क्या आपका सिलेंडर विदेश भेज रही है सरकार? हाई कोर्ट हुआ सख्त!
देश में एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर बढ़ती चिंता के बीच बॉम्बे हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है. हाल के दिनों में कई शहरों में घरेलू रसोई गैस की उपलब्धता कम होने की खबरें सामने आई हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई जगहों पर लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं और घरों में होने वाले कार्यक्रम भी टाले जा रहे हैं. इस बीच यह आरोप सामने आया है कि देश में घरेलू जरूरतों के बावजूद एलपीजी का निर्यात जारी है.
इसी मुद्दे को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है और इस स्थिति पर स्पष्टीकरण मांगा है. अदालत ने यह भी जानना चाहा है कि घरेलू आपूर्ति प्रभावित होने के बावजूद निर्यात को प्राथमिकता क्यों दी जा रही है. अदालत की सख्ती के बाद अब इस मुद्दे पर सरकार की नीति और गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर नई बहस शुरू हो गई है.