1 जून से LPG नियमों में बड़े बदलाव, एक घर में मिलेंगे सिर्फ एक गैस कनेक्शन, रिफिल-सब्सिडी से जुड़े रूल भी बदले

1 जून से देशभर के LPG उपभोक्ताओं के लिए कई नए नियम लागू होने जा रहे हैं. सरकार PNG के उपयोग को बढ़ावा देने और घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठा रही है. नए प्रावधानों के तहत एक घर में एक ही गैस कनेक्शन, रिफिल बुकिंग की नई समय सीमा और सब्सिडी से जुड़े नियमों में बदलाव किए गए हैं.

LPG पाइपलाइन योजना Image Credit: money9live.com

LPG Connections New Rule 1 June : देश में रसोई गैस (LPG) और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को लेकर सरकार ने नए नियम लागू करने की तैयारी कर ली है. 1 जून से कई बदलाव प्रभावी हो सकते हैं, जिनका असर करोड़ों घरेलू गैस उपभोक्ताओं पर पड़ेगा. सरकार का लक्ष्य उन इलाकों में PNG के उपयोग को बढ़ावा देना है, जहां इसकी सुविधा उपलब्ध है. इसी के तहत LPG कनेक्शन, रिफिल और सब्सिडी से जुड़े नियमों को और सख्त किया जा रहा है.

एक घर में सिर्फ एक गैस कनेक्शन

अब जिन घरों में PNG कनेक्शन मौजूद है, उन्हें LPG कनेक्शन छोड़ना पड़ सकता है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (OMCs) ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान कर रही हैं जो एक ही पते पर PNG और LPG दोनों का इस्तेमाल कर रहे हैं. सरकार का कहना है कि इससे गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और दुरुपयोग पर रोक लगेगी. नियमों का पालन नहीं करने पर LPG कनेक्शन निलंबित या रद्द भी किया जा सकता है.

LPG कनेक्शन बंद करने वालों को मिलेगी राहत

सरकार ने उन उपभोक्ताओं के लिए विशेष व्यवस्था की है जो PNG लेने के बाद LPG कनेक्शन बंद कर रहे हैं. अब ऐसे लोग भविष्य में जरूरत पड़ने पर अपना LPG कनेक्शन दोबारा शुरू कर सकेंगे. इसके लिए ट्रांसफर वाउचर की सुविधा दी गई है. यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी होगी जो बाद में ऐसे इलाके में शिफ्ट हो जाएं, जहां PNG उपलब्ध न हो.

PNG वाले घरों पर रिफिल बुकिंग पर रोक

सरकार और गैस कंपनियों ने अपने डिजिटल रिकॉर्ड को आपस में जोड़ दिया है. इसके बाद जिन घरों में एक्टिव PNG कनेक्शन पाया जाएगा, उन्हें घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग और रिफिल की अनुमति नहीं मिलेगी. इस कदम का मकसद PNG के उपयोग को बढ़ावा देना और LPG पर निर्भरता कम करना है.

रिफिल अवधि और सब्सिडी नियमों में बदलाव

LPG सिलेंडर की रिफिल बुकिंग के बीच अनिवार्य अंतराल बढ़ा दिया गया है. अब शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही नया सिलेंडर बुक किया जा सकेगा. वहीं, सालाना 12 सब्सिडी वाले सिलेंडरों की सीमा पहले की तरह जारी रहेगी. इसके अलावा नया LPG कनेक्शन लेने पर सिक्योरिटी डिपॉजिट, रेगुलेटर, पाइप और इंस्टॉलेशन शुल्क में भी बदलाव किया गया है.

30 जून तक चलेगा PNG Drive 2.0

सरकार ने PNG के विस्तार को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय PNG ड्राइव 2.0 को 30 जून तक बढ़ा दिया है. इसके तहत शहरों में अधिक से अधिक घरों तक पाइप्ड गैस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि आंकड़े बताते हैं कि PNG कनेक्शन बढ़ने के बावजूद अधिकांश परिवार अभी भी LPG सिलेंडर पर ही निर्भर हैं.

यह भी पढ़ें- एक दिन में FIIs ने निकाले 20637 करोड़ रुपये, जानें शेयर बाजार में अचानक क्यों बढ़ी बिकवाली