PM Kisan 23rd Installment: 20 जून को किसानों के खाते में आएंगे 2000 रुपये, जानें पात्रता और eKYC की पूरी जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को PM किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे. इसके तहत 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18880 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे. योजना के तहत पात्र किसानों को हर चार महीने में 2000 रुपये और सालाना 6000 रुपये मिलते हैं.

PM Kisan 23rd Installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों के लिए अच्छी खबर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर क्षेत्र के दौरे के दौरान PM किसान योजना की 23वीं किस्त जारी कर सकते हैं. इस किस्त के तहत देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में 2000 रुपये की राशि सीधे भेजी जाएगी. केंद्र सरकार का कहना है कि इस बार करीब 9.44 करोड़ किसानों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से लाभ मिलेगा.
पश्चिम बंगाल के किसानों को मिलेगा 907 करोड़ रुपये
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, पश्चिम बंगाल के 45.35 लाख से अधिक किसानों को इस किस्त के तहत करीब 907 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा. योजना की शुरुआत से अब तक राज्य के किसानों को 15055 करोड़ रुपये से अधिक की अमाउंट ट्रांसफर की जा चुकी है. सरकार का कहना है कि इससे किसानों की इनकम को मजबूती मिली है.
देशभर में 18880 करोड़ रुपये होंगे ट्रांसफर
सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 23वीं किस्त के तहत देशभर के किसानों के खातों में लगभग 18880 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे. यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा होगी. PM किसान योजना के तहत किसानों को हर साल 6000 रुपये दिए जाते हैं, जो 2000 रुपये की तीन समान किस्तों में जारी किए जाते हैं. यह राशि हर चार महीने के अंतराल पर किसानों को मिलती है.
4.46 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का पेमेंट
PM किसान योजना वर्ष 2019 में शुरू की गई थी. अब तक 22 किस्तों के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता राशि दी जा चुकी है. 23वीं किस्त जारी होने के बाद कुल पेमेंट 4.46 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर जाएगा.
eKYC और बैंक डिटेल जरूरी
सरकार ने साफ किया है कि PM किसान योजना की किस्त प्राप्त करने के लिए किसानों का eKYC पूरा होना जरूरी है. जिन किसानों ने अभी तक eKYC नहीं कराया है, उनकी किस्त अटक सकती है. इसके अलावा बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और बैंक डिटेल सही होना चाहिए. किसान PM किसान पोर्टल या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर eKYC की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- उत्तर भारत को गर्मी से मिलेगी राहत! इन राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, जानें कहां कैसा रहेगा हाल
प्रधानमंत्री करेंगे किसानों से बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम के दौरान देशभर के किसानों से वर्चुअल बातचीत भी करेंगे. साथ ही कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन, सड़क और रेलवे क्षेत्र से जुड़ी कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी.