रुपया फिर हुआ कमजोर, डॉलर के मुकाबले 34 पैसे टूटा; जानिए आपकी जेब पर क्या होगा असर

सोमवार को भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 34 पैसे कमजोर होकर 94.67 पर बंद हुआ. विदेशी बाजार में डॉलर की मजबूती और पश्चिम एशिया में जारी अनिश्चितता के कारण रुपये पर दबाव बना रहा. दिनभर के कारोबार में रुपया 94.24 से 94.76 के दायरे में रहा.

भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 34 पैसे कमजोर होकर 94.67 पर बंद हुआ. Image Credit: money9live.com

Rupee: सोमवार को भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर बंद हुआ. विदेशी बाजार में डॉलर की मजबूती और पश्चिम एशिया को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच रुपया 34 पैसे गिरकर 94.67 प्रति डॉलर पर पहुंच गया. दिनभर के कारोबार में रुपये में उतार- चढ़ाव देखने को मिला. हालांकि विदेशी निवेश और घरेलू स्तर पर कैश फ्लो से कुछ समर्थन मिला, लेकिन मजबूत डॉलर का दबाव अधिक रहा. बाजार की नजर अब वैश्विक घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों पर बनी हुई है.

दिन की शुरुआत से ही दबाव में रहा रुपया

इंटरबैंक फॉरेन करेंसी मार्केट में रुपया 94.42 के स्तर पर खुला. यह पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले 9 पैसे कमजोर था. कारोबार के दौरान रुपया 94.24 से 94.76 के दायरे में रहा. दिन के अंत में भारतीय करेंसी 34 पैसे की गिरावट के साथ 94.67 प्रति डॉलर पर बंद हुई. इससे पहले शुक्रवार को रुपया 7 पैसे मजबूत होकर 94.33 पर बंद हुआ था.

मजबूत डॉलर ने बढाया दबाव

विदेशी करेंसी कारोबारियों के अनुसार अमेरिकी डॉलर की मजबूती रुपये पर भारी पड़ी. डॉलर इंडेक्स 100.88 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख और वैश्विक अनिश्चितता के कारण डॉलर को सपोर्ट मिला. जब डॉलर मजबूत होता है तो उभरते बाजारों की करेंसी पर दबाव बढ़ जाता है. इसका असर भारतीय रुपये पर भी साफ दिखाई दिया.

यह भी पढ़ें- Gold-Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी, इतने रुपये बढ़ गए दाम

कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी

ग्लोबल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई. वायदा कारोबार में यह 1.75 फीसदी फिसलकर 79.16 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. आमतौर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भारत जैसे आयातक देशों के लिए राहत मानी जाती है. इससे विदेशी मुद्रा पर दबाव कुछ कम हो सकता है. हालांकि फिलहाल डॉलर की मजबूती का असर अधिक दिखाई दे रहा है.