OnePlus छोड़ सकता है भारत! 2027 तक एग्जिट की तैयारी, US-यूरोप से भी समेट सकता है कारोबार, रिपोर्ट में दावा

OnePlus को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी 2027 तक भारत समेत चीन के बाहर के सभी प्रमुख बाजारों से अपना कारोबार समेटने की योजना बना रही है. बताया जा रहा है कि अमेरिका और यूरोप से निकासी जल्द शुरू हो सकती है, जबकि भारत में कंपनी कुछ समय तक कारोबार जारी रखेगी. हालांकि, कंपनी की ओर से इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

वनप्लस Image Credit: OnePlus

स्मार्टफोन कंपनी OnePlus को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. कंपनी अगले कुछ वर्षों में चीन के बाहर अपने कारोबार को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की योजना बना रही है. इस रणनीति के तहत पहले अमेरिका और यूरोप से कारोबार समेटा जाएगा, जबकि भारत में कंपनी 2027 तक काम जारी रख सकती है. यह फैसला कारोबार में दबाव, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और वैश्विक राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए लिया जा रहा है.

भारत में 2027 तक जारी रहेगा कारोबार

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, OnePlus की पैरेंट कंपनी Oppo अपने ग्लोबल बिजनेस में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रही है. इसके तहत सबसे पहले अमेरिका और यूरोप में OnePlus के कारोबार को बंद किया जा सकता है. वहीं, भारत में कंपनी फिलहाल अपने स्मार्टफोन की बिक्री और सेवाएं जारी रखेगी और 2027 तक यहां से बाहर निकलने की संभावना जताई गई है. हालांकि, चीन में कंपनी अपना कारोबार पहले की तरह जारी रखेगी.

कारोबार में दबाव और कानूनी चुनौतियां बनी बड़ी वजह

रिपोर्ट के मुताबिक, OnePlus को अमेरिका, यूरोप और भारत जैसे बाजारों में उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिल पाई. इन बाजारों में Apple, Samsung और दूसरे ब्रांड्स के बीच अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना कंपनी के लिए मुश्किल रहा. इसके अलावा अमेरिका में चीनी कंपनियों पर बढ़ती सख्ती और Apple के साथ चल रहे कानूनी विवाद ने भी कंपनी की चुनौतियां बढ़ा दी हैं. ऐसे में Oppo अब अपने संसाधनों को सीमित बाजारों पर केंद्रित करना चाहती है.

यूरोप में नई रणनीति, Realme की भी बदलेगी दिशा

रिपोर्ट में कहा गया है कि Oppo पूरी तरह यूरोप नहीं छोड़ेगी, बल्कि अब उसका फोकस मध्य यूरोप (Central Europe) पर रहेगा. वहीं, Oppo की दूसरी ब्रांड Realme चीन के घरेलू बाजार से बाहर निकलने की तैयारी कर रही है और यूरोप के नॉर्डिक देशों जैसे फिनलैंड, स्वीडन, डेनमार्क और आइसलैंड पर ज्यादा ध्यान देगी, जहां कंपनी की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर मानी जाती है.

महंगे कंपोनेंट और कमजोर बिक्री से बढ़ी मुश्किलें

वैश्विक स्तर पर मेमोरी चिप की कमी और बढ़ती लागत का असर स्मार्टफोन कंपनियों पर भी पड़ा है. खासतौर पर OnePlus की बजट Nord सीरीज के लिए कम कीमत पर फोन बनाना पहले जितना आसान नहीं रहा. दूसरी ओर, चीन में भी स्मार्टफोन की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है. ऐसे माहौल में कंपनी के लिए कम मुनाफे वाले बाजारों में बने रहना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है. हालांकि, फिलहाल OnePlus या Oppo की ओर से इस रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.