सोना और चांदी की कीमतों में उछाल, एक झटके में बढ़ गए इतने दाम; चेक करें आज का रेट

Gold-Silver Price Today: ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि अमेरिका-ईरान तनाव में कूटनीतिक समाधान की उम्मीद से कीमती मेटल्स में लोगों की दिलचस्पी फिर से बढ़ गई. बाजारों ने ट्रंप के उस बयान का स्वागत किया जिसमें कहा गया था कि समझौता पूरा होने के करीब है, हालांकि अभी भी कई अनिश्चितताएं बनी हुई हैं.

गोल्ड-सिल्वर के दाम. Image Credit: Money9 Live

Gold-Silver Price Today: शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतों में 3,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. वहीं, चांदी की कीमत 10,000 रुपये बढ़कर 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि अमेरिका-ईरान तनाव में कूटनीतिक समाधान की उम्मीद से कीमती मेटल्स में लोगों की दिलचस्पी फिर से बढ़ गई.

सोना हुआ महंगा

स्थानीय बाजार के जानकारों के मुताबिक, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत गुरुवार के 1,53,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से 3,000 रुपये बढ़कर 1,56,900 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई.

चांदी की कीमतें

चांदी की कीमतों में भी जोरदार उछाल आया और यह 10,000 रुपये बढ़कर 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई. पिछले सत्र में चांदी 2,45,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.

क्यों आई सोने की कीमत में तेजी

HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, ‘शुक्रवार को सोने की कीमतों में तेज उछाल आया क्योंकि अमेरिका-ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों ने कीमती धातुओं के बाजार में सकारात्मक माहौल बनाया.’

उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के खिलाफ नियोजित सैन्य हमलों को रद्द करने की घोषणा के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा. साथ ही, बातचीत में प्रगति की खबरों ने भी कीमतों में सुधार में मदद की.

इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड- सिल्वर

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्पॉट गोल्ड मामूली गिरावट के साथ 4,206.88 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है, जबकि चांदी भी 0.48 फीसदी गिरकर 67.02 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है. हालांकि, मुनाफावसूली के बावजूद इसने अपनी हालिया बढ़त का बड़ा हिस्सा बनाए रखा है.

बनी हुई हैं अनिश्चितताएं

मिराए एसेट शेरखान में कमोडिटीज के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि बाजारों ने ट्रंप के उस बयान का स्वागत किया जिसमें कहा गया था कि समझौता पूरा होने के करीब है, हालांकि अभी भी कई अनिश्चितताएं बनी हुई हैं.

उन्होंने कहा, ‘कई सवाल और कमियां हैं, लेकिन बाजार उत्साहित हैं. नतीजतन, तेल की कीमतों में गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर इंडेक्स और ट्रेजरी यील्ड नीचे आए हैं, जिससे सोने और जोखिम वाली संपत्तियों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.’

LKP सिक्योरिटीज में कमोडिटी और करेंसी के VP रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के अनुसार, निवेशक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर नजर रखना जारी रखेंगे और बातचीत में प्रगति से ही निकट भविष्य में बुलियन (सोना-चांदी) की कीमतों की दिशा तय होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में आई गिरावट! 681.61 अरब डॉलर पर आया फॉरेक्स रिजर्व; गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी