12 फरवरी को भारत बंद, जानें स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ्तर खुलेंगे या रहेंगे बंद

12 फरवरी को देशभर में भारत बंद का असर देखने को मिल सकता है. ट्रेड यूनियनों, बैंक कर्मचारियों और किसान संगठनों ने नए लेबर कोड और प्रस्तावित भारत–अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में देशव्यापी हड़ताल बुलाया है. इस बंद से बैंकिंग, परिवहन, सरकारी दफ्तरों और कुछ राज्यों में स्कूल-कॉलेजों की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं.

Bharat Bandh 12 Feb 2026 Image Credit: TV9

Bharat Bandh 12 Feb 2026: 12 फरवरी यानी कल देश भर के कई संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है. बैंक कर्मचारी संगठनों से लेकर किसान संगठनों ने गुरुवार को देशव्यापी हड़ताल बुलायी है. न्यू लेवर कोड, प्रस्तावित India-USA Trade Deal, BV-GRG जैसे मुद्दों पर कर्मचारी संगठनों और किसानों के बीच नाराजगी है. इस बंद के कारण बैंकों, सरकारी दफ्तरों, ट्रांसपोर्ट सेक्टर और बाजारों पर असर पड़ने की संभावना है. इस हड़ताल और देशव्यापी बंद की वजह से कुछ राज्यों में हालात को देखते हुए स्कूल और कॉलेज भी बंद रह सकते हैं.

देशव्यापी बंदी की क्या है वजह?

भारत बंद 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच द्वारा बुलाया गया है. इनमें INTUC, AITUC, HMS, CITU, AIUTUC, TUCC, SEWA, AICCTU, LPF और UTUC शामिल हैं. यह हड़ताल नए लेबर कोड और प्रस्तावित भारत–अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में बुलायी गई है.

संगठनों का कहना है कि सरकार द्वारा लागू किए गए चार नए लेबर कोड से मजदूरों के अधिकार कमजोर हुए हैं. उनका आरोप है कि इन कानूनों से नौकरी की सुरक्षा घटेगी और कंपनियों के लिए कर्मचारियों को निकालना आसान हो जाएगा. इसके अलावा निजीकरण, न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा को लेकर भी कर्मचारी नाराज हैं.

ट्रेड यूनियनों की मुख्य मांगें क्या हैं?

ट्रेड यूनियनों की प्रमुख मांगों में चारों लेबर कोड को रद्द करना शामिल है. इसके अलावा वे ड्राफ्ट सीड बिल, बिजली संशोधन बिल और SHANTI एक्ट को वापस लेने की मांग कर रहे हैं. साथ ही मनरेगा को फिर से मजबूत करने और ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025’ को रद्द करने की भी मांग की गई है.

क्या स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे?

देशभर में स्कूल और कॉलेज बंद करने का कोई आधिकारिक आदेश नहीं है. हालांकि केरल, कर्नाटक और ओडिशा जैसे राज्यों में यदि स्थानीय संगठन बंद का समर्थन करते हैं या ट्रांसपोर्ट सर्विस बाधित होती हैं, तो कुछ शिक्षण संस्थान बंद रह सकते हैं. इसका कारण परिवहन व्यवस्था का प्रभावित होना है.

12 फरवरी को क्या बैंक बंद रहेंगे?

12 फरवरी को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कामकाज प्रभावित हो सकता है. बैंक कर्मचारी और अधिकारी यूनियनों ने हड़ताल में शामिल होने की घोषणा की है. हालांकि न तो बैंकों ने और न ही रिजर्व बैंक ने इसे आधिकारिक छुट्टी घोषित किया है, इसलिए ब्रांच खुली रह सकती हैं. हालांकि न्यू जेनरेशन प्राइवेट बैंक के कामकाज पर कोई असर नहीं होगा.

India–USA Trade Deal के विरोध में किसानों का समर्थन

किसान संगठनों जैसे संयुक्त किसान मोर्चा और ऑल इंडिया किसान सभा ने भारत बंद को पूरा समर्थन दिया है. किसान संगठनों का आरोप है कि प्रस्तावित भारत–अमेरिका व्यापार समझौता कृषि सेक्टर के हितों के खिलाफ है. उनका कहना है कि डेयरी उत्पादों, पशु आहार और खाद्य तेल जैसे आयात बढ़ने से देश के किसानों को भारी नुकसान हो सकता है. हालांकि कॉमर्स मिनिस्टर पीयूष गोयल ने आश्वासन दिया है कि इस डील से किसानों को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होगा.