चांदी हुई 3500 रुपये महंगी, सोने की कीमतों में मामूली इजाफा; जानें- 24 कैरेट वाले गोल्ड का आज क्या है भाव
'सोमवार को सोने का कारोबार स्थिर रहा और यह पिछले सत्र की सीमा के भीतर ही बना रहा, क्योंकि बाजार मिक्स वैश्विक संकेतों के बीच आगे बढ़ रहा था.' स्पॉट मांग में गिरावट के बीच, फ्चूचर कारोबार में सोने की कीमतें 349 रुपये गिरकर 1,52,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं.

सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चांदी की कीमतों में 3,500 रुपये की तेजी दर्ज की गई और इसके साथ ही यह 2.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि जौहरियों और खुदरा विक्रेताओं की नई खरीदारी के चलते सोने की कीमतें भी बढ़कर 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं. पिछली सत्र में चांदी 2,47,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत में 200 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई और यह 1,56,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर पहुंच गया.
क्यों महंगा हुआ सोना?
HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘सोमवार को सोने का कारोबार स्थिर रहा और यह पिछले सत्र की सीमा के भीतर ही बना रहा, क्योंकि बाजार मिक्स वैश्विक संकेतों के बीच आगे बढ़ रहा था.’ उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका-ईरान संबंधों को लेकर अनिश्चितता के बीच बाजार का रुख सतर्क बना रहा.
कूटनीतिक प्रयासों में सीमित प्रगति और नई बातचीत के लिए कोई स्पष्ट समय-सीमा न होने के कारण, कमोडिटीज और वित्तीय बाजारों में भू-राजनीतिक जोखिम प्रीमियम बना रहा.
स्पॉट गोल्ड और चांदी का भाव
इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड और चांदी दोनों ही मामूली गिरावट के साथ क्रमशः 4,704 डॉलर और 75.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहे थे.
स्पॉट गोल्ड में गिरावट की वजह
मीराए एसेट शेयरखान में कमोडिटीज के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ‘स्पॉट गोल्ड की कीमतों में गिरावट आई क्योंकि अमेरिका-ईरान वार्ता रुक गई, जिससे तेल की कीमतें बढ़ गईं और महंगाई की चिंताओं को हवा मिली.’
उन्होंने आगे कहा कि हालांकि, बाद में धातु की कीमतों में सुधार हुआ और यह 4,710 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर कारोबार कर रही थी. ऐसा उन खबरों के बीच हुआ जिनमें कहा गया था कि ईरान ने अमेरिका को होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने और संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक नया प्रस्ताव दिया है.
फ्चूचर कारोबार में सोने का भाव
सोमवार को स्पॉट मांग में गिरावट के बीच, फ्चूचर कारोबार में सोने की कीमतें 349 रुपये गिरकर 1,52,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर, जून डिलीवरी के लिए सोने के कॉन्ट्रैक्ट 349 रुपये, या 0.23 फीसदी की गिरावट के साथ, 1,119 लॉट के कारोबारी टर्नओवर में 1,52,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड हुए.
विश्लेषकों ने सोने की कीमतों में इस गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेतों को बताया. वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में सोने के फ्यूचर भाव 0.05 फीसदी गिरकर 4,711.98 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गए.