₹32,500 सैलरी से ₹4 करोड़ की संपत्ति तक! न कोई लोन न EMI, 35 साल की उम्र में ये शख्स ऐसे बना करोड़पति

35 साल के शुभ पाटिल ने 2013 में 3.9 लाख रुपये सालाना सैलरी से करियर शुरू किया था. Google, Microsoft और Salesforce जैसी कंपनियों में काम करते हुए उनकी सालाना कमाई करीब 40 लाख रुपये पहुंची. आज उनके पास करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति है. खास बात ये है कि उनके पास कोई होम लोन, कार लोन या EMI नहीं है. फिलहाल उनका लक्ष्य 10 करोड़ रुपये का कॉर्पस बनाना है.

₹4 करोड़ की संपत्ति कैसे बनी

Highlights

  • 2013 में ₹3.9 लाख के पैकेज से शुरुआत करने वाले शुभ की सालाना कमाई 2026 में करीब ₹40 लाख पहुंच गई.
  • उनकी संपत्ति में म्यूचुअल फंड, अमेरिकी RSUs, शेयर, PF-NPS, गोल्ड ETF, सिल्वर ETF और कैश शामिल हैं.
  • शुभ के पास घर का लोन, कार लोन या किसी तरह की EMI नहीं है. वह हर महीने ₹70,000 की SIP जारी रखते हैं.

अच्छी सैलरी के साथ अगर खर्च पर कंट्रोल और लगातार निवेश का साथ मिल जाए, तो लंबे समय में बड़ा निवेश कॉर्पस बनाया जा सकता है. पुणे के शुभ पाटिल की कहानी इसका एक उदाहरण है. 35 साल के शुभ ने 2013 में करीब 3.9 लाख सालाना (करीब 32500 रुपये प्रति महीने) सैलरी से नौकरी शुरू की थी. आज उनकी सालाना कमाई करीब 40 लाख रुपये है और उनके पास करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति है. खास बात यह है कि उन पर किसी तरह का होम लोन, कार लोन या EMI नहीं है.

शुभ अब अगले पांच साल में अपनी संपत्ति को 10 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं. इसके बाद वह नौकरी छोड़कर छोटे शहर में रहने और करीब 12 लाख रुपये सालाना खर्च में जीवन बिताने की योजना बना रहे हैं.

हर महीने ₹70000 की SIP

शुभ अभी भी हर महीने 70000 रुपये की SIP करते हैं. उनका निवेश तीन हिस्सों में बंटा है. आधा पैसा इंडेक्स फंड में, एक चौथाई स्मॉल-कैप में और एक चौथाई फ्लेक्सी-कैप और मल्टी-कैप फंड में जाता है यानी उनके मासिक निवेश का आधा हिस्सा ऐसे फंड में जाता है, जो बाजार से बेहतर रिटर्न देने के बजाय बाजार के प्रदर्शन को फॉलो करने की रणनीति अपनाते हैं.

₹3.9 लाख से ₹40 लाख तक पहुंची सालाना सैलरी

Financialexpress की रिपोर्ट के मुताबिक, शुभ ने 2013 में एक भारतीय कंपनी से अपने करियर की शुरुआत की. उस समय उनका सालाना पैकेज 3.9 लाख रुपये था. इसके बाद 2015 में वह Google, Hyderabad पहुंचे, जहां उनका पैकेज बढ़कर 12 लाख रुपये हो गया. 2019 में उन्होंने Microsoft जॉइन किया और सालाना पैकेज 29 लाख रुपये तक पहुंच गया. 2026 में वह Salesforce में हैं और उनका सालाना पैकेज करीब 40 लाख रुपये है यानी 13 साल में उनकी सालाना कमाई 10 गुना से ज्यादा बढ़ी.

हालांकि, शुभ का कहना है कि सिर्फ कमाई बढ़ना ही उनकी वित्तीय प्रगति की वजह नहीं है. ज्यादा कमाई के साथ बचत और निवेश करना भी उतना ही जरूरी रहा.

बचपन से समझी पैसे की अहमियत

शुभ महाराष्ट्र के सतारा के रहने वाले हैं. उनके पिता स्कूल शिक्षक थे और मां घर संभालती थीं. वह बताते हैं कि उनके परिवार में बिना जरूरत पैसे खर्च करने की आदत नहीं थी. यहीं से उन्हें कम उम्र में पैसे की अहमियत समझ में आई. इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए वह पुणे आए और 2013 में डिग्री पूरी की. कॉलेज के दौरान उन्होंने निवेश नहीं किया, क्योंकि उस समय उनकी कमाई नहीं थी. नौकरी की पहली सैलरी मिलते ही उन्होंने उसका एक हिस्सा बचाना शुरू कर दिया.

कमाई बढ़ी, लेकिन खर्च को बेकाबू नहीं होने दिया

समय के साथ शुभ का खर्च भी बढ़ा है. वह अब करीब 14.4 लाख रुपये सालाना खर्च करते हैं. इसमें करीब 8.4 लाख रुपये किराया, राशन और रोजमर्रा की जरूरतों पर खर्च होते हैं, जबकि करीब 6 लाख रुपये ट्रेवल और शौक पर खर्च होते हैं.

हालांकि, उन्होंने अपनी लाइफस्टाइल को सैलरी की रफ्तार से नहीं बढ़ने दिया. यही वजह है कि उनकी बढ़ी हुई कमाई का एक हिस्सा लगातार बचत और निवेश में जाता रहा.

₹4 करोड़ की संपत्ति कहां लगी है?

शुभ की करीब 4 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति अलग-अलग निवेश और संपत्तियों में फैली हुई है.

निवेश/संपत्तिरकम
भारतीय म्यूचुअल फंड₹1.20 करोड़
अमेरिकी टेक्नोलॉजी RSUs₹1 करोड़
अमेरिकी डॉलर कैशकरीब ₹60-65 लाख
PF और NPS₹40 लाख
भारतीय शेयर₹25 लाख
अमेरिकी डायरेक्ट शेयर₹20 लाख
गोल्ड ETF₹15 लाख
सिल्वर ETF₹5 लाख
रुपये में कैश₹10 लाख
कुलकरीब ₹4 करोड़

अब ₹10 करोड़ का लक्ष्य, लेकिन यहां है एक बड़ा सवाल

शुभ का लक्ष्य अगले पांच साल में अपनी संपत्ति को 10 करोड़ रुपये तक पहुंचाना है. वह रिटायरमेंट के बाद करीब 12 लाख रुपये सालाना खर्च करना चाहते हैं. मौजूदा करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति के मुकाबले यह खर्च लगभग 3% निकासी दर के बराबर बैठता है. हालांकि, 4 करोड़ से 10 करोड़ रुपये तक पहुंचने का लक्ष्य अलग चुनौती पेश करता है. मौजूदा निवेश स्तर के साथ पांच साल में 10 करोड़ रुपये तक पहुंचने के लिए करीब 18% सालाना रिटर्न की जरूरत होगी.

रिपोर्ट में दिए गए हिसाब के मुताबिक, अगर रिटर्न 12% माना जाए तो यही रकम करीब 7.6 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है. वहीं, 12% रिटर्न पर पांच साल में 10 करोड़ रुपये तक पहुंचने के लिए करीब 3.67 लाख रुपये प्रति महीने निवेश करना होगा.

पोर्टफोलियो में अमेरिकी बाजार की बड़ी हिस्सेदारी

शुभ के पोर्टफोलियो में अमेरिकी बाजार से जुड़ा निवेश भी काफी बड़ा है. RSUs, अमेरिकी डायरेक्ट शेयर और डॉलर कैश को मिलाकर करीब 1.85 करोड़ रुपये,यानी उनकी कुल संपत्ति का लगभग 46%, अमेरिकी बाजार से जुड़ा है.

इसके साथ उनकी सैलरी भी इसी सेक्टर से आती है. शुभ खुद भी मानते हैं कि किसी एक कंपनी या निवेश पर बहुत ज्यादा निर्भर रहना सही नहीं है. उन्होंने कंपनी RSUs और व्यक्तिगत शेयरों में अपनी हिस्सेदारी को लेकर भी विचार करना शुरू किया है.

शुभ की कहानी से क्या समझ आता है?

शुभ की कहानी सिर्फ 4 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाने की नहीं है. इसमें उनकी सैलरी में लगातार बढ़ोतरी, कमाई के साथ बचत, नियमित निवेश और कर्ज से दूरी की बड़ी भूमिका रही है. उनके पास न घर का लोन है, न कार लोन और न किसी तरह की EMI. उनके पास करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति है और वह भविष्य में नौकरी से अलग होकर अपनी पसंद की जिंदगी जीना चाहते हैं.

इसे भी पढ़ें- यात्रीगण ध्यान दें: दिवाली पर मिल सकता है तोहफा, इस रूट पर दौड़ेगी Sleeper Vande Bharat

डिस्क्लेमर- यह खबर शुभ पाटिल की कहानी और उनके द्वारा साझा किए गए आंकड़ों पर आधारित है. निवेश से जुड़े किसी भी फैसले से पहले अपनी वित्तीय स्थिति और जोखिम क्षमता का आकलन करें.