PM मोदी ने G7 समिट के दौरान ट्रंप के साथ की मुलाकात, द्विपक्षीय बैठक में भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने G7 समिट के दौरान हुई द्विपक्षीय बैठक में वेस्ट एशिया में शांति प्रयासों को आगे बढ़ाने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका की तारीफ की.अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत पश्चिम एशिया में अहम भूमिका निभाएगा.

पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Image Credit: Tv9

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात बुधवार को फ्रांस के एवियन में हुई. इस मुलाकात में दोनों देशों ने अपने संबंधों को अगले स्तर पर ले जाने की बात की. पीएम मोदी ने ट्रंप के साथ मुलाकात में समुद्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया.

नाविकों की सुरक्षा प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए

प्रधानमंत्री मोदी ने G7 समिट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत में समुद्री सुरक्षा और भारतीय नाविकों की सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने नेविगेशन की आजादी के लिए भारत के लंबे समय से चले आ रहे समर्थन को दोहराया और कहा कि दुनिया भर के शिपिंग रूट पर काम करने वाले भारतीय नाविकों की सुरक्षा प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए.

नाविकों की सुरक्षा महत्वपूर्ण

PM मोदी ने ट्रंप से कहा, ‘हमने हमेशा कहा है कि नेविगेशन की आजादी सुनिश्चित की जानी चाहिए.’ उन्होंने बताया कि लाखों भारतीय नाविक दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में समुद्री व्यापार में लगे हुए हैं और उनकी सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण है. ईरान के साथ प्रस्तावित समझौते का जिक्र करते हुए, उन्होंने भरोसा जताया कि किसी भी अंतिम समझौते के तहत नाविकों की सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा और उसे उचित प्राथमिकता दी जाएगी.

ट्रंप के शांति प्रयासों की तारीफ की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने G7 समिट के दौरान हुई द्विपक्षीय बैठक में वेस्ट एशिया में शांति प्रयासों को आगे बढ़ाने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका की तारीफ की. बातचीत शुरू होने से पहले अपनी शुरुआती टिप्पणी में PM मोदी ने ट्रंप से कहा, ‘वेस्ट एशिया में शांति प्रयासों में हुई प्रगति के लिए आपके नेतृत्व की मैं सराहना करता हूं.’

भारत पश्चिम एशिया में अहम भूमिका निभाएगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत पश्चिम एशिया में अहम भूमिका निभाएगा़. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव की भी तारीफ की. जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत इस क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों में योगदान दे सकता है, तो ट्रंप ने हां में जवाब दिया और नई दिल्ली की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय भूमिका पर जोर दिया.

ट्रंप ने कहा, हां, मुझे ऐसा लगता है. मेरा मानना ​​है कि भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है.’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने मोदी के नेतृत्व की भी तारीफ की और कहा, ‘जब तक वह नेता हैं, भारत बड़ी भूमिका निभाता रहेगा.’

व्हाइट हाउस मजबूती से भारत के साथ खड़ा है

राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत के दौरान भारत के लिए अपना समर्थन दोहराया. उन्होंने कहा कि उनके राष्ट्रपति रहते हुए नई दिल्ली को वॉशिंगटन में एक मजबूत सहयोगी मिलता रहेगा.

ट्रंप ने कहा, ‘जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में उनका (भारत) एक बहुत अच्छा दोस्त है.’ पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘यहां हर कोई भारत से प्यार करता है और इस व्यक्ति के लिए बहुत सम्मान रखता है.’

भारत पर हमला होने पर ट्रंप ने समर्थन का वादा किया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक के दौरान भारत को समर्थन देने का वादा किया. उन्होंने कहा कि अगर भारत पर हमला होता है, तो वॉशिंगटन, नई दिल्ली के साथ खड़ा रहेगा.

द्विपक्षीय बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा, ‘अगर मोदी नेता हैं और भारत पर हमला होता है, तो हम उनकी मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे.’

ट्रंप बोले- भारत में बहुत अच्छा समय बीता

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत यात्रा को खुशी के साथ याद किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ स्टेडियम में हुए कार्यक्रम में उनके स्वागत के लिए उमड़ी भारी भीड़ देखकर वे अभिभूत हो गए थे. फ्रांस के एवियन में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि भारत में उनका समय ‘बहुत अच्छा’ बीता और उन्होंने उस विशाल भीड़ को याद किया जो कार्यक्रम स्थल के अंदर और बाहर जमा हुई थी.

ट्रंप ने कहा, ‘पिछली बार भारत की हमारी यात्रा बहुत शानदार रही थी. हमने उस नए स्टेडियम का उद्घाटन किया था, और मुझे लगता है कि वहां 3,000-4,000 लोग थे. वहां लगभग 1,50,000 लोगों के बैठने की जगह थी, और 2,50,000 लोग बाहर थे, और 1,00,000 लोग घास पर बैठे थे.’ उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि वे रिकॉर्ड टूटे हैं या नहीं, लेकिन भारत में मेरा समय बहुत अच्छा बीता.’

ट्रेड डील के बहुत करीब

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका, भारत के साथ ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के ‘बहुत करीब’ है, जिससे दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत में किसी बड़ी सफलता की उम्मीद जगी है.

यह भी पढ़ें: Nifty Outlook June 18: बेस बनाने की कोशिश कर निफ्टी, किस लेवल पर नजर आ रहा इमीडिएट सपोर्ट जोन?