अमेरिका लाखों वीजा रद्द करने की कर रहा तैयारी, 200000 लोगों पर पड़ सकता है प्रभाव; जानें- किस पर पड़ेगा असर
गर ऐसा होता है, तो यह अमेरिकी इतिहास में एक साथ इतने सारे वीजा रद्द करने का सबसे बड़ा मामला होगा और इसे कानूनी चुनौतियों का सामना भी करना पड़ सकता है. ये वीजा उन लोगों को जारी किए गए थे जिन्होंने शरण मांगी है या अब शरण मांग रहे हैं.
Highlights
- फैसले को कानूनी चुनौतियों का सामना भी करना पड़ सकता है.
- वीज रद्द करने का फैसला अभी फाइनल नहीं हुआ है.
- ट्रंप ने तथाकथित 'बर्थ टूरिज्म' पर भी सख्ती करने का कदम उठाया है.
ट्रंप प्रशासन उन 2,00,000 तक विदेशियों के बिजनेस और टूरिस्ट वीजा रद्द करने की तैयारी कर रहा है, जिन्होंने अमेरिका में शरण (Asylum) के लिए आवेदन किया है या अभी शरण पाने की कोशिश कर रहे हैं. अगर ऐसा होता है, तो यह अमेरिकी इतिहास में एक साथ इतने सारे वीजा रद्द करने का सबसे बड़ा मामला होगा और इसे कानूनी चुनौतियों का सामना भी करना पड़ सकता है.
कब से कब तक के वीजा होंगे रद्द
‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को मिले स्टेट डिपार्टमेंट के दस्तावेजों और दो अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, अगर कोई चुनौती या बदलाव नहीं हुआ, तो स्टेट डिपार्टमेंट आने वाले हफ्तों में 2016 से 2026 के बीच जारी किए गए तथाकथित B1 और B2 वीजा को रद्द करने की घोषणा कर सकता है. ये वीजा उन लोगों को जारी किए गए थे जिन्होंने शरण मांगी है या अब शरण मांग रहे हैं. यह कार्रवाई डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के साथ मिलकर की जाएगी.
विदेशियों की पहचान की जा रही
स्टेट डिपार्टमेंट के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा, ‘हम DHS के साथ मिलकर उन विदेशियों की पहचान कर रहे हैं और उनके नॉन-इमिग्रेंट वीजा रद्द कर रहे हैं जो कम समय के लिए आने वाले विजिटर के तौर पर अमेरिका आए थे, लेकिन बाद में यहां हमेशा के लिए रहने के लिए असाइलम (शरण) की अर्जी दे दी.’
उन्होंने कितने वीजा रद्द किए जा सकते हैं, इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि क्योंकि यह प्रक्रिया जारी रहेगी, इसलिए रद्द किए जाने वाले वीजा की संख्या बदलती रहेगी और यह काम लगातार चलता रहेगा.
क्या लोगों को तुरंत निकाल दिया जाएगा?
अधिकारियों ने कहा कि वीजा रद्द होने का मतलब यह नहीं है कि उन्हें तुरंत देश से निकाल दिया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, जिन लोगों के असाइलम (शरण) के मामले अभी पेंडिंग हैं, उनमें से ज्यादातर लोगों की कैटेगरी बदली जाएगी, लेकिन वे बिजनेस या टूरिज्म के लिए यात्रा करने वालों का अपना स्टेटस खो देंगे. वीज रद्द करने का फैसला अभी फाइनल नहीं हुआ है.
ट्रंप प्रशासन ने दिखाई है सख्ती
पिछले साल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद से उनके प्रशासन ने वीजा आवेदकों पर पाबंदियां लगातार बढ़ाई हैं. जैसे कि उनसे सोशल मीडिया हिस्ट्री के बारे में अधिक जानकारी मांगना, वीजा प्रोसेसिंग के लिए महंगे बॉन्ड जमा करवाना और कुछ देशों के नागरिकों को वीजा जारी करने पर पूरी तरह रोक लगाना.
टूरिस्ट और बिजनेस वीजा का इस्तेमाल
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में डिप्टी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट क्रिस्टोफर लैंडौ ने उन लोगों की आलोचना की जो टूरिस्ट और बिजनेस वीजा का इस्तेमाल करके अमेरिका में घुसते हैं और फिर शरण (Asylum) के लिए आवेदन करते हैं.
लैंडौ ने X पर लिखा, ‘अमेरिका और पूरी दुनिया में लोग झूठे शरण दावों से परेशान हो चुके हैं. शरण का मकसद इमिग्रेशन कानूनों से बचने का कोई रास्ता निकालना नहीं है.’ लैंडौ ने कोलंबिया के एक नागरिक का उदाहरण दिया जो 2015 में टूरिस्ट वीजा पर अमेरिका आया था और फिर उसने शरण के लिए आवेदन किया था.
B1 और B2 वीजा
B1 वीजा आम तौर पर बिजनेस ट्रिप के लिए और B2 वीजा आम तौर पर टूरिज्म, परिवार से मिलने या मेडिकल इलाज के लिए जारी किए जाते हैं. दस्तावेजों या अधिकारियों से यह तुरंत साफ नहीं हो पाया कि इनमें से कितने वीजा होल्डर अमेरिका में शरण मांग रहे हैं या मांग चुके हैं और वीज़ा रद्द होने से प्रभावित होंगे.
B1 और B2 वीजा के मौजूदा आवेदकों से यह पुष्टि करने के लिए कहा जाता है कि वे अमेरिका में शरण के लिए आवेदन नहीं करेंगे और यह साबित करें कि उनका अपने देश लौटने का इरादा है.
1,75,000 लोगों के वीजा रद्द
पिछले 18 महीनों में स्टेट डिपार्टमेंट ने लगभग 1,75,000 लोगों के वीजा रद्द किए हैं, जो नशे में गाड़ी चलाने से लेकर रेप और डकैती जैसे अपराधों के दोषी या आरोपी रहे हैं, साथ ही उन लोगों के भी जिन्होंने अमेरिकी नीतियों, खासकर मिडिल ईस्ट में, के खिलाफ़ सार्वजनिक रूप से आवाज उठाई है.
बर्थ टूरिज्म पर भी सख्ती
प्रशासन ने तथाकथित ‘बर्थ टूरिज्म’ पर भी सख्ती करने का कदम उठाया है. प्रशासन का दावा है कि विदेशी गर्भवती महिलाएं बच्चे को जन्म देने के लिए अमेरिका आती हैं ताकि उनके बच्चे को जन्मसिद्ध नागरिकता (Birthright Citizenship) का फायदा मिल सके. ट्रंप ने कई बार जन्मसिद्ध नागरिकता को खत्म करने की कोशिश की है, लेकिन अदालतों ने, जिसमें सुप्रीम कोर्ट भी शामिल है, इन चुनौतियों को खारिज कर दिया है.
AP को मिले स्टेट डिपार्टमेंट के दस्तावेजों से पता चलता है कि मौजूदा B1 और B2 वीजा होल्डर्स की स्क्रीनिंग तब शुरू हुई जब स्टेट डिपार्टमेंट को सिटिज़न एंड इमिग्रेशन सर्विस से शरण के अनुरोधों के बारे में जानकारी मिली.
Latest Stories
Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस सस्पेंड, प्लेटफॉर्म पर बिक रहा था धतूरा
अमेरिका ने ईरान पर ‘इकोनॉमिक D-डे’ जैसे प्रतिबंधों का किया ऐलान, दुनिया भर के देशों से कहा तेहरान से तोड़ें नाता
कैरी बैग के पैसे लिए तो देना पड़ा 26 हजार का मुआवजा, जानें नियम
