यूपी-बिहार में झमाझम बारिश का अलर्ट, राजस्थान में आंधी का खतरा; जानें किन राज्यों में बदलेगा मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Indranil Aditya/NurPhoto via Getty Images

KYA HAI MAUSAM KA HAL: अगर आप उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान या हरियाणा में रहते हैं तो मौसम से जुड़ी यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है.

यूपी और बिहार में बारिश-आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने 13 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का भी अनुमान है. बिहार में भी 13 जून को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम खराब हो सकता है. विभाग के अनुसार खराब मौसम के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटने, बिजली और संचार लाइनों को नुकसान पहुंचने तथा फसलों पर असर पड़ने की आशंका है.

दिल्ली-एनसीआर में चार दिन तक राहत

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भी फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है. 13 जून को हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 13 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 14 और 15 जून को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि 16 जून को तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

राजस्थान में तेज आंधी और तूफानी हवाओं की चेतावनी

राजस्थान में भी मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है. पश्चिमी राजस्थान में 13 जून तथा पूर्वी राजस्थान में 13 और 14 जून को 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर आंधी और ओलावृष्टि की भी संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है.

क्यों बदला मौसम?

आईएमडी के अनुसार उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ, हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और पाकिस्तान से लेकर बांग्लादेश तक फैले ट्रफ के कारण उत्तर भारत में मौसम सक्रिय बना हुआ है. यही वजह है कि कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल रहा है.

इसे भी पढ़ें- RBI का नया नियम बदल देगा लोन का खेल! 730 से कम CIBIL वालों की बढ़ सकती है टेंशन, चेक करें डिटेल्स