वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में एंट्री, श्रेयस को मिली T20 की कमान, इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे के लिए टीम का ऐलान
भारत के इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए घोषित टी20 टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं. श्रेयस अय्यर को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है. युवा खिलाड़ी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का भरोसा जीता है.
Team India T20 Squad 2026 : भारतीय क्रिकेट में बदलाव की नई हवा देखने को मिली है. चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए T20 टीम की घोषणा करते हुए श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया है. उन्होंने सूर्यकुमार यादव की जगह टीम की कमान संभाली है. वहीं, राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है. महज 15 साल की उम्र में टीम इंडिया में जगह बनाकर उन्होंने इतिहास रच दिया है.
श्रेयस अय्यर को मिली कप्तानी की जिम्मेदारी
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बताया कि टी20 विश्व कप 2028 को ध्यान में रखते हुए टीम भविष्य की तैयारी कर रही है. श्रेयस अय्यर ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स को 2024 में चैंपियन बनाया था, जबकि 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया. उनके नेतृत्व और लगातार अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें कप्तानी सौंपी गई है.
अगरकर ने कहा कि सूर्यकुमार यादव ने कप्तान के रूप में अच्छा काम किया, लेकिन पिछले दो वर्षों में उनकी बल्लेबाजी फॉर्म में गिरावट देखने को मिली, जिसके कारण चयनकर्ताओं ने बदलाव का फैसला किया.
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास
बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस दौरे के सबसे बड़े आकर्षण हैं. उन्होंने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी. इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए तथा 237.30 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की.
15 साल 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाकर वैभव भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं. उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पदार्पण किया था.
तिलक वर्मा बने उपकप्तान, बुमराह को आराम
चयनकर्ताओं ने युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को टीम का उपकप्तान बनाया है. अजीत अगरकर का मानना है कि तिलक भविष्य में नेतृत्व की भूमिका निभा सकते हैं और श्रेयस अय्यर के साथ काम करके काफी सीखेंगे.
स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे से आराम दिया गया है. हालांकि वह सितंबर में होने वाले Asia Game के लिए टीम में वापसी करेंगे. टीम मैनेजमेंट आगामी टेस्ट और वनडे विश्व कप को देखते हुए बुमराह की फिटनेस को प्राथमिकता देना चाहता है.
हार्दिक बाहर, प्रिंस यादव और हर्षित राणा की वापसी
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को किसी भी टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया है. चयनकर्ताओं का कहना है कि फिलहाल उनका फोकस हार्दिक को वनडे क्रिकेट के लिए फिट रखना है.
वहीं, आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को पहली बार मौका मिला है. चोट के कारण आईपीएल से बाहर रहने वाले हर्षित राणा की भी भारतीय टीम में वापसी हुई है.
इंग्लैंड-आयरलैंड T20 सीरीज के लिए भारत की टीम
| खिलाड़ी |
|---|
| श्रेयस अय्यर (कप्तान) |
| वैभव सूर्यवंशी |
| अभिषेक शर्मा |
| संजू सैमसन |
| ईशान किशन |
| शिवम दुबे |
| तिलक वर्मा (उपकप्तान) |
| नितीश कुमार रेड्डी |
| अक्षर पटेल |
| वॉशिंगटन सुंदर |
| वरुण चक्रवर्ती |
| रवि बिश्नोई |
| मोहम्मद सिराज |
| हर्षित राणा |
| अर्शदीप सिंह |
| प्रिंस यादव |
भारत की टीम 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगी. इसके बाद 1 जुलाई से 11 जुलाई तक इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सिरीज में हिस्सा लेगी. सभी की निगाहें नए कप्तान श्रेयस अय्यर और वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी.
Latest Stories
मानसून पहुंचा गोवा-कर्नाटक, अब दिल्ली, यूपी समेत इन 8 राज्यों की बारी; जानें कब देगा दस्तक
Monsoon 2026: भारत में मानसून की एंट्री, अगले 2-3 दिनों में इन राज्यों में होगी बारिश
उत्तर भारत में राहत की बारिश, लेकिन आंधी-तूफान का खतरा बरकरार; जानें दिल्ली, यूपी, बिहार समेत देशभर के राज्यों का मौसम हाल
