UP-Bihar में लू, दिल्ली में आंधी-बारिश का अलर्ट; जानें अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम
देशभर में मौसम तेजी से बदलने वाला है. 23 जून तक मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना और विदर्भ में अभी भी लू का असर बना रहेगा.

Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून 23 जून के आसपास महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थिति में है, तो दूसरी ओर कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और लू का असर एक साथ देखने को मिलेगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 से 26 जून के लिए कई राज्यों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है.
23 जून तक इन राज्यों में आगे बढ़ सकता है मानसून
IMD के मुताबिक, मौसम की स्थितियां दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं. 23 जून के आसपास मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है.
इन राज्यों में होगी भारी से बहुत भारी बारिश
20 से 26 जून के बीच पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. 20 और 21 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा ओडिशा, बिहार, झारखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में भी अलग-अलग दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई जगह हवा की रफ्तार 60 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की भी संभावना है.
इन राज्यों में अभी भी लू का असर
बारिश के बीच भी कई राज्यों में गर्मी का सितम जारी रहेगा. IMD ने 20 से 25 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लू चलने की चेतावनी दी है. वहीं बिहार और तेलंगाना में 21 जून तक, जबकि कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 20 जून को हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.
दिल्ली-एनसीआर को मिलेगी राहत
दिल्ली-एनसीआर में 20 से 22 जून के बीच आंशिक बादल छाए रहेंगे. इस दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. झोंकों की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 22 जून तक अधिकतम तापमान घटकर 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक आने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें- मल्टीबैगर रिटर्न देने वाली इन 3 कंपनियों पर रखें नजर, 5 साल में 725% की तेजी, दमदार है ग्रोथ प्लान, फिर दौड़ेंगे ये शेयर?