Kyro Capital ने लॉन्च किया ₹100 करोड़ का फंड, 3 साल में इश्यू लाने वाली कंपनियों को मिलेगा फायदा
भारत में IPO बाजार की तेजी के बीच Kyro Capital ने ₹100 करोड़ के नए प्राइवेट इक्विटी फंड की घोषणा की है. Kyro India Opportunities Fund-I उन तेजी से बढ़ती और मुनाफे वाली भारतीय कंपनियों में निवेश करेगा, जो अगले 24 से 36 महीनों में शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही हैं.

भारतीय शेयर बाजार में आईपीओ के सुस्त बाजार के बीच फाइनेंशियल सर्विसेज ग्रुप कायरो कैपिटल (Kyro Capital) ने सोमवार को एक बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने ₹100 करोड़ के एक नए प्राइवेट इक्विटी फंड की घोषणा की है, जिसका सीधा मकसद देश की उन उभरती कंपनियों में निवेश करना है जो आने वाले समय में अपना आईपीओ लाने की मजबूत तैयारी में हैं.
क्या है इस फंड की खासियत?
इस फंड को ‘कायरो इंडिया अपॉर्चुनिटीज फंड – I’ (Kyro India Opportunities Fund – I) नाम दिया गया है. यह सेबी (SEBI) के पास कैटेगरी-II वैकल्पिक निवेश फंड (AIF) के रूप में रजिस्टर्ड है. इसका मैनेजमेंट कायरो कैपिटल की निवेश शाखा ‘कायरो एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड’ संभालेगी.
यह फंड उन मुनाफे वाली और तेजी से बढ़ती भारतीय कंपनियों पर दांव लगाएगा, जो अगले 24 से 36 महीनों (2 से 3 साल) के भीतर शेयर बाजार में लिस्ट होने का साफ रास्ता रखती हैं.
इन सेक्टर्स पर रहेगा फोकस
फंड मुख्य रूप से देश के भविष्य को बदलने वाले मजबूत सेक्टर्स में निवेश करेगा, जिनमें शामिल हैं:
- एनर्जी और पावर: रिन्यूएबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा) और एनर्जी स्टोरेज सेक्टर.
- एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग: एयरोस्पेस और डिफेंस सप्लाई चेन से जुड़ी कंपनियां.
- कंज्यूमर और FMCG: रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान बनाने वाली कंपनियां.
यह भी पढ़ें: ₹38000 करोड़ वैल्यूएशन वाली Zepto को बड़ा झटका, IPO से पहले अनलिस्टेड शेयर 30% टूटे; ऐसा क्यों?
5 साल का होगा कार्यकाल
कायरो कैपिटल और कायरो एसेट मैनेजमेंट के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर, अमन माहेश्वरी ने कहा कि इस फंड का उद्देश्य भारत की ग्रोथ-स्टेज कंपनियों को संस्थागत मजबूती देना है. उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि आज दुनिया में सबसे बेहतरीन अवसर यहीं भारत में हैं. खासकर उन कंपनियों में जो चुपचाप और मुनाफे के साथ उन सेक्टर्स में बढ़ रही हैं, जो देश का भविष्य बना रहे हैं.”
इस फंड का टेन्योर 5 साल का होगा, जिसे जरूरत पड़ने पर अगले 2 सालों के लिए और बढ़ाया जा सकता है. कंपनी का टारगेट इस प्री-IPO स्ट्रेटेजी के जरिए निवेशकों को 35 फीसदी का शानदार आईआरआर (IRR) यानी रिटर्न देना है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.