WITT के मंच से बोले पीएम मोदी- ‘हम भारत के साथ हैं, हम शांति के साथ हैं और संवाद के साथ हैं’

पीएम मोदी ने कहा कि आज जब दुनिया संघर्ष के कारण उलझी हुई है, पूरी दुनिया पर इसका असर दिख रहा है तब भारत और विश्व की बात करना बहुत प्रासंगिक है. आज भारत वो देश है जिसकी अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है.

TV9 नेटवर्क के 'व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे समिट-2026' के मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी.

WITT Summit 2026: TV9 नेटवर्क के ‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे समिट-2026’ के मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे. पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि टीवी9 नेटवर्क ने विचारों का बेहद महत्वपूर्व मंच बनाया है. मैं समिट के लिए बधाई देता हूं. आज जब दुनिया संघर्ष के कारण उलझी हुई है, पूरी दुनिया पर इसका असर दिख रहा है तब भारत और विश्व की बात करना बहुत प्रासंगिक है. आज भारत वो देश है जिसकी अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है.

दुनिया के देश हैरान

पीएम मोदी ने कहा, ‘जंग के दौरान भी भारत की नीति और रणनीति देखकर दुनिया के अनेक देश हैरान हैं. हमारे यहां कहावत है सांच को आंच नहीं.’

हम भारत के साथ हैं

ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के बीच पीएम मोदी ने कहा, ‘आज जब दुनिया इतने सारे खेमों में बंटी है, तब भारत ने अभूतपूर्व ब्रिज बनाए हैं. भारत सभी देशों का पार्टनर है. कुछ लोग पूछते हैं कि हम किसके साथ हैं, उनको मेरा जवाब है कि हम भारत के साथ हैं. हम शांति के साथ हैं. संवाद के साथ हैं.’

पीएम ने कहा कि राजनीति में जब व्यक्तिगत स्वार्थ आ जाता है तो लोग देश के बारे में नहीं सोचते. कांग्रेस सरकार के समय पेट्रोल की दिक्कत आई थी, लेकिन कांग्रेस को देश की नहीं सत्ता की चिंता थी. कांग्रेस ने ऑयल बॉन्ड जारी किए थे. अपनी सत्ता बचाने के लिए गलत निर्णय लिया था.

कांग्रेस के पाप को हमारी सरकार ने धोने का काम किया

पीएम मोदी ने कहा, ‘बीते 5-6 वर्षों में हमारी सरकार ने कांग्रेस के उस पाप (ऑयल बॉन्ड) को धोने का काम किया. इस ढुलाई का खर्च कम नहीं आया है. एक लाख 48 हजार करोड़ रुपये की जगह 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक का पेमेंट करना पड़ा. आजकल कांग्रेस के नेता बयानों की मिसाइल दाग रहे हैं, वो इस पर चुप हो जाते हैं.

ये समय संयम का है, संवेदनशीलता का है

उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं भी जंग हो इसका असर सभी पर पड़ता है. लेकिन राजनीतिक स्वार्थ से भरे कुछ लोग अपने लिए राजनीतिक अवसर खोज रहे हैं. इसलिए मैं टीवी9 के मंच से फिर कहूंगा कि ये समय संयम का है, संवेदनशीलता का है. कोरोना काल में भी देखा है, जब पूरा देश एकजुट होकर काम करता है तो परिणाम अच्छे होते हैं. ऐसे ही हमें वर्तमान हालात का सामना करना है.

भारत ने चुनौती को सफलता में बदला

पीएम मोदी ने कहा ‘कांग्रेस का काम हर सफलता पर सवाल खड़े करना. कोविड वैक्सीन पर भी सवाल खड़े किए गए. कांग्रेस का ये दुर्भाग्य और भारत का सौभाग्य रहा कि भारत ने चुनौती को सफलता में बदला. भारत डिजिटल पेमेंट में अग्रणी देश है. लोकतंत्र में विरोध जरूरी होता है लेकिन विरोध और विद्वेष के बीच एक रेखा होती है, देश को बदनाम करना ये कांग्रेस की नीयत पर सवाल खड़ करता है.’