IPO मार्केट में अगले हफ्ते रहेगी हलचल, 4 कंपनियों में मिलेगा दांव लगाने का मौका, 3 की होगी लिस्टिंग; जानें डिटेल

अगले सप्ताह IPO मार्केट में मेनबोर्ड सेगमेंट भले ही शांत रहे, लेकिन SME सेगमेंट में जबरदस्त हलचल देखने को मिलेगी. 17 जून से Clay Craft India, Diksha Polymers, Liotech Industries और Leapfrog Engineering Services अपने IPO खोलने जा रही हैं. वहीं Utkal Speciality, Susan Electricals India और Horizon Reclaim India के शेयरों की लिस्टिंग भी होने वाली है.

आईपीओ Image Credit: ai/canva

Upcoming IPO: भारतीय IPO मार्केट में अगले सप्ताह निवेशकों को मेनबोर्ड सेगमेंट में कोई नया मौका नहीं मिलेगा, लेकिन SME सेगमेंट में हलचल तेज रहने वाली है. 17 जून से शुरू होने वाले सप्ताह में चार SME कंपनियां अपने IPO लेकर बाजार में उतरेंगी. इनमें Clay Craft India, Diksha Polymers, Liotech Industries और Leapfrog Engineering Services शामिल हैं. इसके अलावा Utkal Speciality, Susan Electricals India और Horizon Reclaim India के शेयरों की लिस्टिंग भी अगले सप्ताह होने वाली है. हाल के महीनों में SME IPO को निवेशकों से बेहतर रिस्पॉन्स मिला है. कई कंपनियों के इश्यू को मजबूत सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ है, जिसके चलते निवेशकों की नजर अब अगले सप्ताह खुलने वाले नए इश्यू पर टिकी हुई है.

Clay Craft India जुटाएगी 110.11 करोड़ रुपये

सिरेमिक टेबलवेयर और क्रॉकरी प्रोडक्ट बनाने वाली Clay Craft India का IPO 17 जून को खुलेगा और 19 जून तक निवेशक इसमें अप्लाई कर सकेंगे. कंपनी इस इश्यू के जरिए 110.11 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. IPO का प्राइस बैंड 193 रुपये से 203 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है, जिसके तहत 54.24 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे.

कंपनी इस पूंजी का उपयोग राजस्थान के मांडा में एक नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी. कंपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सिरेमिक प्रोडक्ट की सप्लाई करती है.

Diksha Polymers का 17.90 करोड़ रुपये का इश्यू

प्लास्टिक पैकेजिंग बनाने वाली Diksha Polymers भी 17 जून से 19 जून के बीच अपना IPO खोलेगी. कंपनी का इश्यू मूल्य 112 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. कंपनी इस IPO के माध्यम से 17.90 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. प्राप्त राशि का उपयोग कर्ज चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा. Diksha Polymers PET बोतलों, कंटेनरों और PET प्रीफॉर्म का निर्माण करती है. इसके उत्पाद खाद्य तेल, पेय पदार्थ और अन्य उपभोक्ता उत्पादों की पैकेजिंग में व्यापक रूप से इस्तेमाल होते हैं.

Liotech Industries लाएगी 36.02 करोड़ रुपये का IPO

हार्डवेयर स्ट्रक्चर और एक्सेसरीज बनाने वाली Liotech Industries का IPO भी 17 जून से 19 जून तक खुला रहेगा. कंपनी का यह इश्यू 36.02 करोड़ रुपये का है. इस IPO में 28.89 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 7.13 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल प्रमोटरों द्वारा लाया जाएगा. कंपनी ने शेयर का मूल्य 321 रुपये प्रति शेयर तय किया है. जुटाई गई राशि का उपयोग नई मशीनरी खरीदने, कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा.

Leapfrog Engineering Services जुटाएगी 88.51 करोड़ रुपये

अगले सप्ताह आने वाले प्रमुख SME IPO में Leapfrog Engineering Services भी शामिल है. कंपनी अपने IPO के जरिए कुल 88.51 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है. इस इश्यू में 79.60 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 8.91 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है. IPO 17 जून से 19 जून तक खुला रहेगा. कंपनी इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट, कंस्ट्रक्शन और कमीशनिंग सर्विस प्रदान करती है. इसका विशेष फोकस इलेक्ट्रिकल सिस्टम, फायर सेफ्टी, इंस्ट्रूमेंटेशन, मॉड्यूलर सबस्टेशन और ऑटोमेशन सॉल्यूशंस पर है. IPO से प्राप्त राशि का उपयोग नई असेंबली यूनिट स्थापित करने और सामान्य कॉरपोरेट कार्यों में किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: 5 दिनों में ₹4870 सस्ता हुआ सोना, चांदी में ₹1500 की गिरावट, खरीदारी से पहले जान लें अपने शहर के ताजा रेट

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.