अब ट्रेन में बिना टिकट यात्रा पर दोगुना देना होगा जुर्माना, 13 साल बाद बदले नियम; जान लें नया नियम
भारतीय रेलवे ने 1 जुलाई 2026 से बिना टिकट यात्रा करने पर न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया है. इसके साथ यात्री को किराया और दूसरे शुल्क भी देना होगा. जुर्माना नहीं भरने पर अदालत के जरिए वसूली, 6 महीने तक की जेल या अतिरिक्त जुर्माने का प्रावधान भी लागू रहेगा.

Indian Railways New Rule: अगर आप ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करते हैं या वैध टिकट के बिना सफर करने की कोशिश करते हैं, तो अब पहले से दोगुना जुर्माना देना होगा. भारतीय रेलवे ने 01 जुलाई 2026 से बिना टिकट यात्रा करने पर लगने वाली न्यूनतम पेनल्टी 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दी है. रेलवे का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना और रेल सेवाओं को बेहतर बनाना है.
रेल मंत्रालय ने गजट नोटिफिकेशन में बताया कि जन विश्वास (संशोधन प्रावधान) अधिनियम, 2026 के तहत रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 137 और 138 में संशोधन लागू कर दिया गया है. इसके तहत 1 जुलाई 2026 से नया जुर्माना लागू होगा.
क्या बदला है?
पहले बिना टिकट यात्रा करने पर न्यूनतम 250 रुपये का जुर्माना लगता था. अब इसे बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है. इसके अलावा यात्री को तय किराया और दूसरी लागू शुल्क भी चुकाने होंगे.
किन मामलों में लगेगा जुर्माना?
रेलवे के अनुसार, ये नियम उन यात्रियों पर लागू होगा जो—
- बिना टिकट ट्रेन में सफर करते हैं.
- इस्तेमाल किया हुआ टिकट दोबारा इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं.
- वैध पास या टिकट के बिना ट्रेन के डिब्बे में यात्रा करते हैं.
जुर्माना नहीं भरने पर क्या होगा?
अगर कोई यात्री किराया और जुर्माना देने से इनकार करता है, तो रेलवे अधिकृत अदालत का दरवाजा खटखटा सकता है. अदालत के आदेश के बाद राशि वसूली जाएगी. भुगतान नहीं करने पर 6 महीने तक की जेल, 500 रुपये तक का अतिरिक्त जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है.
रेलवे ने क्यों लिया फैसला?
रेलवे के मुताबिक, बिना टिकट यात्रा रोकने और ट्रेनों के सुचारु संचालन के लिए यह कदम उठाया गया है. रेलवे लगातार यात्रियों से वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने की अपील करता रहा है. आंकड़ों के मुताबिक, मई 2026 में सिर्फ सेंट्रल रेलवे ने 4.96 लाख बिना टिकट यात्रियों से 40.85 करोड़ रुपये की वसूली की थी. यही वजह है कि अब नियम और सख्त कर दिए गए हैं.
इसे भी पढ़ें- गाड़ी के पुर्जे बनाने वाली इन 3 कंपनियों पर रखें नजर, ऑटो सेक्टर की रफ्तार से चमक सकते हैं स्टॉक