वैश्विक उथल-पुथल के बीच फास्ट ट्रैक पर भारत, हर सेक्टर हुए ट्रांसफॉर्म, दुनिया देख रही है न्यू इंडिया- पीएम मोदी
पीएम ने कहा कि वैश्विक उथल-पुथल के बीच भारत ने अपनी प्रगति की गति बरकरार रखी है. बीते 23 दिनों का ब्योरा दूं तो पूर्व से लेकर पश्चिम और उत्तर से लेकर दक्षिण तक, देश में हजारों करोड़ के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का काम हुआ है. ये सारे कदम इस बात के प्रमाण हैं, कि विकसित भारत बनाने के लिए देश कितनी गति से काम कर रहा है.
WITT Summit 2026: TV9 नेटवर्क के ‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे समिट-2026’ के मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर सेक्टर में हो रहे विकास पर सभी का ध्यान आकर्षित किया. पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने हर सेक्टर को ट्रांसफार्म किया है. आज देश में 160 से ज्यादा एयरपोर्ट हैं. पहले भी योजनाएं बनती थीं, आज फर्क है कि परिणाम दिखता है. पहले गति धीमी थी, आज भारत फास्टट्रैक पर है. आज संकल्प सिद्धियों में बदल रहे हैं. दुनिया को भी ये संदेश मिल रहा है कि ये नया भारत है. दुनिया को पता है कि ये भारत अपने विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहा है.
भारत ने बरकरार रखी है अपनी प्रगति की रफ्तार
पीएम ने कहा कि वैश्विक उथल-पुथल के बीच भारत ने अपनी प्रगति की गति बरकरार रखी है. पीएम ने कहा कि 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद, बीते 23 दिनों का ब्योरा दूं तो पूर्व से लेकर पश्चिम और उत्तर से लेकर दक्षिण तक, देश में हजारों करोड़ के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का काम हुआ है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरिडोर का लोकार्पण, सिल्चर में हाई कॉरिडोर का शिलान्यास, कोटा में नए एयरपोर्ट का शिलान्यास, मदुरै एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा देना, ऐसे अनेक काम बीते 23 दिनों में ही हुए हैं.
कई स्कीम की हुई घोषणा
पीएम ने कहा कि बीते एक महीने के दौरान ही औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ‘भव्य स्कीम’ की मंजूरी दी गई है, जिसके तहत देश भर में 100 प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जाएंगे. देश में स्मॉल हाइड्रो पावर डेवलपमेंट स्कीम को भी हरी झंडी दी गई है. इसी दौरान जल जीवन मिशन को 2028 तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है. हमारे MSME, जो निर्यातक हैं, उनके लिए करीब 500 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की गई है. ये सारे कदम इस बात के प्रमाण हैं, कि विकसित भारत बनाने के लिए देश कितनी गति से काम कर रहा है.
हाईवे बनाने की रफ्तार बढ़ी
पीएम ने कहा कि पहले हाईवे 11-12 किलोमीटर की रफ्तार से बनते थे. आज भारत 30 किलोमीटर प्रतिदिन की स्पीड से हाईवे बना रहा है. पहले पोर्ट पर शिप का टर्नअराउंड टाइम 5 दिन था, अब वही काम 2 दिन में पूरा हो रहा है.
यूपी बना मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब
उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यूपी में कभी कट्टा मैन्युफैक्चरिंग की कहानियां कही जाती थीं. आज भारत मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग कर रहा है. पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि बंगाल में निर्मम सरकार है. टीवी9 बांग्ला के दर्शक जानते हैं कि निर्मम सरकार ने विकास और जनकल्याण पर रोक लगा रखी है.
पश्चिम बंगाल के विकास के लिए सरकार ने बड़ी मात्रा में निवेश किया है, लेकिन दुर्भाग्य से आज वहां एक ऐसी सरकार है जिसने ब्रेक लगा रखा है. पीएम सूर्यघर बिजली मुफ्त योजना जैसी कई योजनाओं पर ब्रेक लगाया है. विकास और जन कल्याण से ज्यादा निर्मम सरकार अपने राजनीतिक स्वार्थ को देख रही है.
