporation के शेयर 4% से ज्यादा टूट गए. पिछले एक सप्ताह में कंपनी के शेयरों में करीब 17% की गिरावट दर्ज की गई है. टेक सेक्टर के कई बड़े शेयरों में बिकवाली का असर Oracle पर भी देखने को मिला.
Oracle के शेयरों में आई इस गिरावट का सीधा असर कंपनी में लगभग 41% हिस्सेदारी रखने वाले लैरी एलिसन की नेट वर्थ पर पड़ा. Forbes Real-Time Billionaires List के अनुसार उनकी कुल नेटवर्थ घटकर 249.7 अरब डॉलर रह गई है.
जेफ बेजोस से भी पीछे खिसके एलिसन
नेटवर्थ में भारी गिरावट के बाद लैरी एलिसन अब Jeff Bezos से भी पीछे खिसक गए हैं. बेजोस की नेट वर्थ करीब 252 अरब डॉलर आंकी गई है. वहीं Sergey Brin और Larry Page भी एलिसन से आगे निकल गए हैं.
सिर्फ एक सप्ताह पहले एलिसन की नेट वर्थ लगभग 296 अरब डॉलर थी और वह दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे. यानी पिछले सात दिनों में उनकी नेटवर्थ करीब 47 अरब डॉलर (लगभग ₹4.48 लाख करोड़) घट चुकी है.
अब Oracle के नतीजों पर टिकी नजर
बाजार की निगाहें अब Oracle के तिमाही नतीजों पर हैं. कंपनी बुधवार को बाजार बंद होने के बाद अपने वित्तीय नतीजे जारी करेगी. जानकारों को उम्मीद है कि Oracle प्रति शेयर 1.96 डॉलर की कमाई (EPS) और 19.1 अरब डॉलर का रेवेन्यू दर्ज करेगी.
यह पिछले साल की तुलना में क्रमशः 15% और 20% की वृद्धि होगी. निवेशक यह भी देखेंगे कि AI और क्लाउड कारोबार से कंपनी को कितना फायदा मिल रहा है.
AI कारोबार पर बड़ा दांव
Oracle पिछले कुछ वर्षों में AI इंफ्रास्ट्रक्चर और क्लाउड सर्विस की बढ़ती मांग का बड़ा लाभार्थी रहा है. कंपनी ने पहले अनुमान लगाया था कि उसका क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर रेवेन्यू 2030 तक 144 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है, जो वित्त वर्ष 2027 के अनुमानित 32 अरब डॉलर के मुकाबले कई गुना अधिक है.
इसी उम्मीद के चलते Oracle के शेयरों में पिछले वर्षों में जबरदस्त तेजी आई थी और लैरी एलिसन की नेटवर्थ रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी. हालांकि हाल के महीनों में AI सेक्टर को लेकर निवेशकों की बढ़ती चिंताओं और मुनाफावसूली के कारण Oracle के शेयर दबाव में हैं.
यह भी पढ़े- कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो फेज 2A प्रोजेक्ट को दी मंजूरी, 2169 करोड़ रुपये से होगा एयरपोर्ट तक विस्तार
661 अरब डॉलर का ऑर्डर बैकलॉग
जानकारों के मुताबिक, Oracle का ऑर्डर बैकलॉग 661 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है, जो मार्च में दर्ज 553 अरब डॉलर से करीब 20% ज्यादा होगा. यह आंकड़ा कई बड़ी वैश्विक कंपनियों के मार्केट कैप और दुनिया के कई देशों की GDP से भी अधिक है.