24 घंटे में Air India की 7 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द, Indigo के फ्लाइट्स भी शामिल; देखें पूरी लिस्ट
17 जून को दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद एयरपोर्ट्स से उड़ान भरने वाली कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द या अस्थायी रूप से बंद कर दी गई. एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानों में आई इस गड़बड़ी के पीछे खराब मौसम, तकनीकी जांच और स्टाफ की कमी जैसे कारण बताए जा रहे हैं. देखें कौन सी उड़ानें हुई प्रभावित.
Air India flight cancellations June 17: भारत से और भारत आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 17 जून को भारी उथल-पुथल देखने को मिली. दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े एयरपोर्ट्स से उड़ान भरने वाली कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद्द कर दी गई या अस्थायी रूप से बंद कर दी गई. यात्रियों को अंतिम समय में नोटिफिकेशन मिलने, अल्टरनेटिव इंतजाम न होने और लंबा इंतजार करने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा.
इसमें एयर इंडिया की फ्लाइट्स के अलावा इंडिगो की कुछ प्लेन्स भी शामिल हैं. यह दिक्कत पिछले सप्ताह लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 की दुर्घटना के बाद और भी गहरा गया है. उस हादसे में सभी 241 यात्रियों की मौत हो गई थी. इसके बाद एयर इंडिया की तकनीकी जांच और उड़ान संचालन को लेकर निगरानी तेज कर दी गई है. जिसका असर उसकी फ्लाइट्स पर आए दिन दिख रही है.
क्या हुआ मंगलवार को?
मंगलवार को दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से उड़ान भरने वाली कम से कम 7 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स या तो पूरी तरह रद्द कर दी गईं या फिर अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं. वहीं एक फ्लाइट को तकनीकी कारणों से वापस लौटना पड़ा और एक दूसरी फ्लाइट को रास्ते में ही डायवर्ट किया गया. इसको लेकर एयर इंडिया ने 17 जून को शाम 4 बजकर 28 मिनट पर एक्स पर पोस्ट भी किया था. उसमें एयर इंडिया ने दिल्ली में खराब मौसम के कारण फ्लाइट ऑपरेशनंस प्रभावित होने की बात कही है. इसी के साथ एयर इंडिया ने सभी पैसेंजर्स से बोर्डिंग करने से पहले अपने फ्लाइट की स्टेटस चेक करने की भी अपील की है.
फ्लाइट नंबर | एयरलाइन | प्रस्थान स्थल | गंतव्य | समय | स्थिति |
---|---|---|---|---|---|
AI 915 | एयर इंडिया | दिल्ली | दुबई | 16:50 | रद्द |
AI 153 | एयर इंडिया | दिल्ली | विएना | 13:50 | रद्द |
AI 143 | एयर इंडिया | दिल्ली | पेरिस | 13:15 | रद्द |
AI 159 | एयर इंडिया | अहमदाबाद | लंदन | 13:10 | रद्द |
AI 165 | एयर इंडिया | दिल्ली | लंदन हीथ्रो | 15:10 | संचालन बंद |
J2 60 | अजरबैजान एयरलाइंस | मुंबई | बाकू | 02:25 | रद्द |
AI 170 | एयर इंडिया | लंदन गैटविक | अमृतसर | 20:25 | रद्द |
6E 2706 | इंडिगो | मस्कट | दिल्ली | 07:50 | नागपुर डायवर्ट |
AI 132 | एयर इंडिया | लंदन | बेंगलुरु | 12:35 | रद्द |
क्यों हो रही हैं उड़ानें रद्द?
दरअसल हालिया अहमदाबाद घटनाक्रम के बाद से ही एयर इंडिया की कई फ्लाइट्स को लेकर चेकिंग तेज हो गई है. उसी कड़ी में कई ड्रीमलाइनर विमानों में तकनीकी खामियों की आशंका है. AI171 हादसे के बाद ऑपरेशनल जांच और सुरक्षा मापदंडों को कड़ा कर दिया गया है. कुछ उड़ानों में स्टाफ और क्रू की उपलब्धता भी बाधा बन रही है. कुछ मामलों में विमान की उपलब्धता और मेंटेनेंस भी वजह रही है.
मालूम हो कि “रद्द” का मतलब है कि वह उड़ान उस दिन के कार्यक्रम से पूरी तरह हटा दी गई है, जबकि “संचालन बंद” का मतलब है कि उड़ान अस्थायी रूप से रोकी गई है, लेकिन आगे की जो भी शेड्यूल है वह बनी रहेगी. इससे इतर, दिल्ली एयरपोर्ट ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए खराब मौसम के कारण फ्लाइट्स को लेकर होने वाली देरी की बात कही है.
यात्रियों की परेशानी बढ़ी
आखिरी वक्त में फ्लाइट्स रद्द होने से विदेश यात्रा करने वाले कई यात्रियों को दिक्कत हुई. कस्टमर हेल्प डेस्क पर लंबी कतारें लगी रहीं और कई को नई बुकिंग या रिफंड पाने में भी मुश्किल आई. एयरलाइन की तरफ से वैकल्पिक उड़ानों की सीमित संख्या होने से भी असंतोष बढ़ा है.
ये भी पढे़ं- बिहार में बनेंगे 6 नए एयरपोर्ट, चुनाव से पहले सरकार ने दी मंजूरी; जानें- कौन से शहर हवाई मार्ग से जुड़ेंगे